Pahalgam Attack News Live: पहलगाम हमले के बाद कैबिनेट की पहली बैठक कल; पीड़ितों को मुआवजा देगी फडणवीस सरकार
Pahalgam Attack Live Updates News in Hindi: पहलगाम हमले को लेकर विपक्षी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पत्र को लिखकर संसद का विशेष सत्र बुलाने का आह्वान किया है। इससे पहले हमले को लेकर कांग्रेस विधायकों के विवादित बयान की वजह से पार्टी बैकफुट पर है। इस बीच आतंकी हमले के दौरान बायसरन में घास मैदान पर जिपलाइन कर रहे ऋषि नाम के शख्स का वीडियो सामने आया है। उनके वीडियो में आतंकी हमले का मंजर साफ नजर आ रहा है। अमर उजाला से एक्सक्लूसिव बातचीत में ऋषि ने आतंकी हमले के दौरान का भयावह मंजर बताया है। पढ़ें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लाइव अपडेट
जयशंकर ने आधा दर्जन देशों के विदेश मंत्रियों से की बात
पहलगाम हमले को लेकर दुनियाभर से भारत को मिल रहे समर्थन के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को करीब आधा दर्जन देशों के अपने समकक्षों के साथ फोन पर बात की। इस दौरान उन्होंने विश्व नेताओं आतंकवाद के प्रति भारत की शून्य सहिष्णुता की नीति से अवगत कराया। साथ ही, हमले की आलोचना के लिए आभार भी जताया।
विदेश मंत्री ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि गुयाना के विदेश मंत्री ह्यूग हिल्टन टॉड, स्लोवानियाई विदेश मंत्री तंजा फाजोन और पनामा के विदेश मंत्री जेवियर मार्टिनेट के साथ फोन पर बातचीत हुई। इस दौरान आतंकवाद से सख्ती से निपटने की जरूरत पर बात हुई। जयशंकर ने बताया कि अल्जीरियाई विदेश मंत्री अहमद त्ताफ के साथ द्विपक्षीय साझेदारी मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि भारत जल्द ही उनका स्वागत करने के लिए तत्पर है। इससे पहले, उनकी ग्रीस के अपने समकक्ष जॉर्ज गेरापेट्राइटिस से भी फोन पर बात हुई।
पहलगाम हमले को लेकर जारी सियासत के बीच राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि विपक्ष का धर्म है सरकार से सवाल करना और सरकार का धर्म है कि विपक्ष के सवालों का जवाब देना। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और खरगे जी ने सरकार को पत्र लिखकर मांग की है कि पहलगाम मुद्दे पर संसद का विशेष सत्र बुलाया जाना चाहिए। तो निश्चित रूप से हमें पूरा भरोसा है कि संसद का विशेष सत्र बुलाया जाएगा और सभी को विश्वास में लिया जाएगा और जो भी कार्रवाई उचित है वो किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब आतंकियों को सबक सिखाने का समय आ गया है इस कार्रवाई में पूरा देश एकसाथ होगा।
#WATCH दिल्ली: #PahalgamTerroristAttack पर राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, "...विपक्ष का धर्म है सरकार से सवाल करना और सरकार का धर्म है कि विपक्ष के सवालों का जवाब देना...राहुल गांधी और खरगे जी ने सरकार को पत्र लिखकर मांग की है कि पहलगाम मुद्दे पर संसद का विशेष सत्र बुलाया… pic.twitter.com/gIpHey87Br
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 29, 2025
महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने मंगलवार को पहलगाम आतंकी हमले पर कांग्रेस समेत विपक्षी नेताओं की विवादास्पद टिप्पणियों की निंदा की और कहा कि कुछ पार्टियां और उनके पदाधिकारी इस स्थिति का राजनीतिक लाभ उठाना चाहते हैं। उन्होंने 22 अप्रैल के आतंकी हमले के मद्देनजर पाकिस्तान पर निशाना साधा और कहा कि पड़ोसी देश भारत में अशांति पैदा करना चाहता है और इसलिए उससे सख्ती से निपटा जाना चाहिए।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की नेता सागरिका घोष की कश्मीर में 'बम न्याय' संबंधी टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राधाकृष्णन ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। पहलगाम हमले के मद्देनजर कथित आतंकवादियों के घरों को ध्वस्त करने के बीच टीएमसी नेता घोष ने सोमवार को कहा था कि उत्तर प्रदेश में बुलडोजर न्याय के बाद जम्मू-कश्मीर में बम न्याय देखा जा रहा है। एक्स पर एक पोस्ट में राज्यसभा सांसद ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई की जरूरत है, न कि दिखावे की।
महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने पहलगाम हमले में जान गंवाने वाले महाराष्ट्र के मृतकों के परिवारों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। राज्य सरकार इन परिवारों की शिक्षा और रोजगार की जरूरतों पर भी ध्यान देगी। जगदाले परिवार की लड़की को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
भाजपा नेता गौरव भाटिया ने कहा, 'वे पाकिस्तान को संकेत दे रहे हैं कि इस आतंकी हमले में कांग्रेस पार्टी अपने देश के साथ नहीं, बल्कि पाकिस्तान के साथ खड़ी है। कांग्रेस पार्टी द्वारा यह कोई मासूम पोस्ट नहीं है। यह हमारे देश की अखंडता को कमजोर करने और देश के प्रधानमंत्री को निशाना बनाने की एक भयावह, जहरीली साजिश है।'