पहले दिन 'किक' ने कमाई में तोड़े कितने रिकॉर्ड?
पहले दिन के आंकड़ों के अनुसार किक इस साल की सबसे बड़ी फिल्म बनकर उभरी है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार इस फिल्म ने लगभग 30 करोड़ की ओपनिंग ली है। ठीक-ठाक आंकड़े अभी भी मिलने बाकी हैं। इस फिल्म का मल्टीप्लेक्सों और सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में पहले दिन करीब 80 से 90 फीसदी कलेक्शन रहा है। किक के पहले एक विलेन फिल्म को इस साल सबसे अच्छी ओपनिंग मिली थी। एक विलेन ने पहले दिन करीब 16 करोड़ कमाए।
तोड़ नहीं पाई धूम 3 का रिकॉर्ड
अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी किक आमिर खान की आखिरी रिलीज फिल्म धूम 3 के पीछे रह गई। धूम 3 ने पहले दिन 36 करोड़ की ओपनिंग ली थी। यदि धूम के तमिल और तेलगू में डब वर्जन की कमाई भी जोड़ लें तो यह आंकड़ा 40 करोड़ तक पहुंचता है। इस लिहाज से सलमान, आमिर से पीछे रह गए।
100 करोड़ तो आसानी से
फिल्म 30 करोड़ की कमाई कर चुकी है। शनिवार और रविवार के साथ फिल्म को ईद की वजह से सोमवार और मंगलवार की भी छुट्टी मिलेगी। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि फिल्म 100 करोड़ का आंकड़ा 4 दिन में ही छू लेगी। अब देखना यह है कि सप्ताह बीतते-बीतते यह फिल्म कितना कमा पाती है।