DSSSB: डीएसएसएसबी में 2000+ पदों के लिए आवेदन की समयसीमा बेहद नजदीक, इस तारीख से पहले भर दें फॉर्म
DSSSB Recruitment: डीएसएसएसबी में 2000 से ज्यादा पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की आखिरी तारीख नजदीक आ गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार समय रहते अपना फॉर्म भर लें।
विस्तार
DSSSB Vacancy: दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (DSSSB) द्वारा 2025 में निकाली गई 2119 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द ही समाप्त होने वाली है। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उनके पास अब बहुत कम समय बचा है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 7 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 2119 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इन पदों में विभिन्न विभागों के अंतर्गत जूनियर असिस्टेंट, स्टेनोग्राफर, लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC), फील्ड क्लर्क, अकाउंट्स असिस्टेंट, केयरटेकर, और अन्य तकनीकी व गैर-तकनीकी पद शामिल हैं।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
शैक्षणिक योग्यता: DSSSB द्वारा घोषित विभिन्न पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता पदानुसार भिन्न-भिन्न निर्धारित की गई है। अधिकांश पदों के लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं पास या स्नातक (Graduation) रखी गई है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे संबंधित पद की विस्तृत शैक्षणिक आवश्यकताएं आधिकारिक विज्ञापन से जांच लें।
टाइपिंग स्किल: कुछ पदों पर चयन के लिए टाइपिंग टेस्ट (हिंदी/अंग्रेज़ी) अनिवार्य होगा। ऐसे पदों पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित गति से टाइपिंग करने में दक्ष होना चाहिए।
आयु सीमा: अधिकांश पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 27 वर्ष निर्धारित की गई है। हालांकि, आरक्षित वर्गों (SC/ST/OBC/PWD) और महिला उम्मीदवारों को सरकार के नियमानुसार आयु में छूट प्रदान की जाएगी।
इतना लगेगा आवेदन शुल्क
इस भर्ती प्रक्रिया में सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन के लिए 100 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं, SC, ST, दिव्यांग (PWD) और सभी महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क पूरी तरह माफ किया गया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड के माध्यम से किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया
DSSSB द्वारा चयन प्रक्रिया में सबसे पहले लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद जिन पदों के लिए आवश्यक है, उनके लिए टाइपिंग टेस्ट या स्किल टेस्ट लिया जाएगा। अंत में पात्र अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) किया जाएगा, जिसके बाद अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।