बीएसएफ: कांस्टेबल ट्रेड्समैन की परीक्षा तिथि घोषित, दो दिसंबर को होगी; कब आएगा एडमिट कार्ड? नोट करें तारीख
बीएसएफ ने एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में आने वाली तकनीकी समस्याओं के लिए हेल्पडेस्क नंबर भी जारी किया है। यह सुविधा केवल ई-एडमिट कार्ड से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध रहेगी। लिखित परीक्षा तीन पालियों में होगी। प्रत्येक पाली की अवधि दो घंटे निर्धारित की गई है।
विस्तार
सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने कांस्टेबल ट्रेड्समैन भर्ती परीक्षा 2024-25 के दूसरे चरण की लिखित परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) के रूप में 2 दिसंबर 2026 को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस चरण में केवल वे अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिन्होंने भर्ती प्रक्रिया का पहला चरण यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और शारीरिक मानक परीक्षा (PST) सफलतापूर्वक पास किया है।
तीन पालियों में आयोजित होगी परीक्षा
बीएसएफ की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, लिखित परीक्षा तीन पालियों में होगी। प्रत्येक पाली की अवधि दो घंटे निर्धारित की गई है।
| पाली | परीक्षा का समय | अवधि |
|---|---|---|
| पहली | सुबह 9 से 11 बजे | 2 घंटे |
| दूसरी | दोपहर 1 से 3 बजे | 2 घंटे |
| तीसरी | शाम 5 से 7 बजे | 2 घंटे |
17 नवंबर से डाउनलोड कर सकेंगे ई-एडमिट कार्ड
बीएसएफ के नोटिस के मुताबिक, दूसरे चरण की लिखित परीक्षा के लिए ई-एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का लिंक 17 नवंबर 2026 से सक्रिय होगा। उम्मीदवार 2 दिसंबर 2026 तक अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड का लिंक संबंधित अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत ई-मेल आईडी और ऑनलाइन आवेदन के समय दिए गए मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा।
अभ्यर्थियों को ध्यान देना चाहिए कि बीएसएफ एडमिट कार्ड डाक के माध्यम से नहीं भेजेगा। यदि किसी उम्मीदवार की ई-मेल आईडी या मोबाइल नंबर गलत होने के कारण एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं हो पाता है, तो इसकी जिम्मेदारी स्वयं उम्मीदवार की होगी। बीएसएफ ने स्पष्ट किया है कि इस संबंध में किसी भी तरह के अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में परेशानी हो तो यहां करें संपर्क
ई-एडमिट कार्ड डाउनलोड करने से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बीएसएफ ने हेल्पडेस्क नंबर जारी किया है। समस्या होने पर अभ्यर्थी हेल्पडेस्क नंबर +91-9513251955 पर संपर्क कर सकते हैं। यह हेल्पडेस्क 17 नवंबर 2026 को सुबह 9 बजे से 2 दिसंबर 2026 को शाम 4:30 बजे तक उपलब्ध रहेगा। अभ्यर्थी इस नंबर पर केवल ई-एडमिट कार्ड डाउनलोड करने से संबंधित समस्याओं के लिए संपर्क कर सकते हैं।
कब जारी हुआ था भर्ती का विज्ञापन?
बीएसएफ कांस्टेबल ट्रेड्समैन भर्ती 2024-25 का विज्ञापन 10 जुलाई 2025 को रोजगार समाचार और प्रमुख समाचार पत्रों में प्रकाशित किया गया था। इसके बाद 24 जुलाई 2025 को भर्ती का विज्ञापन बीएसएफ की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन जारी किया गया था। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित शुद्धिपत्र भी बाद में जारी किए गए थे। अब पहले चरण पीईटी और पीएसटी में सफल अभ्यर्थियों के लिए दूसरे चरण की कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।