फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

West Asia: इस्राइल ने दुनिया के दूसरे सबसे बड़े गैस फील्ड को फिर बनाया निशाना; ट्रंप आज करेंगे प्रेस वार्ता

Mon, 06 Apr 2026 08:25 PM IST
Shubham Kumar वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: Shubham Kumar Updated Mon, 06 Apr 2026 08:25 PM IST
खास बातें

Iran Israel US Conflict Live Updates: पश्चिम एशिया इस समय युद्ध की आग में धधक रहा है, जहां हालात हर घंटे और ज्यादा खतरनाक होते जा रहे हैं। ईरान, अमेरिका और इस्राइल के बीच सीधी टक्कर अब भीषण रूप ले चुकी है। 37वें दिन में प्रवेश कर चुके इस संघर्ष में मिसाइल हमले, धमाके और जवाबी कार्रवाई ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। शहरों में दहशत का माहौल है, लोग सहमे हुए हैं और हालात नियंत्रण से बाहर जाते दिख रहे हैं, जिससे बड़े युद्ध का खतरा लगातार गहराता जा रहा है। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े तमाम पल-पल अपडेट्स...

विज्ञापन
West Asia Conflict 37th days Live Updates Iran War NATO Chief to Visit US as Israeli Strike in Lebanon
पश्चिम एशिया में संकट - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

लाइव अपडेट

08:23 PM, 06-Apr-2026

दुनिया के दूसरे सबसे बड़े गैस क्षेत्र पर इस्राइली हमला, ईरान ले रहा नुकसान का जायजा

इस्राइल ने सोमवार को ईरानी गैस क्षेत्र पर फिर से हमला किया। साउथ पार्स दुनिया की सबसे बड़ी गैस क्षेत्र है और यह ईरान-कतर के बीच फैला हुआ है। इस्राइल ने हमले की पुष्टि की। इसके बाद ईरान ने कहा कि संयंत्र में लगी आग को बुझाकर नुकसान का जायजा लिया जा रहा है।

फार्स मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस्राइली हमले का निशाना बने एक पेट्रोकेमिकल संयंत्र में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। इससे पहले एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि असलूयेह में साउथ पार्स पेट्रोकेमिकल संयंत्र से 'कई धमाकों' की आवाजें सुनी गई थीं।

जारी संघर्ष के बीच इस्राइल का गैस क्षेत्र में यह दूसरा बड़ा हमला है। इससे 20 दिन पहले 18 मार्च को भी इस गैस क्षेत्र को निशाना बनाया गया था।हमले के बाद इस्राइली रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने दावा किया कि आईडीएफ के हमले से ईरान का सबसे बड़ा पेट्रोकेमिकल संयंत्र बंद हो गया है।
04:22 PM, 06-Apr-2026

अमेरिका-इस्राइल के हमले जारी रहने तक सीधी बातचीत में शामिल नहीं होगा ईरान

ईरान ने सोमवार को कहा कि उसने मध्यस्थों की ओर से पेश किए गए प्रस्तावों पर अपना जवाब तैयार कर लिया है। उसने यह भी कहा कि जब तक अमेरिका और इस्राइल हमले तेज करते रहेंगे, वह सीधी वार्ता में शामिल नहीं होगा। 
विज्ञापन
03:32 PM, 06-Apr-2026

पाकिस्तान का प्रस्ताव: होर्मुज खोलने के लिए दो-चरणीय योजना

पाकिस्तान ने ईरान और अमेरिका को होर्मुज जलसंधि को फिर से खोलने और शत्रुता समाप्त करने के लिए दो चरणीय योजना प्रस्तुत की है। रायटर्स समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, यह प्रस्ताव ईरान और अमेरिका को सौंपा गया और इसमें तत्काल युद्धविराम के साथ आगे चलकर एक व्यापक समझौते की रूपरेखा शामिल है।

जानकारी देने वाले सूत्र ने कहा सभी तत्वों पर आज सहमति बननी चाहिए। प्रारंभिक समझौते को एमओयू के रूप में तैयार किया जाएगा और पाकिस्तान इसे वार्ता का एकमात्र माध्यम बनाकर अंतिम रूप देगा। रिपोर्ट के अनुसार, संभावित समझौते में ईरान परमाणु हथियार विकास से बचने का वचन देगा, जबकि आर्थिक प्रतिबंधों में ढील और विदेशी संपत्तियों को अनफ्रीज किया जाएगा।
01:32 PM, 06-Apr-2026

ईरानी रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स के खुफिया प्रमुख मारे गए

फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, ईरानी रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के खुफिया संगठन के प्रमुख, मेजर जनरल सैयद मजीद खादेमी को अमेरिका-इस्राइल के कथित हमले में मार दिया गया। IRGC की आधिकारिक घोषणा के अनुसार, खादेमी की मौत अमेरिकी-इस्राइली दुश्मन द्वारा किए गए आतंकवादी हमले में हुई। घटना की और कोई विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
01:21 PM, 06-Apr-2026

ट्रंप आज रात 10:30 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

राष्ट्रपति ट्रंप सोमवार को अमेरिकी समय के अनुसार दोपहर 1 बजे (भारत में रात 10:30 बजे) व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस से प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
12:54 PM, 06-Apr-2026

ईरान पर हवाई हमले तेज

सोमवार को इस्राइल और संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा किए गए हवाई हमलों की श्रृंखला में ईरान में 25 से अधिक लोगों की मौत हो गई। इसके जवाब में तेहरान ने इस्राइल और उसके खाड़ी क्षेत्र के सहयोगी देशों पर मिसाइलें दागीं। इसी बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए दी गई समयसीमा नजदीक आ गई है।

तेहरान में रातभर विस्फोटों की आवाजें गूंजती रहीं और राजधानी के ऊपर घंटों तक नीचे उड़ान भरते लड़ाकू विमानों की आवाज सुनाई देती रही। एक हमले में शरीफ यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी परिसर के पास जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आजादी चौक के आसपास काले धुएं का गुबार उठता देखा गया।

इस्राइली अधिकारियों के अनुसार, हाइफा में एक रिहायशी इमारत के मलबे से दो लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। इसी दौरान सोमवार तड़के ईरान की ओर से उत्तरी इस्राइल पर नए मिसाइल हमले भी किए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
09:56 AM, 06-Apr-2026

तेहरान प्रांत में अमेरिकी-इस्राइली हमले

ईरान की राजधानी तेहरान प्रांत में अमेरिकी और इस्राइली हमलों के दौरान चार लड़कियों और दो लड़कों समेत छह बच्चों की मौत हो गई। यह जानकारी ईरानी मीडिया एजेंसी फार्स न्यूज ने दी। रिपोर्ट के अनुसार, यह हमला बहारेस्तान काउंटी के एक रिहायशी इलाके पर हुआ था, जहां पहले हुए हमले में 13 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी।

इस्राइली सेना ने घोषणा की कि तेहरान में सरकारी ढांचे पर हमलों की एक लहर पूरी कर ली गई है। ईरानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्वी तेहरान में चार और बहारेस्तान काउंटी में 13 लोगों की मौत हुई है।
09:23 AM, 06-Apr-2026

हाइफा पर ईरानी मिसाइलों से हमला

इस्राइल के उत्तरी शहर हाइफा में ईरानी मिसाइलों का हमला हुआ। चैनल 12 के मुताबिक, शहर के 10 से अधिक स्थानों को निशाना बनाया गया। हालांकि, इस हमले में कोई हताहत नहीं हुए। वीडियो और तस्वीरों में इमारतों और सड़कों को मामूली नुकसान पहुंचा और एक कार में आग लगने की जानकारी सामने आई।
08:55 AM, 06-Apr-2026

दक्षिण कोरिया भेजेगा विशेष दूत

दक्षिण कोरिया पश्चिम एशिया से कच्चे तेल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सऊदी अरब, ओमान और अल्जीरिया में विशेष दूत भेजने की योजना बना रहा है। डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद आन डो-गेल ने बताया कि तेल आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयासों के तहत पांच कोरियाई ध्वज वाले जहाज सऊदी अरब भेजे जाएंगे। दक्षिण कोरिया अपनी लगभग सभी ऊर्जा आवश्यकताओं के लिए पश्चिम एशिया पर निर्भर है और यहां से करीब 70 प्रतिशत कच्चा तेल आयात करता है।
08:25 AM, 06-Apr-2026

ईरान युद्धविराम की कोशिशें तेज

ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच 45 दिन के संभावित युद्धविराम को लेकर कूटनीतिक कोशिशें तेज हो गई हैं। एक्सियोस न्यूज़ आउटलेट की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका, ईरान और क्षेत्रीय मध्यस्थ देशों के बीच इस प्रस्ताव पर गंभीर बातचीत चल रही है, जिसे युद्ध खत्म करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, ये वार्ताएं पाकिस्तान, मिस्र और तुर्की की मध्यस्थता में हो रही हैं। साथ ही, दोनों पक्षों के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच सीधे संदेशों के जरिए भी संवाद जारी है।
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed