एक और यौन उत्पीड़न में फंसे आईपीएस सुनील
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महाराष्ट्र के निलंबित डीआईजी सुनील पारसकर फिर से एक नए मामले में फंस गए है। उनके खिलाफ एक और महिला ने यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है।
एक अंग्रेजी अखबार के अनुसार, कांदिवली पश्चिम महावीर नगर निवासी एक महिला ने चारकोप पुलिस स्टेशन में पारसकर के खिलाफ यौन उत्पीड़न, कई घंटों तक कमरे में बंद कर बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया है।
मुंबई पुलिस के प्रवक्ता पुलिस उपायुक्त धनंजय कुलकर्णी ने बताया कि मामला जनवरी 2014 से मई 2014 तक का है। पीड़ित दंपति का कांदिवली की एक प्रॉपर्टी को लेकर डीआईजी के भाई रवि पारसकर से विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार कांदिवली, महावीर नगर के जेएस टॉवर, फ्लैट नंबर सी/301 रवि पारसकर के नाम पर है। उक्त फ्लैट रवि ने कुछ साल पहले पीड़ित दंपति को किराये पर दिया था।
कई बार किया महिला का यौन उत्पीड़न
शायद उस फ्लैट के लेन-देन के लिए दंपति ने मोटी रकम दी थी। जिसके चलते पिछले कुछ दिनों से रवि बार-बार दंपति पर दबाव बना रहा था। पीड़ित दंपति का आरोप है कि शनिवार की शाम करीब साढ़े 9 बजे रवि अपने भाई सुनील पारसकर के साथ उक्त फ्लैट पर पहुंचा और महिला से छेड़खानी की।
इसके बाद महिला और उसके पति को जान से मारने की धमकी देकर करीब 3 घंटे तक एक कमरे में बंद कर बंधक बनाये रखा। इससे पहले भी दोनों महिला का यौन उत्पीड़न करते रहे थे।
महिला और उसका पति किसी तरह वहां से निकल कर चारकोप पुलिस स्टेशन पहुंचे और सुनील और रवि के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी पारसकर के खिलाफ मुंबई, गोरेगांव की 25 साल की एक मॉडल ने ब्लैकमेल कर बलात्कार और छेड़खानी करने का मामला दर्ज कराया था।
बढ़ती जा रही है पारसकर की मुश्किलें
25 साल की पीड़ित मॉडल ने पारसकर के खिलाफ 23 अगस्त को मामला दर्ज कराया था। हालांकि इस मामले में पारसकर को अग्रिम जमानत मिल गई है, लेकिन छानबीन के बाद उन्हें पद से निलंबित कर दिया गया है।
यह मामला चल ही रहा था कि अब एक और महिला ने पारसकर के खिलाफ यौन उत्पी़न की शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस इस मामले की छानबीन में जुट गई है। एक और यौन उत्पीड़न का मामला सामने आने के बाद पारसकर की मुश्किलें कम होने के बजाय बढ़ती जा रही है।
मॉडल ने IPS पर लगाए थे क्या आरोप, पढ़ें पूरी FIR