सर्वर डाउन, नहीं जमा हो सकी फीस
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) का सर्वर डाउन होने के कारण मंगलवार को स्टूडेंट्स के पसीने छूट गए। लखनऊ विश्वविद्यालय में स्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन फॉर्म मिल रहे हैं।
इस फॉर्म को भरने से पहले स्टूडेंट्स को एसबीआई में बैंक चालान के माध्यम से आवेदन शुल्क जमा करना है। सर्वर डाउन होने की समस्या सुबह बैंक खुलते ही शुरू हो गई।
एक के बाद एक स्टूडेंट आवेदन शुल्क जमा करने के लिए बैंकों में पहुंचे लेकिन घंटों इंतजार करने के बाद लौट गए।
एलयू के आवेदन फॉर्म जमा करने की आखिरी तारीख 25 जून है।
एसबीआई की निरालानगर शाखा में ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने वाले स्टूडेंट पसीने पोंछ रहे थे। स्टूडेंट्स का कहना था कि यही हाल यूनिवर्सिटी शाखा में भी था।
यहां पर भी सर्वर डाउन होने के कारण आवेदन फॉर्म जमा नहीं हो पाया। स्टूडेंट्स ने लखनऊ यूनिवर्सिटी के कंट्रोल रूम पर भी शिकायत की।
यूनिवर्सिटी प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि शुरुआत में कुछ आवेदन शुल्क जमा हुए, लेकिन बाद में दिक्कत बढ़ती गई।
स्टूडेंट्स का कहना है कि इसके कारण उनके अब दो दिन बर्बाद होंगे। अगर वह आज आवेदन शुल्क भर देते तो 24 घंटे बाद फॉर्म भर सकते।
अब आवेदन शुल्क भरने में देरी के कारण उन्हें एक दिन फॉर्म भरने के लिए और इंतजार करना होगा।