UPPSC Lecturer Exam: 7 जून को नहीं होगी GIC प्रवक्ता भर्ती परीक्षा, आयोग ने तय की नई तारीख, जानें बदलाव की वजह
UPPSC Lecturer Exam: यूपीपीएससी ने प्रवक्ता जीआईसी 2025 परीक्षा की तारीख बदली है। पहले परीक्षा 7 जून 2026 को थी, अब 14 जून 2026 को होगी। यह फैसला यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा की तिथियों के साथ टकराव के कारण लिया गया है।
विस्तार
UPPSC Lecturer Exam: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) परीक्षा-2025 की तिथि में बदलाव किया है। आयोग द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, पहले यह परीक्षा 7 जून 2026 को आयोजित की जानी थी, लेकिन अब इसे स्थगित कर नई तिथि घोषित कर दी गई है।
विज्ञप्ति के मुताबिक, उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षित नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को निर्धारित की गई है। इन परीक्षाओं की तिथियों के साथ टकराव को देखते हुए आयोग ने यह निर्णय लिया है कि प्रवक्ता परीक्षा को आगे बढ़ाया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रवक्ता जीआईसी भर्ती परीक्षा अब 14 जून को
अब यह परीक्षा 7 जून की बजाय 14 जून 2026 (रविवार) को आयोजित की जाएगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह बदलाव अभ्यर्थियों के हित में किया गया है, जिससे वे दोनों परीक्षाओं में बिना किसी दबाव के शामिल हो सकें।
यह सूचना आयोग के कार्यालय, प्रयागराज से 5 मई 2026 को जारी की गई है। परीक्षा नियंत्रक द्वारा हस्ताक्षरित इस नोटिस में अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे नई परीक्षा तिथि के अनुसार अपनी तैयारी जारी रखें।
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें, ताकि परीक्षा से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण अपडेट समय पर मिल सकें। इस बदलाव के बाद अब सभी अभ्यर्थियों को अपनी परीक्षा रणनीति और तैयारी के शेड्यूल को नई तिथि के अनुसार समायोजित करना होगा। आयोग का यह निर्णय प्रतियोगी परीक्षाओं के टकराव को कम करने और परीक्षा प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।