Jharkhand: भ्रष्टाचार, पेपरलीक से लेकर परिवारवाद और झूठे वादों तक, झारखंड में सोरेन सरकार पर जमकर बरसे PM मोदी
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024: प्रधानमंत्री ने कहा कि JMM-कांग्रेस-RJD ने तुष्टिकरण की नीति को चरम पर पहुंचा दिया है। ये तीनों दल सामाजिक ताना-बाना तोड़ने पर आमादा हैं, ये तीनों दल घुसपैठिया समर्थक हैं। बांग्लादेशी घुसपैठियों के वोट पाने के लिए ये इन घुसपैठियों को पूरे झारखंड में बसा रहे हैं। ये आपकी रोटी भी छीन रहे हैं, ये आपकी बेटी भी छीन रहे हैं और ये आपकी माटी को भी हड़प रहे हैं।
विस्तार
झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी राज्य में हैं। प्रधानमंत्री मोदी की सोमवार को झारखंड में दो रैलियां हैं। पहली रैली गढ़वा में हुई। गढ़वा में पीएम मोदी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राजद को जमकर घेरा। उन्होंने भ्रष्टाचार, पेपरलीक से लेकर परिवारवाद और झूठे वादों तक, लगभग हर मुद्दों पर हेमंत सोरेन सरकार को खरी-खोटी सुनाई।
झारखंड में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इंडी अलायंस की सरकार को उखाड़कर कमल खिलाने को आतुर है झारखंड की जनता! आपने कुछ महीने पहले दिल्ली में लगातार तीसरी बार भाजपा-एनडीए सरकार बनाई। अब झारखंड में विधानसभा का चुनाव है, हम सभी को मिलकर यहां भाजपा-एनडीए के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार बनानी है। मैं आज आप सबका आशीर्वाद मांगने आया हूं। आज झारखंड में हर तरफ एक ही गूंज है, 'रोटी-बेटी-माटी की पुकार, झारखंड में भाजपा-एनडीए की सरकार'।
उन्होंने कहा कि इस समय छठ का उत्साह भी चारो तरफ दिख रहा है। मैं छठी मैया की उपासना करने वालों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। झारखंड में ये चुनाव ऐसे समय हो रहे हैं, जब पूरा देश 'विकसित भारत' के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रहा है यानी आने वाले 25 वर्ष देश और झारखंड के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होंगे और झारखंड भी तब 50 वर्ष का होने वाला होगा।
'गांरटी के साथ चुनावी मैदान में उतरी BJP'
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा, झारखंड की सुविधा, सुरक्षा, स्थिरता व समृद्धि की गांरटी के साथ चुनावी मैदान में उतरी है। मैं झारखंड भाजपा को बहुत-बहुत बधाई देता हूं कि कल झारखंड भाजपा ने बहुत ही शानदार संकल्प पत्र जारी किया है। ये संकल्प पत्र रोटी-बेटी-माटी के सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि के लिए समर्पित है। माताओं, बहनों, बेटियों के कल्याण के लिए झारखंड भाजपा के संकल्प पत्र में अनेक संकल्प लिए गए हैं। 'गोगो दीदी योजना' के तहत हर महीने माताओं-बहनों को 2,100 रुपये दिए जाएंगे। गरीब परिवार की माताओं-बहनों को उज्ज्वला योजना के तहत पहले गैस कनेक्शन दिए गए, अब झारखंड में बनने जा रही भाजपा सरकार 500 रुपये में गैस सिलेंडर देगी इसके साथ अगले साल दीपावली और रक्षाबंधन पर दो मुफ्त सिलेंडर भी देगी।
'झारखंड के नौजवानों में टैलेंट की कमी नहीं'
उन्होंने कहा कि हम ईमानदारी से झारखंड के विकास की हर कोशिश कर रहे हैं। जब यहां आप लोग डबल इंजन की सरकार बनाएंगे, तो राज्य का विकास भी डबल तेजी से होने लगेगा। झारखंड के नौजवानों में टैलेंट की कमी नहीं है। ये हमारे झारखंड के बेटे और बेटियां खेल के मैदान में झारखंड का जज्बा दिखाते हैं। झारखंड के युवाओं का सामर्थ्य बढ़े, उन्हें नए अवसर मिलें ये सरकार की जिम्मेदारी होती है, लेकिन जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी ने झारखंड के युवाओं के साथ धोखा ही किया है।
'लापरवाही के कारण कई नौजवाओं की दुखद मृत्यु हो गई'
पीएम मोदी ने कहा कि जेएमएम-कांग्रेस झारखंड के नौजवानों को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था, लेकिन वादा पूरा नहीं किया। भर्तियों में धांधली, पेपर लीक जैसे यहां का उद्योग बन गया है। सिपाही भर्ती के दौरान जेएमएम सरकार की लापरवाही के कारण कई नौजवाओं की दुखद मृत्यु हो गई। अब झारखंड भाजपा ने इस स्थिति को बदलने का निर्णय लिया है। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद करीब 3 लाख सरकारी पदों को पारदर्शी तरीके से भरा जाएगा।
'आज कल अफवाहें फैलाने का बड़ा उद्योग चल पड़ा'
