कपिल शर्मा के कॉमेडी शो की 'बुआ' पर चोरी का आरोप
ऐसा भी होता है। शुक्रवार को रिलीज हो रही फिल्म चोरबाजारी के लेखक-ऐक्टर अंकित नारायण की मानें तो लंबे समय से कपिल की कॉमेडी नाइट्स में बुआ के रूप में हिट उपासाना सिंह का यह आइडिया चोरी का है।
नारायण के अनुसार उपासना जिस रोल को कपिल के शो में करके लोकप्रिय हुई हैं, वह वास्तव में इस फिल्म के लिए लिखा गया था। फर्क यह है कि फिल्म में उपासना को बुआ के बजाय हीरो की मां बनाया गया था।
नारायण के अनुसार, ‘उपासना के हाव-भाव, टूटी फूटी अंग्रेजी और हमेशा ऊल-जुलूल बर्ताव करना फिल्म के उनके किरादर में था। सब कुछ ठीक चल रहा था, मगर तभी फिल्म की शूटिंग कुछ दिनों के लिए आगे बढ़ गई।'
उसके बाद हुआ ये कारनामा
इस बीच उपासना कपिल के शो में काम करने लगीं। कुछ दिनों बाद हमने पाया कि जो किरदार हमने उपासना के लिए गढ़ा था, वह कपिल के शो में वैसी ही बन कर आ रह हैं।
उनका अंदाज और बातें फिल्म वाली हैं। हालांकि यह बात अलग है कि उपासना ने इस शो में काम करते हुए फिल्म नहीं छोड़ी और हीरो की मां के रूप में दिखेंगी। मगर उन्होंने एक फिल्म का किरदार कॉमेडी शो में डालकर नैतिक रूप से गलत काम किया है।’
नारायण का कहना है कि कपिल के शो के बाद उन्हें उपासना के फिल्म के किरदार में कई परिवर्तन करने पड़े, जिससे वह बड़े पर्दे पर छोटे पर्दे की नकल जैसी न दिखाई दें।