10:35 PM, 23-Dec-2021
कोरोना वैक्सीन की 140.24 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि भारत में कोरोना वैक्सीन की खुराकों का आंकड़ा गुरुवार को 140.24 करोड़ के आंकड़े को पार कर गया। मंत्रालय ने कहा कि शाम सात बजे तक टीके की 51 लाख से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। देर रात तक दिन के लिए अंतिम रिपोर्ट मिलने के साथ दैनिक टीकाकरण संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
10:32 PM, 23-Dec-2021
ब्रिटेन में क्रिसमस से पहले नई पाबंदियां लगाने से इनकार
ब्रिटेन की सरकार ने गुरुवार को कहा कि वह क्रिसमस तक कोविड-19 से जुड़ी नई पाबंदियां नहीं लगाएगी और ओमीक्रॉन स्वरूप की गंभीरता पर शुरूआती अध्ययनों को उत्साहजनक बताया। स्वास्थ्य मंत्री साजिद जाविद ने कहा कि अध्ययनों से पता चलता है कि कोरोना वायरस के डेल्टा स्वरूप की तुलना में ओमीक्रॉन से संक्रमित होने पर अस्पताल में भर्ती होने की कम संभावना है, जो कि एक उत्साजनक खबर है। उन्होंने कहा कि अब तक यह बहुत स्पष्ट नहीं है कि यह खतरा कितना घटा है।
10:30 PM, 23-Dec-2021
संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष अब्दुल्ला शाहिद कोरोना संक्रमित
संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के अध्यक्ष अब्दुल्ला शाहिद ने गुरुवार को कहा कि जांच में उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि संक्रमण के लक्षण हल्के हैं और वह घर में पृथक-वास में हैं। मालदीव के विदेश मंत्री शाहिद (59) कोविड रोधी टीके की दोनों खुराक के साथ बूस्टर खुराक भी ले चुके हैं।
08:15 PM, 23-Dec-2021
गुजरात में सात नए ओमिक्रॉन संक्रमितों की पुष्टि
गुजरात में सात नए ओमिक्रॉन संक्रमितों की पुष्टि हुई। इसके बाद राज्य में कोरोना के नए वैरिएंट के कुल मामले बढ़कर 30 हो गए हैं। इनमें से 25 का फिलहाल इलाज चल रहा है।
08:07 PM, 23-Dec-2021
महाराष्ट्र में 23 और मरीज ओमिक्रॉन से संक्रमित पाए गए
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में 1,179 नए कोरोना के मामले सामने आए हैं। इस दौरान 615 लोग ठीक हुए और 17 मौतें दर्ज़ की गई। वहीं, गुरुवार को 23 और मरीज ओमिक्रॉन से संक्रमित पाए गए हैं। राज्य में अब तक ओमिक्रॉन से संक्रमित कुल 88 मरीज पाए गए हैं।
04:10 PM, 23-Dec-2021
केरल में पांच नए मामलों की पुष्टि
केरल में भी गुरुवार को पांच नए ओमिक्रॉन संक्रमितों की पुष्टि हुई है। इनमें चार कोचिन इंटरनेशनल एयरपोर्ट, एर्नाकुलम और एक बेंगलुरु एयरपोर्ट पर आए थे। सभी हॉस्पिटल में भर्ती हैं।
04:07 PM, 23-Dec-2021
कर्नाटक में ओमिक्रॉन वैरिएंट के 12 नए मामले
कर्नाटक में गुरुवार को ओमिक्रॉन वैरिएंट के 12 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इसी के साथ राज्य में ओमिक्रॉन वैरिएंट के कुल मामले 31 हो गए हैं। कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के सुधाकर ने इसकी जानकारी दी।
03:10 PM, 23-Dec-2021
ब्रिटेन में ओमिक्रॉन से अब तक 14 लोगों की मौत
ब्रिटेन में ओमिक्रॉन का कहर बढ़ता ही जा रहा है। देश में कोरोना के इस नए वैरिएंट से अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है।
02:38 PM, 23-Dec-2021
ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए केरल हाईकोर्ट ने दी ऑनलाइन विवाह की अनुमति
ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए वकील जोड़े की गुहार पर केरल हाईकोर्ट ने ऑनलाइन विवाह की अनुमति दे दी। वकील जोड़े ने कहा कि ओमिक्रॉन के खतरे के कारण शादी कार्यक्रम में व्यवधान पहुंच सकता है।
02:17 PM, 23-Dec-2021
तेलंगाना के गांव में ओमिक्रॉन से दहशत
Omicron in Telangana: तेलंगाना में ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे को देखते हुए ग्रामीणों ने गांव में 10 दिनों का सख्त लॉकडाउन लगा दिया है। तेलंगाना के राजन्ना-सिरसिला जिले के गुडेम गांव के लोगों ने गांव में 10 दिन का सख्त लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया है। ग्रामीणों द्वारा यह फैसला तब लिया गया जब को पता चला कि खाड़ी का एक व्यक्ति हाल ही में राजन्ना सिरिसिला जिले के मुस्ताबाद क्षेत्र के गुडेम गांव लौटा है और वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।