एडमिशन के साथ अब नौकरी भी देगा ‘क्लैट’, ऐसे मिलेगी जॉब
लॉ यूजी और पीजी कोर्स में दाखिले के लिए अब कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट) से से इंडियन ऑयल कंपनी में जॉब भी मिलेगी।
इंडियन ऑयल ने 18 लॉ ऑफिसर की भर्ती का विज्ञापन जारी किया है, जिसमें क्लैट के स्कोर के आधार पर चयन किया जाएगा। इसके लिए 16 मई 2016 तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
क्लैट परीक्षा से 12वीं के बाद इंटिग्रेटेड एलएलबी और एलएलबी के बाद एलएलएम कोर्स में दाखिला मिलता है। इन दिनों क्लैट की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चल रही है। इस बीच इंडियन ऑयल कार्पोरेशन लिमिटेड ने 18 लॉ ऑफिसर्स की भर्ती का विज्ञापन निकाला है।
भर्ती के लिए आवेदन में एलएलबी या समकक्ष की क्वालिफिकेशन रखी गई है। कम से कम दो साल का प्रोफेशनल एक्सपीरियंस भी मांगा गया है।
क्लैट 2016 के स्कोर के आधार पर चयनित होंगे लीगल प्रोफेशनल
अहम बात यह है कि लीगल प्रोफेशनल को क्लैट 2016 के स्कोर के आधार पर चयनित किया जाएगा। जो ऐसे अभ्यर्थी आवेदन करेंगे, उनके क्लैट स्कोर के आधार पर एक सूची जारी होगी। इसमें शामिल अभ्यर्थियों को ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू से गुजरना होगा।
ए ग्रेड की इस पोस्ट में शुरुआत बेसिक पे 24900 रुपये प्रति माह के साथ ही अलग भत्ते भी कंपनी की ओर से दिए जाएंगे। क्लैट विशेषज्ञ राजीव कुकरेजा ने बताया कि लॉ में भविष्य तलाश रहे युवाओं के लिए यह एक अच्छा मौका साबित हो सकता है। महारत्न कंपनी से जुड़ने से लॉ में उनका भविष्य निश्चित तौर पर बेहतर होगा।
क्लैट की आवेदन प्रक्रिया चल रही है और इसकी प्रवेश परीक्षा 8 मई 2016 को होगी। इंडियन ऑयल के लिए 16 मई 2016 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इससे पहले ऑयल कंपनियां इंजीनियरों की भर्ती के लिए ग्रेजुएशन एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (गेट) परीक्षा के स्कोर को पैमाना बना चुकी हैं।