छात्रों को खाने की जगह मार खिलाता है ये प्रिंसिपल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत से खराब खाने की शिकायत करने पर देहरादून के कॉलेज का प्रिंसिपल उसके लिए हैवान बन गया।
प्रिंसिपल ने स्टूडेंट को खूब मारा। मामले की जानकारी सीएम को मिली तो उन्होंने प्राचार्य पर कार्रवाई का आदेश दिया। इसके बाद देर रात पुलिस ने प्रिंसिपल को हिरासत में ले लिया।
कोरोनेशन अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद पुलिस प्राचार्य मनोज शर्मा को रायपुर थाने लाई और काफी देर तक बैठाये रखा। एसएसपी अजय रौतेला ने बताया कि प्राचार्य का पुलिस एक्ट में चालान काटा गया है।
साथ ही छात्र की मौखिक तहरीर पर एनसीआर दर्ज की गई है। बाद में कॉलेज स्टाफ को प्रधानाचार्य की सुपुर्दगी की गई। मनोज शर्मा के मेडिकल में हल्की एल्कोहल होने की पुष्टि हुई है।
‘सीएम सर, हमें खाने को कच्ची रोटियां मिलती हैं’
‘सीएम सर, देखिए हमें ऐसी कच्ची रोटियां खाने को मिलती हैं।’ स्पोर्ट्स कॉलेज की मैस में लंबे समय से कच्चा और खराब खाना खा रहे एक छात्र ने जब मुख्यमंत्री हरीश रावत के सामने देखा तो बेहतरी की आस में उसके मुंह से यह शिकायत निकल गई।
उसके सहपाठियों ने भी पीने के लिए गंदा पानी दिए जाने की बात बताई। बच्चे जब सीएम से हकीकत बता रहे थे तो उन्हें अंदाजा नहीं था कि बाद में उन्हें मार खानी पड़ेगी।
सीएम जब कॉलेज से चले गए तो शिकायत करने वाले एक छात्र को जमकर पीटा गया। मुख्यमंत्री हरीश रावत सोमवार दोपहर अचानक रायपुर स्थित स्पोर्ट्स हॉस्टल पहुंचे और कॉलेज का निरीक्षण शुरू किया।
कच्ची और अधपकी रोटी देख सीएम बिफरे
आइस स्केटिंग रिंक के चारों ओर उगी झाड़ियों को देख कड़ी नाराजगी जताई। पूछा तो बताया गया कि इस रिंक का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा। इसके बाद सीएम मैस में पहुंच गए।
उस वक्त छात्र खाना खा रहे थे। सीएम छात्रों के पास पहुंचे और उनकी समस्याएं पूछने लगे। सामने मुख्यमंत्री को देख बच्चों को लगा कि अब उनकी दिक्कतें दूर हो सकती हैं।
एक छात्र ने थाली में रखी रोटी सीएम की ओर बढ़ाई तो वह हैरत में पड़ गए। कच्ची और अधपकी रोटी देख सीएम बिफर पड़े।
तुरंत कॉलेज प्रबंधन को तलब किया और पूछा, ‘हमारे खिलाड़ियों को आप ऐसी रोटियां खिलाते हैं?’ बगले झांकते शिक्षकों और अफसरों को सीएम ने छात्रों को बेहतर खाना परोसने का आदेश दिया।
इस दौरान कुछ छात्रों ने गंदे पानी की शिकायत की तो सीएम ने आरओ का पानी देने का निर्देश दिया।
CM ने छात्रों से की अकेले में बात
मैस के बाद मुख्यमंत्री छात्रों के हॉस्टल की ओर बढ़ चले। वहां सीएम ने अफसरों को बाहर छोड़ छात्रों से कुछ देर अकेले में बात की।
बताया जा रहा है कि इस दौरान बच्चों ने अव्यवस्थाओं की शिकायत की। बाहर आकर सीएम ने फिर जिम्मेदारों की क्लास ली। इसके बाद उन्होंने नवनिर्मित एथलेटिक्स सिंथेटिक ट्रैक का जायजा लिया।
मैदान में घास और गंदगी के सवाल पर कॉलेज अधिकारी मैदान हैंडओवर न होने की दलील देने लगे।
सीएम ने तुरंत घास कटवाने, सफाई और पानी की निकासी की व्यवस्था के साथ हॉस्टल के कमरों में वेंटिलेशन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
इस दौरान सीएम ने क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज जसपाल राणा, अपर सचिव विनोद शर्मा सहित खेल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
सीएम के लौटते ही शिकायत करने वाले छात्र की पिटाई
मुख्यमंत्री हरीश रावत के कॉलेज का निरीक्षण करके लौटते ही कॉलेज के अधिकारी शिकायत रकने वाले छात्र पर पिल पड़े।
सूत्रों के मुताबिक छात्र से जमकर मारपीट की गई। आरोप है कि प्रिंसिपल ने उस पर लात-घूंसे बरसाए। बताया जा रहा है कि गालीगलौज के साथ उसे कॉलेज से निकालने की धमकी दी गई।
इसके बाद छात्र रोते हुए कमरे में चला गया और भीतर से कुंडी लगा ली। छात्र की पिटाई की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने प्राचार्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।
पुलिस में भर्ती खिलाड़ी को मिलें सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश प्रमुख सचिव गृह एमएच खान को दिए हैं।
कहा कि पुलिस में भर्ती होने वाले उत्कृष्ट खिलाड़ियों को हर सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे अपने खेल को निखार सकें।
सीएम ने कहा कि ऐसा ना हो कि सुविधाएं ना मिलने से उन्हें पुलिस की नौकरी छोड़नी पड़े या खेल से ही मुंह मोड़ना पड़े।
मुख्यमंत्री ने मैस, हॉस्टल और मैदान का निरीक्षण किया। कॉलेज की व्यवस्था से वे खुश नजर आए। एक बच्चे ने उनसे कुछ शिकायत की थी, लेकिन उस वक्त मैं वहां मौजूद नहीं था। शिकायत करने वाले की पिटाई की बात झूठी है।
- मनोज शर्मा, प्रधानाचार्य, स्पोर्ट्स कॉलेज (पुलिस हिरासत में लेने से पहले का बयान)