एक साल में पीसीएस की महज तीन भर्तियां, अभ्यर्थी परेशान
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की भर्तियों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इन विवादों के बीच गौर करने वाली बात यह भी है कि इस साल पीसीएस के 2013 के साथ ही 2014 व 2015 के सत्रों की भर्ती की भी उम्मीद है। वहीं अन्य भर्ती परीक्षाओं के रिजल्ट का अभ्यर्थी महीनों से इंतजार कर रहे हैं।
पीसीएस-2013 का अंतिम परिणाम इसी साल 26 मार्च को घोषित हो चुका है। पीसीएस-2014 का साक्षात्कार शुरू है जो अगले महीने तक चलेगा। अभी तक की व्यवस्था को देखते हुए साक्षात्कार के एक सप्ताह के भीतर फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया जाता रहा है।
ऐसे में अगस्त में ही 2014 का अंतिम परिणाम आ जाने की उम्मीद है। इसके अलावा पीसीएस-2015 की मुख्य परीक्षा भी चल रही है। आयोग की यह सबसे विवादित भर्तियों में से एक है। प्रांरभिक परीक्षा का पेपर भी आउट हो चुका है। इसके बाद एक पेपर की दोबारा परीक्षा करानी पड़ी।
कई भर्ती परीक्षाओं के रिजल्ट का महीनों से इंतजार
इसके बावजूद आयोग इस भर्ती को लेकर अधिक तत्पर दिखाई दे रहा है और प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट 25 दिन बाद ही मुख्य परीक्षा शुरू कर दी गई। आयोग अफसरों के अनुसार दिसंबर तक इसका फाइनल रिजल्ट घोषित करने की तैयारी है। आयोग के अध्यक्ष की ओर से भी प्रतिभागियों को इसका संकेत दिया जा चुका है। यदि ऐसा होता है तो आयोग इस साल पीसीएस की तीन भर्तियां कर लेगा।
इसके विपरीत लोअर सबऑर्डिनेट-2013, समीक्षा अधिकारी-सहायक समीक्षा अधिकारी-2013 समेत आयोग की अन्य भर्ती परीक्षाओं के रिजल्ट का अभ्यर्थियों को लंबे समय से इंतजार है। समीक्षा अधिकारी भर्ती का टाइप टेस्ट हुए भी महीनों बीत चुका है लेकिन रिजल्ट नहीं निकला।
इसी तरह से लोअर सबऑर्डिनेट-2013 की मुख्य परीक्षा भी दिसंबर में हो चुकी है, लेकिन रिजल्ट का अभी इंतजार है। आयोग की इस लेटलतीफी की वजह से दोनों भर्तियों का एक-एक सत्र लैप्स होने का भी खतरा बन गया है। इससे प्रतियोगियों में निराशा के साथ नाराजगी भी है।
एपीओ का प्रवेश पत्र अपलोड
- उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से सहायक अभियोजन अधिकारी-2015 प्रारंभिक परीक्षा का प्रवेश पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। परीक्षा चार जिलों इलाहाबाद, आगरा, गाजियाबाद और लखनऊ में 26 जुलाई को होगी। अभ्यर्थी रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्म तिथि के आधार पर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।