07:10 AM, 15-Mar-2022
यून में यूक्रेन के प्रतिनिधि सर्गेई किस्लिट्स्या ने रूसी सैनिकों की तुलना नाजी सैनिकों से की
संयुक्त राष्ट्र में यूक्रेन के स्थायी प्रतिनिधि सर्गेई किस्लिट्स्या ने कहा कि "रूसी सैनिकों ने 80 साल पहले अपने नाजी पूर्ववर्तियों की तरह यूक्रेन में मानवता के खिलाफ युद्ध अपराध और अपराध करना जारी रखा है। इनमें "रूसी सैनिकों द्वारा शहरों पर हमला, यूक्रेन की जमीन पर लगातार आगे बढ़ना, सामूहिक कब्रें और नागरिकों के खिलाफ हमले इस बात के सबूत हैं।
06:56 AM, 15-Mar-2022
अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के संचालन पर यूक्रेन युद्ध का असर नहीं: नासा
नासा के प्रवक्ता डैन हुओट ने कहा कि "नासा अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के सुरक्षित संचालन के लिए स्टेट स्पेस कॉरपोरेशन रोस्कोस्मोस (रूस का अंतरिक्ष कार्यक्रम) सहित सभी अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के साथ काम करना जारी रखे हुए है। हुओट ने कहा कि नए निर्यात नियंत्रण उपाय यूएस-रूस नागरिक अंतरिक्ष सहयोग की अनुमति देना जारी रखेंगे। अंतरिक्ष के कक्षा में चल रहे और ग्राउंड स्टेशन के संचालन के लिए एजेंसी के समर्थन में कोई बदलाव की योजना नहीं है।
06:03 AM, 15-Mar-2022
रूसी कैप्सूल के जरिये अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री की वापसी पर यूक्रेन युद्ध को कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा: नासा
एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, नासा ने सोमवार (14 मार्च) को जोर देकर कहा कि यूक्रेन में युद्ध से जुड़े तनाव का अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के संचालन या इस महीने के अंत में रूसी कैप्सूल के जरिये अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री की योजनाबद्ध वापसी पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
04:29 AM, 15-Mar-2022
यूक्रेनी सेना की मिसाइल से 20 की मौत, 28 गंभीर रूप से घायल: रूसी विदेश मंत्रालय
रूसी विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन के दोनेत्सक में हमले को लेकर जारी बयान में कहा, "14 मार्च को यूक्रेन की सेना ने दोनेत्सक में एक आवासीय इलाके के आसपास टोचका-यू सामरिक मिसाइल दागी। इस हमले में 20 लोगों की मौत हुई है और 28 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
04:27 AM, 15-Mar-2022
अमेरिका ने की यूक्रेन को हथियार उपलब्ध कराने की घोषणा
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने एक ट्वीट कर रूस के खिलाफ युद्ध में यूक्रेन को हथियार उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही अमेरिका में यूक्रेन के शरणार्थियों को अनुमति देने और वहां पैसा, भोजन और अन्य मानवीय सहायता भेजने की घोषणा की है।
04:18 AM, 15-Mar-2022
अमेरिका ने रूस-चीन की मिलीभगत पर 'गहरी चिंता' व्यक्त की
एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन युद्ध और अन्य सुरक्षा मुद्दों पर सात घंटे तक उच्च पदस्थ अमेरिकी और चीनी अधिकारियों की मुलाकात के बाद अमेरिका ने सोमवार को रूस और चीन के बीच मिलीभगत को लेकर चिंता व्यक्त की। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर संवाददाताओं से कहा, "रूस के साथ चीन की मिलीभगत को लेकर हमें गहरी चिंता है।" उन्होंने कहा कि "दोनों देशों के अधिकारियों ने इसे लेकर बहुत ही स्पष्ट बातचीत की थी।"
03:30 AM, 15-Mar-2022
स्लोवाकिया ने तीन रूसी राजनयिकों को निष्कासित करने का निर्णय लिया
स्लोवाकिया के विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसने देश के खुफिया सेवा विभाग से मिली सूचना की समीक्षा करने के बाद रूस के तीन राजनयिकों को निष्कासित करने का निर्णय लिया है। मंत्रालय ने कहा कि यह निर्णय सोमवार को लिया गया और राजधानी ब्रातिस्लावा स्थित रूस के दूतावास के राजनयिकों के पास देश छोड़ने के लिए 72 घंटे का समय है। मंत्रालय के अनुसार, इन अधिकारियों ने राजनयिक संबधों पर वियना प्रस्ताव का उल्लंघन किया।
03:20 AM, 15-Mar-2022
डोनबास में भारी लड़ाई जारी: यूक्रेन मीडिया
यूक्रेन मीडिया द कीव इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के मुताबिक, "डोनबास में भारी लड़ाई जारी है। यूक्रेन के सशस्त्र बलों के अनुसार, 100 रूसी सैनिक मारे गए और छह वाहन नष्ट किए गए हैं। रूस ने दोनेत्सक ओब्लास्ट में यूक्रेनी सुरक्षा घेरे को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।"
03:14 AM, 15-Mar-2022
'यूक्रेन पर परमाणु हमले की फिलहाल संभावना नहीं'
रायटर्स ने संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस को उद्धृत करते हुए कहा कि यूक्रेन पर परमाणु हमले की संभावना फिलहाल संभावना के दायरे में वापस लौट गई है।
03:05 AM, 15-Mar-2022
यूक्रेन को लेकर चर्चा करने के लिए सहयोगियों से मिलने यूरोप जा सकते हैं बाइडन
न्यूज एजेंसी रायटर्स के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन यूक्रेन को लेकर चर्चा करने के लिए सहयोगियों से मिलने यूरोप जा सकते हैं। फिलहाल बाइडन प्रशासन इस बात पर चर्चा कर रहा है कि क्या बाइडन को नाटो सहयोगियों के साथ व्यक्तिगत रूप से बैठक के लिए यूरोप की यात्रा करनी चाहिए। सोमवार को स्थिति से परिचित दो सूत्रों ने कहा, व्हाइट हाउस के अधिकारी रूस और यूक्रेन संघर्ष को लेकर सहयोगियों के साथ चर्चा करने के लिए आने वाले हफ्तों में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की यूरोप यात्रा की संभावना पर चर्चा कर रहे हैं। चर्चा के तहत एक योजना में बाइडन को 23 मार्च को ब्रसेल्स में नाटो गठबंधन के अन्य नेताओं के साथ मिलने और फिर पोलैंड की यात्रा करने का आह्वान किया गया है। सूत्रों में से एक ने कहा कि यात्रा के बारे में कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।