शाहरुख नहीं उनके लड़के पर फिदा हैं दीपिका
अभिनेता शाहरुख़ खान की फिल्म 'हैप्पी न्यू ईयर' 100 करोड़ क्लब में शामिल हो गई है। शाहरुख़ की इस फ़िल्म में उनकी पत्नी गौरी और उनके छोटे बेटे अब्राम ने छोटा सा केमिओ भी किया है।
अब्राम के लिए जब शाहरुख़ ख़ान से पूछा गया तो शाहरुख़ ने कहा, "मुझे अपने बेटे अब्राम के लिए बहुत सारे मैसेज और कॉम्पलिमेंटस आ रहे हैं। अब्राम ने फ़िल्म के अंत में मेरे साथ जो सीन किए हैं लोग उन्हें बहुत पसंद कर रहे हैं।
लेकिन शाहरुख़ ख़ान कहते हैं अब तक का सबसे बेहतरीन कॉम्पलिमेंट आया अपनी फ़िल्म 'हैप्पी न्यू ईयर' की हीरोइन दीपिका पादुकोण की तरफ़ से। दीपिका ने कहा कि वो अपनी अगली फ़िल्म अब्राम के साथ करना चाहेंगी क्योंकि वो बहुत ही प्यारे हैं।
हैदर फिल्म ने जीता अवॉर्ड
विशाल भारद्वाज निर्देशित फिल्म ‘हैदर’ को नौवें रोम फिल्म महोत्सव की विश्व श्रेणी में पीपल्स चॉइस अवॉर्ड दिया गया है। ‘हैदर’ विलियम शेक्सपियर के नाटक ‘हैमलेट’ पर आधारित है।
कश्मीर की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में शाहिद कपूर, श्रद्धा कपूर, तब्बू, इरफ़ान खान और केके मेनन ने मुख्य किरदार निभाए हैं। विशाल के साथ महोत्सव में शामिल हुए शाहिद ने ट्विटर पर यह जानकारी दी।
शाहिद कपूर ने ट्विटर पर अपनी और विशाल भारद्वाज की एक तस्वीर के साथ लिखा, '‘पहला महोत्सव, पहली जीत।शानदार।। वाह। रोम फिल्म महोत्सव की मुख्य श्रेणी में पीपल्स चाइस अवॉर्ड।।हैदर के रूप में किसी भारतीय फिल्म को पहला पुरस्कार है। मुझे गर्व है।’'
श्रद्धा कपूर महोत्सव का हिस्सा नहीं बन पाईं लेकिन उन्होंने भी ट्विटर पर अपनी ख़ुशी ज़ाहिर की। श्रद्धा ने ट्विटर पर लिखा, ''हमें जीत मिली। हैदर - रोम फिल्म महोत्सव की मुख्य श्रेणी में पीपल्स चाइस अवार्ड जीतने वाली पहली भारतीय फिल्म। आभारी और गौरवान्वित हूं।''