जेठ ने काटी विधवा की नाक, घर में बंद कर हुआ फरार
नशे में धुत जेठ ने घर पर अकेली विधवा को बुरी नीयत से पकड़ उसका रेप करने की कोशिश की। लेकिन, विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता की नाक चाकू से काट दी और उसे कमरे में बंद करके फरार हो गया। घायल पीड़िता पहले भिखारीपुर पुलिस चौकी पहुंची और उसके बाद थाना सुनगढ़ी में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने उसकी तहरीर लिए बगैर एनसीआर दर्ज कर उसे मेडिकल परीक्षण को भेजा। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के दहगला गांव की महिला ने बताया कि उसके पति की दो साल पहले मौत हो गई थी और घर पर वह अपने बच्चों संग रहती है। आरोप है कि आरोपी जेठ काफी समय से महिला पर बुरी नीयत रखता था।
रविवार शाम को वह घर पर अकेली थी और इस दौरान मौके का फायदा उठा कर वह घर में घुस आया। छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी ने उसे मारा-पीटा और घर में रखे चाकू से उसकी नाक काट दी। शोर शराबे पर आरोपी जेठ की पत्नी व बच्चे भी आ गए लेकिन सभी ने आरोपी की ही मदद की।
बेटे ने मां को बचाया
घायल महिला काफी देर तक चिल्लाती रही। इसी बीच उसका 13 वर्षीय पुत्र आ गया, जिसके साथ पहले वह पुलिस चौकी भिखारीपुर और बाद में सुनगढ़ी थाने पहुंची। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी योगेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि मामला छेड़छाड़ से जुड़ा नहीं है। महिला की शिकायत पर एनसीआर दर्ज कर मेडिकल कराया गया है।
मेडिकल रिपोर्ट मिलने पर उचित धाराओं में मुकदमा तरमीम किया जाएगा। आरोपी के घर दबिश दी गई थी, लेकिन घर पर ताला पड़ा मिला। आरोपी पूरे परिवार के साथ भागा हुआ है, जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।