कृष 3 सिर्फ मुझे ही ऑफर हुई थीः कंगना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कैरियर के शुरुआती वर्षों में एक के बाद एक ट्रेजिक भूमिकाएं करने वाली कंगना रनौत ने पिछले कुछ वर्षों में हर तरह के रोल में खुद को आजमाया है। अब ‘कृष-3’ में वह नेगेटिव शेड वाली सुपरवुमन की भूमिका निभा रही हैं।
एक ऐक्टर के अनेक ड्रीम रोल होते हैं, लेकिन जैसा रोल आप इस फिल्म में प्ले कर रही हैं उसके बारे में कभी सोचा था?
मैं कम उम्र में फिल्मों आ गई थी और तब अलग-अलग तरह के रोल करने के बारे में सोचती थी। जैसे अनारकली का रोल, जैसा एंजेलिना जोली ने टॉम्ब रैडर में किया वैसा रोल, मिर्च मसाला में स्मिता पाटिल की तरह का रोल। कहीं न कहीं इस तरह की सुपरवुमन का रोल भी दिमाग में था। लेकिन ठीक वैसा तो नहीं जैसा कुछ ग्रे इस फिल्म है।
जब यह रोल ऑफर किया गया तो आपको क्या लगा?
मुझे लगा कि जैसे रोल मैंने सोच रखे हैं उनमें से एक तो कम से कम मुझे मिला।
रोल में ग्रे शेड्स देखकर क्या आप नहीं सोचतीं कि कैरियर में आगे इसके खतरे भी हो सकते हैं?
हो सकता है कि खतरे हों, लेकिन मुझे लगता है कि ग्रे कैरेक्टर लोगों के दिल में ज्यादा लंबे समय तक जिंदा रहते हैं। पारंपरिक ढंग के रोल तो कई फिल्मों में करने के लिए मिल जाते हैं लेकिन ऐसे रोल चुनौतीपूर्ण होते हैं।
ग्रे शेड्स के साथ इस रोल में कितने इमोशन हैं?
मैं आपको बताऊं कि मेरा रोल उतना ग्रे नहीं है जितने की उम्मीद कर रहे हैं। सच यह है कि आने वाली फिल्म ‘रिवॉल्वर’ में मेरा रोल बहुत नेगेटिव है, जितना कि किसी विलेन का होता है। हालांकि उसका सॉफ्ट साइड भी है। इस फिल्म (कृष-3) के असली खलनायक तो विवेक (ओबेराय) हैं।
इस बात में कितनी सचाई है कि यह फिल्म आपसे पहले दूसरी हीरोइनों को ऑफर हुई थी?
यह बात पूरी तरह गलत है। सच यह है कि सबसे पहले ‘कृष-3’ मुझे ही ऑफर की गई थी, लेकिन मेरे पास उस समय डेट्स की प्रॉब्लम थी। तब यह रोल कैटरीना और दीपिका के पास गया था। सच यह है कि फिल्में भी शादी की तरह होती हैं, जिसके साथ होनी है उसके साथ ही होगी।
लेकिन चर्चा थी कि ‘काइट्स’ (निर्माताः राकेश रोशन) में आपके रोल पर जैसे कैंची चली थी, वह देख आप यह फिल्म नहीं करना चाहती थीं।
मुझे उस फिल्म के दौरान राकेशजी से कोई समस्या नहीं थी। जो बात थी अनुराग बसु (निर्देशक) के साथ थी। मुझे जो बताया गया था फिल्म में रोल वैसा नहीं था।
राकेशजी से मैंने यह बात डिस्कस की थी और उन्होंने कहा कि मैं जितना बड़ा मेकर हूं उस जगह पर यह सब बातें नहीं होतीं। आप स्क्रिप्ट में अपना रोल देख सकती हैं। वे अपनी बात पर कायम रहे। जैसा मुझे बताया गया, वैसा ही रोल ‘कृष-3’ में है।
आपका कैरियर काफी उतार चढ़ाव देख चुका है। अब आप अपने को किस स्थित में खड़ा पाती हैं?
देखिए यहां तो हर शुक्रवार को लोगों की स्थिति बदल जाती है। मुझे इंडस्ट्री में सात साल हो चुके हैं। मैंने शुरुआत में जरूर कुछ एक जैसे रोल किए, जिसका मुझे नुकसान हुआ। लेकिन आज मैं अलग-अलग तरह की फिल्में और रोल कर रही हूं। इमोशनल, रोमांटिक, कॉमेडी, एक्शन गर्ल और सुपरवुमन। लोगों ने इन भूमिकाओं में मुझे जिस तरह से स्वीकार किया है वह मेरे लिए उपलब्धि है।