UP Lekhpal: सोशल मीडिया पर हो रही चर्चाओं को UPSSSC ने बताया अफवाह, कहा- 'परीक्षा शुचितापूर्ण हुई'
UPSSSC Lekhpal Main Exam Rumours: यूपीएसएसएससी ने लेखपाल मुख्य परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को भ्रामक बताया है। आयोग ने कहा कि परीक्षा 44 जिलों के 861 केंद्रों पर निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई। फर्जी खबर फैलाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने लेखपाल मुख्य परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि 21 मई 2026 को आयोजित लेखपाल मुख्य परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई है।
आयोग की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, लेखपाल मुख्य परीक्षा प्रदेश के 44 जिलों में बनाए गए 861 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी। आयोग ने कहा कि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बावजूद कुछ लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक दावे और गलत विश्लेषण प्रसारित कर रहे हैं, जिससे अभ्यर्थियों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।
आयोग की अभ्यर्थियों से अपील
यूपीएसएसएससी ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इस प्रकार की अफवाहों और अपुष्ट खबरों पर ध्यान न दें। आयोग ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है और भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह नियमों के अनुसार संचालित की जा रही है।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
आयोग ने चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर अभ्यर्थियों को गुमराह करने या भड़काने वाली झूठी खबरें फैलाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए आयोग पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर आवश्यक कदम उठाएगा।
आयोग ने दोहराया कि भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई थीं और परीक्षा के संचालन में पूरी सावधानी बरती गई।