रांची में धार्मिक स्थल पर मिला मांस, सांप्रदायिक तनाव
झारखंड की राजधानी रांची के डोरंडा-हिनू इलाके में शुक्रवार की रात एक धार्मिक स्थल के पास से कथित रूप से मांस पाए जाने के बाद कई इलाकों में सांप्रदायिक तनाव फैल गया।
पूरे शहर में एहतियातन पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस के अनुसार झड़पों में एक व्यक्ति घायल हुआ है।रांची के पुलिस उपमहानिरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया है कि हंगामा करने के आरोप में अब तक 70 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है।
उन्होंने बताया कि जिन इलाकों में हंगामा हुआ है, वहां धारा 144 (निषेधाज्ञा) लागू कर दी गई है।उपमहानिरीक्षक ने बताया कि प्रभावित इलाकों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को तैनात किया गया है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
मुख्यमंत्री ने की शांति की अपील
राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी तनावग्रस्त इलाक़ों का दौरा किया और लोगों से अमन-शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस के मुताबिक़ शुक्रवार की रात शहर के डोरंडा-हिनू इलाके में एक धार्मिक स्थल के पास से कथित रूप से मांस मिलने के बाद हिंदू समुदाय के सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए थे।तब पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें समझाकर वहां से हटा दिया था।
इस घटना के विरोध में शनिवार की सुबह से ही शहर के विभिन्न इलाकों में सड़कों पर आगजनी और तोड़फोड़ होने लगी।भीड़ ने पुलिस पर पथराव भी किया। पथराव में पुलिस के कई जवानों और कुछ पत्रकारों को भी चोट लगी है। भीड़ के बेकाबू होता देख पुलिस ने कई जगहों पर लाठीचार्ज की और आंसू गैस के गोले छोड़े गए।