MPESB: एमपी में कांस्टेबल के 7500 पदों पर आवेदन का एक और मौका! अंतिम तिथि बढ़ी; अब छह अक्तूबर तक भरें फॉर्म
MP Police Bharti Extended Date: मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने 7500 कांस्टेबल पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक उम्मीदवार 6 अक्तूबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं करेक्शन विंडो 8 अक्तूबर तक खुली रहेगी।
विस्तार
MP Police Constable Vacancy 2025: मध्य प्रदेश पुलिस में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। एमपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2025 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब उम्मीदवार 6 अक्तूबर 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती के जरिए कुल 7500 कांस्टेबल पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। जिन अभ्यर्थियों से आवेदन फॉर्म में कोई गलती हो गई है, वे 8 अक्तूबर 2025 तक अपने आवेदन पत्र में सुधार कर सकते हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार esb.mp.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पात्रता मानदंड
सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए, मान्यता प्राप्त संस्था या मंडल से 10वीं या 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। वहीं, अनुसूचित जनजाति (ST) के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता कम से कम 8वीं कक्षा या इसके समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को यह सलाह दी जाती है कि वे आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में उपलब्ध सभी विवरण, योग्यता और शैक्षणिक मानदंडों को अवश्य चेक करें।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 33 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। उम्मीदवारों की आयु की गणना 29 सितंबर 2025 को आधार मानकर की जाएगी।
30 अक्तूबर से शुरू होगी लिखित परीक्षा
लिखित परीक्षा 30 अक्तूबर 2025 से आयोजित की जाएगी। परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी - सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक। उम्मीदवारों को सुबह की पाली के लिए 8:30 बजे से पहले और शाम की पाली के लिए दोपहर 1:30 बजे से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करना होगा। परीक्षा से पहले उम्मीदवारों को महत्वपूर्ण निर्देश पढ़ने के लिए 10 मिनट का समय दिया जाएगा।
इतना लगेगा आवेदन शुल्क
आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के लिए 500 रुपये है। जबकि एससी, एसटी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए 250 रुपये रखा गया है। मध्यप्रदेश के मूल निवासी दिव्यांगजन को 200 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं, विभागीय परीक्षा में शामिल होने वाले SC, ST, OBC और EWS अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 100 रुपये तय किया गया है।
आवेदन प्रक्रिया
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाएं।
- अब हिंदी या अंग्रेजी भाषा का चयन करें।
- होमपेज पर "Online Form – Police Constable Recruitment Test – 2025" पर क्लिक करें।
- प्रोफाइलिंग पर जाकर मांगी गई जानकारी भरकर पंजीकरण करें।
- लॉगिन के माध्यम से अन्य विवरण भरकर फॉर्म पूरा करें।
- वर्ग अनुसार निर्धारित शुल्क जमा करें।
- फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखें।