बेटे के बाद अब जैकी श्राफ की बेटी भी आई फिल्मों में
जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ ने बॉलीवुड में अपनी जगह बना ली है अपनी पहली फिल्म हीरोपंती से। टाइगर श्रॉफ़ को जिस तरह बॉलीवुड ने स्वीकार किया, उसी को ध्यान में रख कर अब टाइगर की बहन और जैकी श्रॉफ़ की बेटी कृष्णा भी फ़िल्मों में अपनी किस्मत आज़मा रही हैं।
लेकिन जहां ज़्यादातर देखा गया है कि बड़े अभिनेताओं की बेटी जैसे सोनम कपूर, करीना कपूर, सोनक्षी सिन्हा अपने पिता के ही नक़्श-ए-कदम पर चलती है और एक्टिंग करती है। इन सबसे अलग जैकी श्रॉफ़ की बेटी कृष्णा ने फ़िल्म मेकर बनने का फैसला किया है।
कृष्णा ने हाल ही में एक डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म बनाई है ट्रांसजेंडर कम्यूनिटी पर और डॉक्यूमेंट्री फिल्म का नाम है 'ब्लैक शिप' जिसकी चर्चा अभी से ही पूरे बॉलीवुड में होने लगी है।
ऐश्वर्य दिखेंगी आमिर के साथ
बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को कई बॉलीवुड अभिनेत्रियों के साथ रोमांस करते देखा गया है, पर आज तक कभी आमिर ख़ान ने अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन ने साथ रोमांस नहीं किया।
लेकिन अब इतने सालों बाद करण जोहर ने दोनों ही कलाकारों को एक साथ लाने का फैसला किया है। हालांकि दोनों इस पहले धर्मेश दर्शन की साल 2000 में रिलीज़ हुई एक्शन मसाला फ़िल्म 'मेला' में नज़र आए थे लेकिन इस फ़िल्म में ऐश्वर्या ने नाममात्र के लिए ही दिखी थी।
अब इतने सालों बाद ये जोड़ी एक साथ अहम भूमिका में दिखेगी। इस फ़िल्म के ज़रिए आमिर ख़ान पहली बार करण जोहर के प्रोडक्शन हाउस धर्मा प्रोडक्शनस के साथ जुड़ रहे हैं। ख़बरों माने तो दोनों कलाकार एक दूसरे के साथ काम करने के लिए उत्साहित है।
हुमा बनेंगी साउथ की क्वीन
इस साल मार्च में आई फ़िल्म 'क्वीन' ने दर्शकों के दिल में ही नहीं बल्कि फ़िल्म समीक्षकों के दिल में भी जगह बनाई। फ़िल्म 'क्वीन' ने कंगना रनाउत को रातों ही रात एक सुपरस्टार एक्ट्रेस बना दिया।
कंगना की परफ़ॉर्मेंस देखकर कई बड़े निर्देशकों से लेकर कई बड़े एक्टरों ने भी कंगना के साथ काम करने की इच्छा जताई। इन अभिनेताओं की लिस्ट में सबसे पहला नाम था आमिर ख़ान का जो करण जौहर के शो 'कॉफ़ी विद करण' में बोल चुके हैं कि वह कंगना के साथ काम करेंगे।
कंगना की फ़िल्मी कामयाबी को देखते हुए हुमा क़ुरैशी ने तमिल में बन रही 'क्वीन' में काम करने का फैसला कर लिया है।
बॉलीवुड फ़िल्म 'क्वीन' के निर्देशक विकास बहल बेहद ख़ुश हैं, ये जानकर कि तमिल की क्वीन के लिए हुमा को चुना गया और उन्हें लगता है कि वह इस किरदार को बखूबी निभा सकेंगी।