'गदर' जैसा कुछ जादू करने जा रहे हैं अनिल शर्मा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
'गदर', 'द हीरो' और 'अपने' फिल्मों के बाद वे सनी को चौथी बार निर्देशित कर रहे हैं। पूरी संभावना है कि इस बार भी अनिल और सनी की जोड़ी का मैजिक काम करेगा।
आप जब भी सनी देओल को लेकर कोई फिल्म बनाते हैं, तो आपसे दर्शकों की अपेक्षा काफी बढ़ जाती है?
मुझे पता है कि सिंह साब द ग्रेट से भी लोगों को बड़ी उम्मीदें हैं। ऐसी उम्मीद होना स्वाभाविक है, क्यों कि हम दोनों ने गदर, द हीरो और अपने जैसी फिल्में दी हैं।
मैं भरोसा दिलाता हूं कि दर्शक इस बार भी निराश नहीं होंगे। सनी ने हमेशा की तरह ही बेहतरीन काम किया है। इस फिल्म में सनी एक ऐसे कलेक्टर बने हैं, जो पूरी ताकत के साथ भ्रष्टाचार से टकराता है।
फिल्म के प्रोमो काफी पसंद किए जा रहे हैं। हालांकि इन्हें देखकर लगता है कि सनी के ढाई किलो के हाथ वाली इमेज आपने बरकरार रखी है?
हमने कुछ भी जबर्दस्ती नहीं थोपा है। फिल्म की कहानी के हिसाब से ही सनी का काम है। वे एक सीन में कहते भी हैं कि उनके अंदर गांधी भी हैं, पटेल भी और भगत सिंह भी। सवाल मंजिल को प्राप्त करने का है, इसके लिए कोई भी रास्ता अपनाया जा सकता है।
आज भी लोगों के जेहन में गदर का सरदार तारा सिंह मौजूद है। क्या सिंह साब द ग्रेट के कलेक्टर सरनजीत सिंह तलवार पर उस किरदार की कोई छवि है?
नहीं। सरदार तारा सिंह 1947 का एक किरदार था और सरदार सरनजीत आज का चरित्र है। वैसे भी तारा सिंह एक ट्रक ड्राइवर था और सरनजीत जिला कलेक्टर है। दोनों किरदारों में एक ही साम्यता है कि वे सरदार हैं।
सिंह साब द ग्रेट में आपने भ्रष्टाचार की बात की है। आज भ्रष्टाचार एक बड़ा मुद्दा बन चुका है। आपकी फिल्म को इससे कितना फायदा होगा?
हमारी फिल्म आज के हालात पर है। इसमें सामाजिक सच्चाई मौजूद है। निश्चित रूप से दर्शक महसूस करेंगे कि उनकी बात की जा रही है। यह फिल्म उनके दिलों को जरूर छुएगी।
हमने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सतही बात नहीं की है। फिल्म में एक जगह हीरो साफ कहता है कि वह बदले के लिए नहीं, बल्कि बदलाव के लिए काम कर रहा है।
इस फिल्म की यूएसपी क्या है? भ्रष्टाचार और उसके निवारण का सोल्यूशन?
जी नहीं, इस फिल्म की यूएसपी इमोशन है। इसमें मिस्टर सिंह और मिसेज सिंह की एक प्यारी सी प्रेम कहानी है। सनी के अपोजिट एक नई हीरोइन उर्वशी रौतेला को लिया है।
सनी की जोड़ी उर्वशी जैसी नई हीरोइन के साथ बनाई गई है। क्या दर्शक इसे स्वीकार करेंगे?
कहानी के हिसाब से ही सनी की जोड़ी उर्वशी के साथ है। उर्वशी जितनी अच्छी अभिनेत्री हैं, उतनी ही अच्छी डांसर भी हैं।
फिल्म देखने के बाद स्पष्ट हो जाएगा कि हमारा निर्णय कितना सही है और हमने उर्वशी को क्यों कास्ट किया।
इन दिनों सफल फिल्मों के सीक्वल बन रहे हैं। आपके मन में कभी नहीं आता कि गदर की सीक्वल फिल्म गदर 2 बनाई जाए?
मुझे लगता है कि गदर 2 के लिए कहानी मिलना संभव नहीं है। गदर एक विशेष कालखंड पर बनी फिल्म थी। मैं जबर्दस्ती सीक्वल नहीं बनाना चाहता। 'गदर 2' बनाकर मैं 'गदर' से मिले यश को धूमिल करने की गलती कभी नहीं करूंगा।
'सिंह साब द ग्रेट' के बाद किस तरह की फिल्म निर्देशित करने की सोच रहे हैं?
मैं एक बहुत अच्छी लव स्टोरी बनाना चाहता हूं। कहानी पर काम चल रहा है।
आपका बेटा उत्कर्ष भी तो अभिनय की दुनिया में कदम रखने जा रहा है?
हां, अभी वह अमेरिका में पढ़ाई कर रहा है। जल्द ही वह मुंबई लौटेगा और मैं उसे बतौर हीरो लांच करूंगा। वैसे वह गदर में सनी के बेटे की भूमिका निभाकर अपना टेलेंट दिखा चुका है।