RRB NTPC Graduate Level 2025: आरआरबी स्नातक स्तर के 5800 पदों पर भर्ती, 21 अक्तूबर से करें आवेदन
RRB NTPC Graduate Level 2025 Vacancy: रेलवे भर्ती बोर्ड ने एनटीपीसी स्नातक स्तर 2025 के लिए 5,800 पदों पर भर्ती निकाली है। आवेदन प्रक्रिया 21 अक्तूबर 2025 से शुरू होगी।
विस्तार
RRB NTPC Graduate Level 2025: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने स्नातक स्तर के 5800 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। आरआरबी एनटीपीसी स्नातक स्तर 2025 के लिए आवेदन प्रक्रिया 21 अक्टूबर 2025 से शुरू होगी। आवेदन की अंतिम तिथि 20 नवंबर 2025 रात 11:59 बजे है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
इन पदों पर होगा चयन
- स्टेशन मास्टर
- मालगाड़ी प्रबंधक
- यातायात सहायक (मेट्रो रेलवे)
- मुख्य वाणिज्य सह टिकट पर्यवेक्षक (CCTS)
- कनिष्ठ लेखा सहायक सह टंकक (JAA)
- वरिष्ठ लिपिक सह टंकक
कौन कर सकता है आवेदन?
स्नातक स्तर की यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए है जिनके पास विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री या इसके समकक्ष शैक्षिक योग्यता हो और जिनकी आयु 18 से 33 वर्ष के बीच हो।
इस भर्ती का संक्षिप्त नोटिस अक्तूबर के पहले सप्ताह में रोजगार समाचार (Employment Newspaper) में प्रकाशित किया गया है।
चयन प्रक्रिया
आरआरबी एनटीपीसी 2025 भर्ती में उम्मीदवारों का चयन कई चरणों के माध्यम से किया जाएगा। इसमें सबसे पहला चरण सीबीटी (कंप्यूटर आधारित परीक्षा) का पहला चरण होगा, जिसके सफल उम्मीदवार सीबीटी के दूसरे चरण के लिए पात्र होंगे। इसके बाद योग्य उम्मीदवारों को टाइपिंग टेस्ट (कौशल परीक्षा) या योग्यता परीक्षा में बैठना होगा, जो उनके पेशेवर कौशल और योग्यता को परखने के लिए आयोजित की जाती है।
चरणों के अंतिम हिस्से में दस्तावेज़ सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण शामिल हैं। दस्तावेज सत्यापन में उम्मीदवारों की शैक्षिक योग्यता, आयु, पहचान और अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों की जांच की जाती है। इसके बाद उम्मीदवारों का चिकित्सा परीक्षण कर उनकी शारीरिक एवं स्वास्थ्य स्थिति की पुष्टि की जाती है, ताकि रेलवे में नौकरी के लिए वे पूरी तरह फिट हों।