पंचायत का ऐलान, 'हमारी बेटी नहीं मिली तो तुम्हारी बेटियों को उठा लाएंगे'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश में बिनौली क्षेत्र (बागपत) के गांव जौहड़ी से 14 दिन पहले अपहृत किशोरी की बरामदगी नहीं होने पर उसके परिजनों का गुस्सा फूट गया। उन्होंने मंगलवार सुबह अपनी बिरादरी के लोगों की पंचायत की
इसमें अल्टीमेटम दिया कि यदि जल्द उनकी बेटी बरामद नहीं हुई तो आरोपी के परिवार की लड़कियों को उठा लिया जाएगा। इससे गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
परिजनों का कहना है कि 16 वर्षीय किशोरी 14 जून को सुबह गांव के बाहर सड़क पर गोबर डालने के लिए गई थी। इसी दौरान गांव के ही विशेष समुदाय का एक युवक अपने साथी के साथ किशोरी को बाइक पर डालकर ले गया।
बिनौली थाना में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने अभी तक न किशोरी को बरामद किया और न ही आरोपी को गिरफ्तार। उल्टा पुलिस वाले गांव के एक धार्मिक स्थल में आकर मीटिंग करते हैं और उन पर समझौता करने का दबाव बनाते हैं। उन्होंने इससे उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया है, लेकिन उनकी कोई सुनने को तैयार नहीं है।
दो समुदायों में तनाव: कहा नहीं मनाने देंगे ईद
मंगलवार को उन्होंने अपने घेर में अपनी बिरादरी के लोगों की पंचायत की। परिजनों ने कहा यदि किशोरी जल्दी नहीं मिलती है तो वे भी आरोपी के परिवार की लड़कियों को उठा लेंगे। उन लड़कियों को तब तक अपने घर पर रखा जाएगा, जब तक उनकी बेटी घर में नहीं आएगी।
जबकि कुछ लोगों का कहना है कि अपहृत किशोरी को पुलिस ने जल्द बरामद नहीं किया तो आईजी के दफ्तर पर आमरण अनशन किया जाएगा। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के चलते गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
गांव में नहीं मनने देंगे ईद
बागपत। पंचायत में लोगों ने कहा उनकी बेटी का अपहरण हो रहा है। पुलिस को उसको बरामद करने की कोई चिंता नहीं है। पुलिस गांव में आकर सिर्फ एक ही बात कहती है कि ईद पर माहौल मत बिगाड़ना। लोगों ने कहा लड़की जल्द बरामद नहीं हुई तो वे अपने गांव में ईद भी नहीं मनने देंगे।
पंचायत करने की जानकारी नहीं
जौहड़ी गांव के ग्राम प्रधान राम कुमार ने बताया किशोर का कई पहले गांव से अपहरण होने की जानकारी है, लेकिन गांव में किशोरी के परिजनों के पंचायत करने की उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
लड़की की बरामदगी के प्रयास जारी : एएसपी
एएसपी अजीजुल हक ने कहा जौहड़ी गांव से अपहृत लड़की की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उसे बरामद कर लिया जाएगा। इस मामले में गांव में पंचायत होने की उन्हें जानकारी नहीं है।