उन्होंने कहा कि आज कल अफवाहें फैलाने का बड़ा उद्योग चल पड़ा है। कुछ लोग भांति-भांति की दुकानें खेलकर बैठे हैं और अफवाह फैलाने का माल बेच रहे हैं। आपको ऐसी किसी भी अफवाह में नहीं आना है। आजादी के बाद ही कांग्रेस की राजनीति का बहुत बड़ा आधार रहा है- जनता से झूठ बोलना, जनता को धोखा देना। ये झूठे वादे करके मतदाताओं को धोखा देते हैं। हमारे नागरिकों की आंख में धूल झोंक देते हैं। अभी हालही में हरियाणा ने इन्हें सबक सिखाया है।
'खरगे ने भी माना- कांग्रेस झूठी गारंटी देती है'
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसके साथी जहां-जहां भी झूठ बोलकर सत्ता में आए हैं, उस राज्य को उन्होंने बर्बाद कर दिया है। कांग्रेस के जो अध्यक्ष हैं, उन्होंने भी मान लिया है कि कांग्रेस झूठी गारंटी देती है। पता नहीं कैसे खड़गे जी के मुंह से जाने-अनजाने में सच निकल गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जो ये अनाप-शनाप घोषणाएं हैं, ये राज्यों को दिवालिया कर देंगी।
'झारखंड का एक और बहुत बड़ा दुश्मन- परिवारवाद'
उन्होंने कहा कि झारखंड का एक और बहुत बड़ा दुश्मन है और वह है- परिवारवाद। JMM-कांग्रेस-RJD, ये तीनों दल घोर परिवारवादी हैं। ये लोग चाहते हैं कि सत्ता की चाबी केवल इन्हीं के परिवार के पास रहे। चंपई सोरेन जी के साथ इन लोगों (JMM) ने क्या किया... इन लोगों ने एक आदिवासी बेटे को अपमानित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जिनके लिए अपने परिवार से बड़ा कुछ नहीं है, वो आप लोगों की परवाह क्या ही करेंगे। ऐसे स्वार्थी दलों को अच्छे से सबक सिखाना है।
'मुख्यमंत्री हो या सांसद, सब पर भ्रष्टाचार के संगीन आरोप'
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार दीमक की तरह देश को खोखला करता है। भ्रष्टाचार, गरीब, दलित, पिछड़े, आदिवासी को सबसे ज्यादा दुखी करता है, बर्बाद कर देता है। झारखंड ने तो बीते 5 सालों में देखा है कि कैसे JMM-कांग्रेस-RJD सरकार ने भ्रष्टाचार किया है। मुख्यमंत्री हो, मंत्री हो, विधायक हो, सांसद हो... ऐसा कोई बचा नहीं जिन पर भ्रष्टाचार के संगीन आरोप नहीं हैं।
'तीनों दल घुसपैठिया समर्थक'
प्रधानमंत्री ने कहा कि JMM-कांग्रेस-RJD ने तुष्टिकरण की नीति को चरम पर पहुंचा दिया है। ये तीनों दल सामाजिक ताना-बाना तोड़ने पर आमादा हैं, ये तीनों दल घुसपैठिया समर्थक हैं। बांग्लादेशी घुसपैठियों के वोट पाने के लिए ये इन घुसपैठियों को पूरे झारखंड में बसा रहे हैं। ये आपकी रोटी भी छीन रहे हैं, ये आपकी बेटी भी छीन रहे हैं और ये आपकी माटी को भी हड़प रहे हैं। अगर जेएमएम-कांग्रेस-आरजेडी की यही कुनीति जारी रही, तो झारखंड में आदिवासी समाज का दायरा सिकुड़ जाएगा। ये आदिवासी समाज और देश की सुरक्षा दोनों के लिए बड़ा खतरा है, इसलिए इस घुसपैठिया गठबंधन को अपने एक वोट से उखाड़ फेकना है।
झारखंड रवाना होने से पहले क्या बोले मोदी?
झारखंड रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि झारखंड के लोगों ने फैसला कर लिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत मिल रही है।
प्रधानमंत्री ने लिखा- जीत तय है
सोशल मीडिया पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा कि 'झारखंड के लोगों ने घोषित कर दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा जीत रही है। लोकतंत्र के इस उत्साह और जश्न में मैं भी गढ़वा में सुबह साढ़े 11 बजे और चाईबासा में शाम करीब तीन बजे अपने प्रियजनों से बातचीत करूंगा।' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को गढ़वा और चाईबासा में रैलियों को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी की रैलियां ऐसे समय हो रही हैं, जब एक दिन पहले ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने झारखंड में भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया है।
संकल्प पत्र में भाजपा ने किए हैं कई बड़े वादे
भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में कई बड़े वादे किए हैं। जिनमें झारखंड की माताओं-बहनों को 'गोगो दीदी योजना' के माध्यम से प्रतिमाह 11 तारीख को 2,100 रुपये देने का एलान किया गया है। साथ ही फूलो-झानो पढ़ो बिटिया योजना के तहत गरीब और पिछड़े वर्ग की बेटियों को केजी से लेकर पीजी यानी परास्नातक तक की मुफ्त पढ़ाई का वादा, पांच एकड़ तक की भूमि पर 5000 रुपये प्रति एकड़ के लिए कृषि आशीर्वाद योजना लागू करने और कृषक सुन-नीति के तहत 3100 रुपये प्रति क्विंटल तक धान की खरीद का वादा, झारखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने और उससे आदिवासी समुदाय को बाहर रखने का भी वादा किया गया है।
संबंधित वीडियो...
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.