झारखंड: दुष्कर्म के आरोपी जवान को बरी करने का फैसला हाईकोर्ट में चुनौती, रेलवे पुलिस ने दायर की अपील
झारखंड रेलवे पुलिस ने टाटीसिलवे स्टेशन के पास ट्रेन में महिला से दुष्कर्म के मामले में थलसेना के जवान को बरी किए जाने के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। पुलिस का दावा है कि मेडिकल और डीएनए रिपोर्ट में अपराध से जुड़े स्पष्ट साक्ष्य मिले थे।
विस्तार
झारखंड में ट्रेन के भीतर महिला से दुष्कर्म के मामले में थलसेना के जवान को बरी किए जाने के फैसले को रेलवे पुलिस ने उच्च न्यायालय में चुनौती दी है। वर्ष 2025 में रांची के टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन के पास हुई इस वारदात में आरोपी जवान को निचली अदालत ने दोषमुक्त कर दिया था। अब राज्य सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद रेलवे पुलिस ने फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। पुलिस ने निचली अदालत के आदेश को निरस्त कर मामले की दोबारा सुनवाई कराने की मांग की है।
मेडिकल और डीएनए रिपोर्ट में मिले थे साक्ष्य
रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की समीक्षा के दौरान जांच और कानूनी पहलुओं पर विचार किया। इस दौरान सामने आया कि पीड़िता की चिकित्सकीय जांच और डीएनए रिपोर्ट में दुष्कर्म से जुड़े स्पष्ट साक्ष्य मिले थे। इसके बावजूद निचली अदालत ने आरोपी को बरी कर दिया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने उपलब्ध साक्ष्यों और फैसले के कानूनी पहलुओं का दोबारा मूल्यांकन किया। समीक्षा के बाद निचली अदालत के निर्णय को हाईकोर्ट में चुनौती देने का फैसला लिया गया।
टाटीसिलवे स्टेशन के पास ट्रेन में हुई थी वारदात
मामला वर्ष 2025 का है। रांची के टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन के पास एक ट्रेन खड़ी थी। आरोप है कि इसी दौरान उत्तर प्रदेश निवासी थलसेना के एक जवान ने ट्रेन की बोगी में महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता के शोर मचाने पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई की और आरोपी को घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया था।
आरोपी को सजा दिलाने के लिए हाईकोर्ट पहुंची पुलिस
घटना के बाद रेलवे पुलिस ने मामले की जांच करते हुए पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया था। साथ ही डीएनए नमूने भी जांच के लिए भेजे गए थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों जांच रिपोर्ट में अपराध से जुड़े साक्ष्य सामने आए थे। अब रेलवे पुलिस ने आरोपी को सजा दिलाने के उद्देश्य से हाईकोर्ट में अपील दायर की है। मामले में निचली अदालत के फैसले और साक्ष्यों के आधार पर अब उच्च न्यायालय में सुनवाई होगी।
