SSC: एसएससी की सभी भर्तियों में अपलोड करना होगा लाइव फोटो, जानिए नई वेबसाइट लॉन्च होने के बाद हुए कौन से बदलाव
SSC Live Photo Rule: एसएससी द्वारा जारी नोटिस में कहा गया कि सीजीएल, एमटीएस, जीडी कांस्टेबल समेत सभी एग्जाम्स के लिए को नई फोटों खिंचवानी होगी। यह फोटो लाइव मोड में होगी।
विस्तार
SSC One Time Registration Rule: कर्मचारी चयन आयोग ने एक नया नोटिस जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि आवेदन करते समय अभ्यर्थी अब अपनी पुरानी फोटो नहीं लगा पाएंगे। नई वेबसाइट पर भर्तियों के लिए आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को लाइव फोटोग्राफ खिंचवाना होगा।
एसएससी ने हाल ही में नई वेबसाइट ssc.gov.in लॉन्च की है, जिसके बाद कई अपडेट जारी किए गए हैं। जिस भी उम्मीदवार ने एसएससी की पुरानी वेबसाइट ssc.nic.in पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन किया है, वो अब मान्य नहीं होगा। उन्हें नई वेबसाइट पर जाकर फिर से रजिस्ट्रेशन करना होगा।
अब एसएससी की किसी भी भर्ती के लिए नई वेबसाइट पर किया गया ओटीआर ही मान्य होगा। नई वेबसाइट आने के बाद कई बदलाव किए जा रहे हैं। मुख्य बदलाव नीचे पढ़ें।
SSC One Time Registration: क्या है नया नियम ?
- कर्मचारी चयन आयोग की ओर से कहा गया है कि नई भर्तियों के लिए अभ्यर्थियों को नई वेबसाइट पर आवेदन करना होगा।
- इस दौरान उन्हें अपनी लाइव फोटोग्राफ खींचनी होगी।
- अभ्यर्थी को आवेदन के दौरान अपने लैपटॉप या कंप्यूटर के वेबकैम से या अपने मोबाइल से लाइव फोटो खींचकर अपलोड करना होगा।
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) का नया नियम सभी भर्तियों यानी सीजीएल, सीएचएसएल, सीएपीएफ सीपीओ, एमटीएस, जीडी कांस्टेबल, जेई, जेएचटी, स्टेनोग्राफर समेत दूसरी अन्य भर्तियों पर लागू होगा। इन भर्तियों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को भी अब नया ओटीआर, यानी वन टाइम रजिस्ट्रेशन करना होगा।
SSC Registration Live Photograph Rule: अभ्यर्थियों को फोटो लेते समय ये सावधानियां बरतनी होंगी
- अभ्यर्थी वेबकैम से फोटो लेते समय अच्छी रोशनी और प्लेन बैकग्राउंड वाली जगह ही ढूंढें।
- फोटो लेने से पहले सुनिश्चित करें कि कैमरा आंखों के लेवल पर हो।
- अपने आप को सीधे वेबकैम के सामने रखें और सीधा सामने देखें।
- उम्मीदवारों को लाइव फोटो लेते समय टोपी, मास्क या चश्मा नहीं पहनना चाहिए।
SSC Registration: ऐसे करें नई वेबसाइट पर ओटीआर
- एसएससी की नई वेबसाइट ssc.gov.in पर जाएं।
- होम पेज पर दिए गए 'Login/Register' लिंक और फिर Register Now लिंक पर क्लिक करना होगा।
- विकल्पों में से 'अभी पंजीकरण करें' चुनें।
- अपना व्यक्तिगत विवरण सही-सही दर्ज करें।
- अपने मोबाइल और ईमेल को ओटीपी के माध्यम से सत्यापित करें।
- लॉगिन करें, अपना पासवर्ड अपडेट करें, कोई भी आवश्यक जानकारी दर्ज करें, शर्तों से सहमत हों और सबमिट करें।