Bangladesh Crash News Live: ढाका विमान हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख, बांग्लादेश को हरसंभव मदद का दिया भरोसा
Bangladesh Plane Crash Live News: बांग्लादेशी वायुसेना का एक एफ-7 प्रशिक्षण विमान सोमवार को कॉलेज परिसर में हादसे का शिकार हो गया। विमान के कॉलेज परिसर में गिरते ही आग लग गई। हादसे के वक्त कॉलेज परिसर में पढ़ाई चल रही थी। विमान के गिरने की आवाज और आग लगने के बाद कॉलेज में अफरातफरी मच गई। हादसे में अब तक 19 लोगों की मौत हो गई। जबकि करीब 160 से ज्यादा लोग घायल हो गए। यहां पढ़िए हादसे से जुड़ा पल-पल का लाइव अपडेट...।
लाइव अपडेट
ढाका विमान हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सोमवार को हुए एक भीषण विमान हादसे में कम से कम 19 लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक जताया है। इस दर्दनाक हादसे में ज्यादातर मृतक स्कूली छात्र हैं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भारत इस मुश्किल घड़ी में बांग्लादेश के साथ खड़ा है और हरसंभव मदद देने को तैयार है।
पीएम मोदी ने जताया दुख
पीएम मोदी ने लिखा कि ढाका में हुए दुखद विमान हादसे में कई लोगों, जिनमें कई छात्र भी शामिल हैं, की मौत से गहरा दुख हुआ है। हम शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हैं। भारत, बांग्लादेश के साथ मजबूती से खड़ा है और हरसंभव सहायता देने को तैयार है।
मामले में क्या बोला स्वास्थ्य मंत्रालय
वहीं इस मामले में हेल्थ मिनिस्ट्री के विशेष सहायक प्रोफेसर डॉ सैयदुर रहमान ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी में हुई, जबकि दो लोगों ने कुरमिटोला जनरल हॉस्पिटल में दम तोड़ा। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ा हादसा है और सरकार सभी संसाधनों के साथ राहत और इलाज में जुटी है। ढाका मेडिकल कॉलेज और अन्य अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है।
मीडिया रिपोर्ट में 19 की मौत का दावा, दर्जनों गंभीर घायल
बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस दर्दनाक हादसे में अब तक कम से कम 19 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 160 से अधिक लोग घायल हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) निदेशालय के निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल सामी-उद-दौला चौधरी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि राजधानी के विभिन्न अस्पतालों में 164 घायलों का इलाज चल रहा है।
बांग्लादेशी मीडिया के मुताबिक उत्तरा आधुनिक मेडिकल कॉलेज अस्पताल के उप निदेशक डॉ. बजलुर रहमान ने कहा कि प्राथमिक उपचार के बाद लगभग 60 घायलों को बर्न इंस्टीट्यूट रेफर कर दिया गया। जबकि मामूली रूप से घायल 25 लोगों का यहां उपचार किया जा रहा है।