महेंद्रगढ़। युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने स्टेट हाईवे निर्माण को लेकर जल्द काम शुरू कराने की मांग को लेकर एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम खून से लिखा ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन के माध्यम से बताया कि एक सप्ताह में कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों को साथ लेकर बड़े स्तर पर आंदोलन एवं आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। सरताज जन सेवा ग्रुप के पीआरओ कुलदीप यादव के नेतृत्व में वीरवार को लघु सचिवालय में एसडीएम दिनेश कुमार को सौंपे ज्ञापन में बताया कि लंबे समय से नारनौल वाया महेंद्रगढ़ स्टेट हाईवे बदहाल है। आए दिन दुर्घटनाओं में लोग जान गंवा रहे हैं।
सरकार की बार-बार घोषणा के बावजूद भी इस सड़क मार्ग का कार्य शुरू नहीं हो रहा। सरकार के प्रतिनिधि और अधिकारी कभी डीपीआर बनाने के नाम पर तो, कभी जल्द ही टेंडर खोलने के नाम पर क्षेत्र की जनता को गुमराह कर रहे हैं। आज ज्ञापन के माध्यम से सरकार और प्रशासन को चेताने का काम किया गया है। अगर सरकार ने इस सड़क मार्ग का कार्य एक सप्ताह के दौरान शुरू नहीं करवाया तो जल्द ही बड़ा आंदोलन करेंगे। इस अवसर पर अनेक युवा व सामाजिक, धार्मिक एवं समाजसेवी संगठनों से जुड़े युवा उपस्थित रहे। इस अवसर पर बार प्रधान बंशीलाल यादव, रामनिवास पाटोदा, अधिवक्ता सुनिता सिंह, प्रदीप कौशिक, विनोद तंवर पाली, अधिवक्ता अंजय नेहरा, जितेंद्र नांगल हरनाथ, संदीप बचीनी, पूर्ण सिंह निंबी, नवीन कुमार, आरती सिंह, नवीन राव, प्रवीण कौशिक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।