देवघर कांवड़िया बस हादसा: सांसद निशिकांत दुबे के ट्वीट से फैली अफरातफरी, प्रशासन ने 6 मौतों की पुष्टि की
Jharkhand: घटना के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सिविल सर्जन को त्वरित राहत एवं बचाव कार्य तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है। हमारी मेडिकल टीम मौके पर है और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
झारखंड के देवघर में सोमवार देर रात कावड़ियों से भरी एक बस सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे की जानकारी सबसे पहले गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी। अपने ट्वीट में सांसद ने हादसे में 18 कावड़ियों की मौत और 26 लोगों के घायल होने की जानकारी साझा की। इस ट्वीट के बाद जिला प्रशासन, राज्य सरकार के मंत्री और अधिकारी तुरंत हरकत में आ गए। जब प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया, तब सरकारी तौर पर 6 लोगों की मौत और 18 के घायल होने की पुष्टि की गई।
मेरे लोकसभा के देवघर में श्रावण मास में कांवर यात्रा के दौरान बस और ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण 18 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है । बाबा बैद्यनाथ जी उनके परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें
— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) July 29, 2025विज्ञापन
घटना के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सिविल सर्जन को त्वरित राहत एवं बचाव कार्य तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है। हमारी मेडिकल टीम मौके पर है और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही घटना के कारणों की जांच भी जारी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी हादसे पर दुख जताते हुए ट्वीट किया कि देवघर जिले में बस और ट्रक की टक्कर में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करता हूँ तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि घायलों का समुचित इलाज किया जाए और पीड़ितों को हरसंभव सहायता दी जाए।
पढ़ें: मोदी ने सड़क हादसे में कांवरियों की मौत पर जताया दुख, CM सोरेन ने हर संभव मदद का दिलाया भरोसा
राज्यपाल गहरी संवेदना व्यक्त की
राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन ने भी हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि श्रावणी मेले में भाग लेने आए श्रद्धालुओं की असामयिक मृत्यु अत्यंत दुखद है। शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। सांसद निशिकांत दुबे ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि श्रावण मास के इस पवित्र अवसर पर हुई यह घटना अत्यंत मार्मिक है। पूरा इलाका शोक में डूबा है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर पीड़ितों की मदद करेंगी।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी जताया दुख
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि ईश्वर मृतकों को शांति प्रदान करें। घायलों के इलाज में कोई कोताही न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मृतकों के परिजनों के साथ पूरी पार्टी खड़ी है। घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। श्रम नियोजन मंत्री संजय प्रसाद यादव ने हादसे को दुखद बताया और कहा कि मैंने जिला प्रशासन से कहा है कि घायलों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न हो। साथ ही उन्होंने सांसद निशिकांत दुबे के ट्वीट पर कहा कि कौन क्या ट्वीट करता है, वह उसका निजी विषय है। लेकिन भाजपा वाले अफवाह फैलाने में सबसे आगे रहते हैं। स्थानीय विधायक सुरेश पासवान ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया है और पीड़ितों के प्रति संवेदना जाहिर की है।