हथकड़ी खोलते ही फुर्र हुआ हत्यारोपी
- अदालत में पेशी के बाद बंदी गृह के दरवाजे से भागा
- बबीना के नया खेड़ा गांव में 15 जुलाई को कर दी थी दलित की हत्या
- पुलिस तलाश में जुटी, परिजनों को लिया हिरासत में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के झांसी में शनिवार को अदालत में पेशी पर आया हत्यारोपी ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को धक्का देकर भाग निकला। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। चारों तरफ नाकाबंदी करके उसे तलाशा गया पर कोई सफलता नहीं मिली।
बबीना थानांतर्गत ग्राम नया खेड़ा में बिजली की कटिया डालने को लेकर हुए विवाद में वीपी सिंह, पवन सिंह व चार्ली पुत्रगण राम प्रसाद ने मारपीट करके 15 जुलाई 2015 को दलित शिवदयाल को मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने वीपी सिंह व पवन सिंह को जेल और चार्ली को नाबालिग होने की वजह से बच्चा जेल भेज दिया था। शनिवार को वीपी सिंह और पवन की कोर्ट में पेशी थी, इसके चलते दोनों को कड़े सुरक्षा घेरे में जिला जेल से कचहरी में स्थित बंदी गृह लाया गया, जहां से सिपाही धीरेंद्र सिंह ने दोनों को अदालत में पेश किया।
पेशी होने के बाद सिपाही दोनों को लेकर बंदी गृह आए। बंदी गृह के दरवाजे पर निगरानी में लगे सिपाही राम अवतार ने वीपी सिंह की हाथकड़ी खोल दी तथा उसे अंदर नहीं किया। सिपाही ने लापरवाही बरतते हुए वीपी सिंह को वहीं पर खड़ा रखा और पवन सिंह की हथकड़ी खोलने लगा। इस बीच मौका मिलते ही वीपी सिंह ने सिपाही राम अवतार को धक्का दिया और तेजी से भाग निकला।
हत्यारोपी की तलाश जारी
दोनों सिपाही जब तक शोर मचाते तब तक वह कचहरी की दीवार फांदकर सड़क पर आ गया तथा वह सड़क पर खड़ी बाइक पर सवार होकर भाग निकला। हत्यारोपी के पुलिस अभिरक्षा से भाग जाने की सूचना से पुलिस प्रशासन में अफरा तफरी मच गई। कुछ ही देर में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह, सीओ सिटी कल्याण सिंह पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए।
एसपी सिटी के आदेश पर चारों तरफ नाकेबंदी करवाकर भागे हुए हत्यारोपी को तलाशा गया। वाहनों की सघन चेकिंग करवाई गई पर कोई सफलता नहीं मिली। एसएसपी मनोज तिवारी ने बताया कि पुलिस अभिरक्षा से भागे हत्यारोपी की तलाश में पुलिस की टीमों को लगा दिया गया है। उसके परिजनों व रिश्तेदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। कई संभावित स्थानों पर पुलिस छापे भी मार रही हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही भागे हुए हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।