भराड़ीसैंण विधानसभा सत्र: सीएम धामी ने पेश किया अनुपूरक बजट, विधानसभा सत्र की कार्यवाही कल तक स्थगित
Uttarakhand Vidhan Sabha satra 2026 Live updates in hindi: चमोली जिले के गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण की ठंडी हवाओं के बीच आज मंगलवार से उत्तराखंड विधानसभा सत्र शुरू हो गया है। विपक्ष ने जहां सदन से सड़क तक घेरने का चक्रव्यूह तैयार किया है, वहीं सरकार भी वज्र रणनीति के साथ मैदान में उतरी है। सरकार का आखिरी कार्यकाल होने के नाते सीएम पुष्कर सिंह धामी इस अखाड़े में बड़ी घोषणा कर ढाई दांव (सबसे मशहूर दांव) भी चल सकते हैं। उत्तराखंड विधानसभा सत्र से जुड़े पल-पल के अपडेट पढ़ें यहां...
लाइव अपडेट
विधानसभा सत्र की कार्यवाही स्थगित
सदन की कार्रवाही जारी
भराड़ीसैंण विधानसभा सत्र में सदन की कार्रवाई जारी है। बजट पेश होने के बाद कई मुद्दों पर चर्चा हो रही है। कल सदन में बजट पारित किया जाएगा।गोल्डन कार्ड के लिए 125 करोड़ रुपये का प्रावधान
अनुपूरक बजट पेश किया
मुख्यमंत्री ने सदन में पेश किया 7,400 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट
भराड़ीसैंण विधानसभा सत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदन के पटल पर 7,400 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट रखा।
सदन में दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी
भराड़ीसैंण विधानसभा सत्र में विधायक बिशन सिंह चुफाल श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इससे पहले कांग्रेस विधायक ममता राकेश ने सदन में श्रद्धांजलि दी। अब विधायक दिलीप रावत सदन में अपनी बात रख रहे हैं।
गणेश गोदियाल और हरक सिंह रावत समेत कांग्रेस के कई नेता गिरफ्तार
उत्तराखंड विधानसभा सत्र के दौरान भराड़ीसैंण में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई की गई। गणेश गोदियाल और हरक सिंह रावत समेत कांग्रेस के कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया। वहीं यूकेडी कार्यकर्ता बैरिकेड पर जूझ रहे हैं।
सदन में जनरल खंडूड़ी और हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी
विधायक अरविंद पांडेय, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, बंशीधर भगत और मंत्री रेखा आर्या ने भी जनरल बीसी खंडूड़ी और हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि दी। सदन में इस समय मंत्री गणेश जोशी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
दिवालीखाल बैरियर पर कांग्रेस और यूकेडी का जोरदार प्रदर्शन, करण माहरा समेत नेता बैरियर पर चढ़े
दिवालीखाल में प्रदर्शन के दौरान करण माहरा समेत कांग्रेस के नेता बैरियर पर चढ़ गए, जिन्हें पुलिस पीछे धकेलती नजर आई। जंगलचट्टी में यूकेडी, कांग्रेस और स्वराज सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने बैरियर तोड़ा और दिवालीखाल की ओर बढ़े। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी दिवालीखाल पहुंचे, जहां यूकेडी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।
यूकेडी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन का प्रयोग, बैरियर तोड़ने का प्रयास
गैरसैंण-दिवालीखाल मार्ग पर जंगलचट्टी में प्रदर्शन कर रहे यूकेडी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने दूसरी बार वाटर कैनन का प्रयोग किया। यहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे हुए हैं और बैरियर तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। यूकेडी नेता आशीष नेगी भी मौके पर पहुंचे हैं। प्रदर्शनकारी बैरियर पर चढ़कर विरोध जता रहे हैं।