US Hilton Hotel Shooting LIVE: 'प्रभावशाली लोगों को निशाना बनाया जाता है', गोलीबारी की घटना पर बोले ट्रंप
Trump Event Shooting Live Updates:- वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में व्हाइट हाउस डिनर के दौरान अचानक हुई गोलीबारी ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। हालात बिगड़ते ही ट्रंप को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। बाद में ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर बताया कि प्रोटोकॉल के तहत कार्यक्रम रोका गया। उन्होंने कहा कि सभी शीर्ष नेता सुरक्षित हैं।
लाइव अपडेट
ट्रंप बोले- गोलीबारी का ईरान के साथ युद्ध से संभवतः कोई संबंध नहीं
उन्होंने यह भी कहा कि यह घटना उन्हें अपने फैसलों या ईरान पर चल रही कार्रवाई से पीछे नहीं हटाएगी। ट्रंप के मुताबिक, वह अपने लक्ष्य पर कायम रहेंगे और स्थिति पर नजर बनाए रखेंगे।हालांकि, उन्होंने पहले यह भी कहा था कि अभी पूरी तरह से कुछ कहा नहीं जा सकता और यह संभव है कि किसी भी एंगल से जांच की जा सकती है। ट्रंप ने बताया कि जांच एजेंसियां हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने में जुटी हैं और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पीएम मोदी ने घटना पर जताई चिंता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वॉशिंगटन डीसी में हुई सुरक्षा घटना पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह जानकर राहत मिली है कि डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी और उपराष्ट्रपति सुरक्षित हैं और उन्हें किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। पीएम मोदी ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए शुभकामनाएं भी दीं। अपने संदेश में उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होती और ऐसी घटनाओं की पूरी तरह निंदा की जानी चाहिए।
Relieved to learn that President Trump, the First Lady and Vice President are safe and unharmed following the recent security incident at a Washington DC hotel. I extend my best wishes for their continued safety and well-being. Violence has no place in a democracy and must be…
— Narendra Modi (@narendramodi) April 26, 2026
हमलावर तेजी से दौड़ रहा था, लेकिन उसे समय रहते रोक लिया गया- ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि उन्हें इस बात की चिंता नहीं करनी चाहिए, क्योंकि सुरक्षा का काम करने के लिए उन्होंने बेहतरीन लोगों को जिम्मेदारी दी है। उन्होंने बताया कि उनके अनुसार कानून-व्यवस्था की एजेंसियों ने इस बार पहले से भी बेहतर और तेज काम किया। उन्होंने कहा कि इससे पहले पेंसिल्वेनिया के बटलर में एक सुरक्षा चूक हुई थी, जहां एक कमजोर जगह की वजह से बड़ी घटना हुई और नुकसान भी हुआ था। ट्रंप ने कहा कि इस बार स्थिति पूरी तरह अलग थी और सुरक्षा व्यवस्था बहुत मजबूत थी।
ट्रंप के मुताबिक, हमलावर तेजी से दौड़ रहा था, लेकिन उसे समय रहते रोक लिया गया। उन्होंने कहा कि वह खुद घटना स्थल से काफी दूर थे और हमलावर कार्यक्रम हॉल के दरवाजों तक भी नहीं पहुंच पाया।उन्होंने यह भी बताया कि कमरे की सुरक्षा पूरी तरह बंद थी और सभी लोग अंदर सुरक्षित थे। ट्रंप ने कहा कि अगर दरवाजे पहले न खोले गए होते, तो शायद कार्यक्रम आगे चल सकता था, लेकिन स्थिति को देखते हुए इसे रोकना और बाद में फिर से आयोजित करना ज्यादा सुरक्षित फैसला है।
ऐसे लोग खतरनाक होते हैं और उनसे सख्ती से निपटना जरूरी- ट्रंप
जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या यह हमला किसी अकेले व्यक्ति (लोन वुल्फ) द्वारा किया गया था, तो ट्रंप ने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार आरोपी अकेला ही था और वह मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति जैसा लगता है। ट्रंप ने कहा कि ऐसे लोग खतरनाक होते हैं और उनसे सख्ती से निपटना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर ऐसे लोगों को छोड़ा गया तो वे दोबारा भी हमला करने की कोशिश कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस तरह के मामलों में पहले भी कड़ी कार्रवाई की गई है और आरोपी को आजीवन कारावास जैसी सजा मिल रही है। ट्रंप ने कहा कि जांच एजेंसियां इस मामले में जल्द ही और जानकारी सामने रखेंगी और आरोपी के बारे में पूरी सच्चाई जल्दी सामने आ जाएगी।
पाकिस्तानी पीएम ने हमले पर जताई चिंता
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस संवाददाता डिनर के दौरान हुई गोलीबारी की घटना पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद चिंताजनक और परेशान करने वाली है, जिसने उन्हें गहरा झकझोर दिया है। उन्होंने बताया कि यह जानकर राहत मिली कि डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी और कार्यक्रम में मौजूद अन्य सभी लोग सुरक्षित हैं। शरीफ ने कहा कि उनकी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। उन्होंने ट्रंप के लिए लगातार सुरक्षा और अच्छे स्वास्थ्य की कामना भी की।
मेरी टीम को नहीं थी किसी चेतावनी की जानकारी- ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि वह यह नहीं कह सकते कि क्या वह खुद निशाने पर थे, लेकिन ऐसे हमले करने वाले लोग अक्सर अस्थिर होते हैं और उनकी हरकतों का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। उन्होंने बताया कि घटना स्थल पर सुरक्षा के लिए भारी इंतजाम थे और कई सुरक्षाकर्मी अलग-अलग जगहों पर मौजूद थे, यहां तक कि सामान्य लोगों की तरह बैठे हुए भी। ट्रंप के अनुसार, हमलावर को उन तक पहुंचने के लिए काफी दूरी तय करनी पड़ती, लेकिन सुरक्षा बलों ने पहले ही उसे रोक दिया और तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की टीम ने बहुत तेज और प्रभावी तरीके से काम किया।
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें पहले से किसी खतरे की जानकारी थी, तो ट्रंप ने कहा कि उन्हें या उनकी टीम को कोई चेतावनी नहीं मिली थी और उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि हमलावर अब पुलिस की हिरासत में है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां उसके घर, जो कि कैलिफोर्निया में है, वहां भी जांच कर रही हैं।
ट्रंप ने और क्या-क्या कहा?
