कमाई के मामले में 'क्या कूल हैं हम 3' हुई धड़ाम
पिछले कई महीने से अपने अश्लील दृश्यों की वजह से चर्चाएं बटोरने वाली 'क्या कूल हैं हम 3' को दर्शकों ने कमाई के मामले में जमीन दिखा दी है। 'क्या कूल हैं हम 3' ने अपने पहले पोस्टर रिलीज के साथ ही सुर्खियां बटोरनी शुरू कर दी थीं। इसके वजह है फिल्म का बोल्ड कटेंट। फिल्म में अश्लील दृश्यों और दो-अर्थों वाले संवादों की भरमार है।
ऐसा पहला बार हुआ है जब किसी फिल्म को पोर्न कॉमेडी कहा गया है। तुषार कपूर और आफताब शिवदासानी की मुख्य भूमिकाओं वाली इस फिल्म से तमाम आलोचनाओं के बावजूद निर्माताओं को बढिया कमाई की उम्मीद थी।
समीक्षकों ने इस फिल्म की खूब धज्जियां उडाईं। इसके बावाजूद फिल्म ने पहले दिन 6.72 करोड़ की कमाई की। (बॉलीवुड मूवीरिव्यूज के अनुसार)। इस कमाई को इसलिए भी शानदार माना गया क्योंकि फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर टक्कर अक्षय कुमार की 'एयरलिफ्ट' से थी।
फिल्म के निर्माताओं को शुक्रवार की कमाई को देखते हुए छुट्टी के दिनों (शनिवार, इतवार) में काफी उम्मीदें थी। लेकिन दर्शकों ने बता दिया कि सिर्फ अश्लीलता से फिल्म नहीं चलती। पहले दिन के बाद फिल्म की कमाई बढ़ने की जगह घटती गई।
इतवार को लगा 'क्या कूल हैं हम 3' को धक्का
'क्या कूल हैं हम 3' ने रिलीज के दूसरे दिन (शनिवार) 5.21 करोड़ की कमाई की। ये पहले दिन के मुकाबले कम रही। वहीं तीसरे दिन फिल्म ने 6.01 करोड़ की कमाई की। फिल्म ने पहले वीकएंड 17.94 करोड़ की कमाई की। आमतौर पर देखा जाता है पहले दिन के मुकाबले फिल्म की कमाई शनिवार और इतवार को बढ़ती है। लेकिन अश्ललीलता के दम पर फिल्म को चलाने की कोशिश को दर्शकों ने छुट्टी के दिनों में जमीन दिखा दी है।
वहीं इस शुक्रवार को रिलीज हुई अक्षय कुमार की एयरलिफ्ट ने पहले वीकएंड पर 44.30 करोड़ की कमाई की है। फिल्म ने शुक्रवार को 12.35 करोड़, शनिवार को 14.60 और इतवार में 17.35 करोड़ की कमाई की।
दर्शकों के झुकाव को एयरलिफ्ट की तरफ देखते हुए अब 'क्या कूल हैं हम 3' से फिल्मी पंडित बहुत ज्यादा उम्मीद नहीं कर रहे हैं। इतवार के बाद वर्किग डे शुरू होने पर फिल्म की कमाई में तगड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है।