जानिए 'शौकीन्स' और 'रंगरसिया' ने कमाए कितने?
अक्षय कुमार के निर्माण में बनी फिल्म शौकीन्स एनएसडी के कलाकारों से भरी पड़ी थी। फिल्म में अन्नू कपूर, पीयूष मिश्रा और अनुपम खेर की भूमिका थी। फिल्म लीजा हेडन और अक्षय कुमार भी विशेष भूमिका थे। बावजूद इस सबके फिल्म हिट नहीं हो पाई।
शुरूआती तीन दिनों में फिल्म 19 करोड़ रूपए कमा पाई है। फिल्म में मेनस्ट्रीम की न तो कहानी थी और न ही हीरो हीरोइन फिर भी इस फिल्म से इससे ज्यादा आमदनी की उम्मीद इसलिए भी की गई थी कि इसके सामने कोई बड़ी फिल्म नहीं थी। अक्षय कुमार ने इस फिल्म का प्रमोशन भी अच्छे से किया था। अब यह माना जा रहा है कि नई फिल्म आने तक यह फिल्म 25 करोड़ का कारोबार कर लेगी।
धराशायी हो गई रंगरसिया
केतन मेहता की लंबे समय से अटकी और रिलीज के पहले खूब सुर्खियां बनाने वाली फिल्म रंगरसिया बुरी तरह से धराशायी हो गई है। फिल्म के बोल्ड दृश्य और नायिका के न्यूड सीन को लेकर हुई ढेर सारी चर्चा फिल्म को डूबने से न बचा सकी।
शुरुआती तीन दिनों में फिल्म ने महज ढाई करोड़ का कारोबार किया है। बड़ा बैनर और चर्चित विषय होने के बावजदू भी इतनी कम कमाई जरूर ही केतन मेहता कौ चौंका रही होगी।
लगभग 200 करोड़ पर हैप्पी न्यू ईयर
तमाम सारी आलोचनाओं, सोशल मीडिया पर फिल्म की जगहंसाई भी हैप्पी न्यू ईयर के कलेक्शन पर कोई खास असर नहीं डाल सकी है। फिल्म भारतीय बाजार में 199 करोड़ कमा चुकी है।
यदि सोमवार को यह फिल्म एक करोड़ का भी कारोबार करती है तो यह 200 करोड़ के आंकड़े को छू जाएगी। हालांकि यह फिल्म शाहरुख की ही एक और फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस से कमाई के मामले में पीछे है। चेन्नई एक्सप्रेस ने करीब 225 करोड़ का कारोबार किया था।