ट्रंप से जब पूछा गया कि क्या अब उनकी टीम को आउटडोर यानी खुले स्थानों पर होने वाले कार्यक्रमों पर फिर से विचार करना चाहिए, तो उन्होंने कहा कि हर स्थिति में बदलाव संभव नहीं है और कई कार्यक्रमों को खुले में ही करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जिस जगह घटना हुई, वह सुरक्षित थी, लेकिन हमलावर बहुत दूर लगभग 50 गज से दौड़ता हुआ आया था। ट्रंप के अनुसार वह काफी दूरी से तेजी से आगे बढ़ रहा था, लेकिन सुरक्षा बलों ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और उसे रोक लिया।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा कर्मियों की प्रतिक्रिया बहुत तेज थी और उन्होंने सही समय पर कार्रवाई की। ट्रंप ने यह भी साफ कहा कि ऐसी घटनाओं को वह बिल्कुल स्वीकार नहीं करेंगे और सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हमलावर को लेकर ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप से जब पूछा गया कि ऐसी घटनाएं बार-बार उनके साथ क्यों होती हैं, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने इस तरह की घटनाओं और हमलों (हत्या की कोशिशों) पर अध्ययन किया है। उनके अनुसार, अक्सर उन लोगों को निशाना बनाया जाता है जो बड़ा प्रभाव डालते हैं और जिनका काम ज्यादा महत्वपूर्ण माना जाता है। उन्होंने कहा कि जो लोग ज्यादा कुछ नहीं करते, उन्हें आमतौर पर कम ध्यान मिलता है, लेकिन जो बड़े बदलाव लाते हैं, उन्हें ज्यादा खतरा होता है। ट्रंप ने यह भी कहा कि वह इसे गर्व की बात नहीं मानते, लेकिन उन्होंने और उनकी टीम ने बहुत काम किया है। उन्होंने आगे कहा कि पहले अमेरिका को दुनिया में कमजोर या मजाक के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब उनकी नीतियों के बाद देश को दुनिया का सबसे ताकतवर और प्रभावशाली देश माना जा रहा है।
ट्रंप ने जारी किया घटना का वीडियो
वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस संवाददाता डिनर के दौरान हुई गोलीबारी की घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में कथित हमलावर को होटल के बाहर सुरक्षा जांच (सीक्रेट सर्विस चेकपॉइंट) के पास तेजी से भागते हुए दिखाया गया है, जबकि उसी समय होटल के बॉलरूम में कार्यक्रम चल रहा था।
ट्रंप द्वारा साझा किए गए इस वीडियो का उद्देश्य यह दिखाना बताया जा रहा है कि सुरक्षा घेरा मौजूद होने के बावजूद हमलावर ने घुसने की कोशिश की और घटना को अंजाम देने की कोशिश की। यह वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और इस पूरी घटना को लेकर कई सवाल फिर से उठने लगे हैं, जबकि जांच एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं।
Firing at White House Correspondents' Dinner in Washington, DC | US President Donald Trump posts a video of the accused shooter running past the Secret Service checkpoint outside the hotel ballroom where the White House Correspondents’ Dinner was taking place. pic.twitter.com/thusxg0sPp
— ANI (@ANI) April 26, 2026
ट्रंप बोले- यह कार्यक्रम अगले 30 दिनों के भीतर फिर से आयोजित किया जाएगा
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाएं देश के सामान्य जीवन को प्रभावित नहीं कर सकतीं और ऐसे लोगों को अपने मकसद में सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को उसी समय रोक दिया गया, लेकिन उनकी इच्छा थी कि कार्यक्रम जारी रहे।
ट्रंप ने कहा कि यह कार्यक्रम अगले 30 दिनों के भीतर फिर से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि वह उस मौके पर एक मजबूत भाषण देने की तैयारी में थे, लेकिन सुरक्षा कारणों से उसे रोकना पड़ा। अब अगली बार वह एक नया और बेहतर कार्यक्रम करेंगे।