झारखंड: मां पर सात दिन के नवजात की गला दबाकर हत्या का आरोप, ग्रामसभा में हुआ खुलासा
पश्चिमी सिंहभूम के कुमारडुंगी के अंधारी गांव में सात दिन के नवजात की कथित हत्या का मामला सामने आया है। ग्रामसभा में पूछताछ के दौरान मां ने हत्या स्वीकार की। ग्रामीणों ने दलदली इलाके से शव बरामद किया, पुलिस जांच कर रही है।
विस्तार
पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के अंधारी गांव में सात दिन के नवजात की कथित रूप से गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नवजात की हत्या के बाद उसके शव को गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर पुटीसाल के दलदली इलाके में दफना दिया गया। मामले का खुलासा सोमवार को गांव में हुई ग्रामसभा के दौरान हुआ।
अंधारी गांव निवासी भगवती नायक के घर 22 सितंबर को बच्चे का जन्म हुआ था। आरोप है कि 26 सितंबर की सुबह महिला ने नवजात की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को पुटीसाल के दलदली क्षेत्र में छिपा दिया। इसके बाद महिला कुछ दिनों के लिए गांव से बाहर चली गई।
नवजात के गायब होने पर ग्रामीणों को उसके बेचे जाने का संदेह हुआ। मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए मुंडा विजय हेम्ब्रम की अध्यक्षता में विशेष ग्रामसभा बुलाई गई। पूछताछ के दौरान महिला ने कथित तौर पर नवजात की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
इसके बाद ग्रामीण महिला को लेकर पुटीसाल पहुंचे। वहां खुदाई करने पर करीब एक फीट गहरे गड्ढे से नवजात का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। ग्रामीणों के अनुसार, महिला ने शव को वहां दफनाया था। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी महिला, उसके तीन वर्षीय बेटे और उसकी मां को बस्ती से बाहर कर दिया।
मामले की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। हालांकि, ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस को लिखित शिकायत देने से इनकार कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। नवजात के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही उसकी मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।