Shibu Soren funeral: पंचतत्व में विलीन हुए शिबू सोरेन, पैतृक गांव में बड़े बेटे हेमंत सोरेन ने दी मुखाग्नि
Shibu Soren funeral: पैतृक गांव रामगढ़ के नेमरा में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन पंचतत्व में विलीन हो गए। पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई में लोगों का जनसैलाब उमड़ा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड आंदोलन के प्रणेता शिबू सोरेन को मंगलवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनके बड़े पुत्र और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार से पूर्व गुरुजी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। आकाश में तीन राउंड फायरिंग कर उन्हें सलामी दी गई। नेमरा नदी के तट पर स्थित शवदाह स्थल पर हजारों की संख्या में लोग और समर्थक उनके अंतिम दर्शन को पहुंचे।
मुखाग्नि से ठीक पहले मौसम ने भी भावुक पल में साथ दिया। अचानक झमाझम बारिश शुरू हो गई, लेकिन श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोग भीगते हुए भी वहां डटे रहे। समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा और समर्पण की मिसाल पेश की। अंतिम संस्कार स्थल पर झामुमो के केंद्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम, कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप, विधायक नमन विकसल कांगड़ी, विधायक अनूप सिंह समेत कई गणमान्य नेता मौजूद रहे। मुखाग्नि के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया और पिता को अंतिम विदाई दी।
पढ़ें: 'सबसे कठिन दौर से गुजर रहा हूं, झारखंड की आत्मा का स्तंभ चला गया', शिबू सोरेन के निधन पर CM हेमंत
राहुल गांधी खराब मौसम के कारण नहीं पहुंचे
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का अंतिम यात्रा में शामिल होने का कार्यक्रम था, लेकिन खराब मौसम के कारण वे नेमरा नहीं पहुंच सके। उन्हें शाम चार बजे पहुंचना था। वहीं, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शाम पांच बजे नेमरा पहुंचे और श्रद्धांजलि दी।
जाम से परेशान रहे लोग
नेमरा गांव से करीब पांच किलोमीटर पहले ही गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। अंतिम यात्रा में शामिल होने जा रहे कई लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे। प्रशासन द्वारा यातायात नियंत्रित करने के प्रयास किए गए, लेकिन भारी भीड़ के कारण व्यवस्था प्रभावित रही।