{"_id":"26b7b98e8e23805dede58b38b2d3bad4","slug":"kamal-hasan-sarika-hasan","type":"story","status":"publish","title_hn":"कमल हसन पर उनकी पूर्व पत्नी चुप क्यों?","category":{"title":"Entertainment Archives","title_hn":"एंटरटेनमेंट आर्काइव","slug":"entertainment-archives"}}
कमल हसन पर उनकी पूर्व पत्नी चुप क्यों?
अमर उजाला मुंबई/रवि बुले
Updated Mon, 18 Nov 2013 11:33 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कमल हसन की पूर्व पत्नी सारिका उन पर खामोश ही रहना चाहती हैं। आखिर इसके पीछे वजह क्या है?
विज्ञापन
सारिका एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उनकी फिल्म ‘क्लब 60’ अगली महीने रिलीज होने को तैयार है। वहीं उनके द्वारा पूर्व पति कमल हासन पर एक किताब लिखने की भी चर्चाएं हो रही हैं। लेकिन सारिका इस बात को खारिज करती हैं।
बीती 7 नवंबर को जब शानदार अभिनेता कमल हासन का जन्मदिन था तो एक खबर अचानक सुर्खियों में आई कि उनकी पूर्व पत्नी सारिका ने एक किताब लिखी है। जिसमें कमल के साथ उनके डेढ़ दशक के वैवाहिक जीवन की बातें दर्ज हैं। 59 साल के हुए कमल ने जन्मदिन पर दरियादिली दिखाते हुए अपने प्रशंसकों को साइकलें और सिलाई मशीनें भेंट की और कुछ लेखकों को जिंदगी पर किताबें लिखने की भी इजाजत दी।
विज्ञापन
परंतु सारिका द्वारा लिखी गई किताब को कमल हासन ने प्रकाशित होने से रोक दिया! जबकि इस किताब को कई प्रकाशक हाथोंहाथ लेने को तैयार हैं। बताया गया कि कमल ने अपने नजदीकियों से कहा कि मेरी जिंदगी काफी विवादास्पद (रंगीन...?) है और मैं नहीं चाहता कि वह सबके सामने आए। खास तौर पर मेरी बेटियों के।
विज्ञापन
लेकिन सच्चाई यह है कि कमल के साथ वैवाहिक जीवन को लेकर सारिका द्वारा किताब लिखने की खबर में कोई दम नहीं है। यह सरासर गलत है। अपने जीवन में सदैव गरिमा और गंभीरता बनाए रखने वाली अभिनेत्री सारिका ने खुद यह बात कही है।
चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में फिल्मी कैरियर शुरू करने वाली सारिका हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के ऐसे कलाकारों में हैं, जिन्होंने फिल्मों से बाहर कभी कोई सपना नहीं देखा। पचास वर्ष से अधिक के जीवन में वह सौ से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुकी हैं। तमाम भूमिकाओं के लिए उन्हें प्रशंसा और प्यार मिला है। छह दिसंबर को उनकी फिल्म ‘क्लब 60’ रिलीज होने वाली है, जिसमें वह ऐक्टर फारुख शेख के साथ नजर आएंगी।
सारिका अपने वक्त की सबसे तरक्कीपसंद अभिनेत्रियों में रही हैं और उन्होंने कमल हासन के साथ करीब 16 साल बिताए। दोनों ने अपनी पहली बेटी श्रुति के जन्म (1986) के बाद 1988 में विवाह किया और उनकी दूसरी बेटी अक्षरा का जन्म 1991 में हुआ।
लेकिन 2004 में सारिका ने कमल हासन से अलग हो जाने का फैसला किया। सारिका ने अपने इस फैसले को लेकर हमेशा गरिमामय चुप्पी साधे रखी और सार्वजनिक जीवन में कभी कुछ नहीं कहा। न कमल के साथ विवाह के दिनों को लेकर और न ही उनसे तलाक को लेकर। लेकिन उनके किताब लिखने की बात ने सबको चौंका।
अब सारिका का कहना है, ‘मैंने कोई भी किताब नहीं लिखी। यह बहुत ही बेहूदा खबर है। जिस इंसान ने विवाह और तलाक के बारे में कभी जिंदगी में मुंह नहीं खोला, वह किताब लिखेगी... यह बहुत ही बेकार बात है।’ सारिका अपने पक्ष को और मजबूती देते हुए कहती हैं, ‘हर इंसान की एक फितरत होती है। जो उसके व्यवहार में हमें दिखाई देती है। आज तक को मैंने एक लफ्ज तक नहीं कहा। किताब क्या लिखूंगी...!’
वह हंसते हुए कहती हैं, ‘अभी इतने बुरे दिन नहीं आए हैं कि किसी के सहारे मुझे जिंदगी जीनी पड़े।’ लेकिन क्या सारिका कभी अपनी जिंदगी पर किताब लिखना चाहेंगी? उन्होंने बीते चालीस वर्षों में फिल्मी दुनिया को बहुत नजदीक से देखा है। जिंदगी को लेकर उनके अपने अनुभव है। उनकी अपनी कहानी है।
सारिका ने कहा, ‘मुझे इस बारे में पता नहीं है। अभी तक कोई इरादा भी नहीं है। मुझे लगता है कि मेरी जिंदगी में अभी तक इतना कुछ हुआ नहीं है कि उसके बारे में लिखा जाए।’ सारिका की इस बात से उनके प्रशंसकों को भले ही निराशा हो, लेकिन कम से कम वे लोग जरूर खुश होंगे जिन्हें अपने राज सारिका की किताब में खुल जाने का डर है।