राजौरी । जहाँ एक तरफ कोरोनवायरस ने पूरे देश में अपना आतंक फैला रखा है और हर किसी को घर मै रहने कि सलाह दी जा रही है तो वही दूसरी तरफ मानवता की सेवा के लिए निस्वार्थ समर्पण की मिसाल कायम करने वाले डॉक्टर अपने जीवन की परवाह किये बिना ही लोगो की सेवा मै जूटे है। ऐसे ही एक डॉक्टर राजौरी मै भी हैं।गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज और एसोसिएट हॉस्पिटल राजौरी में सेवारत एक डॉक्टर ने स्वेच्छा से COVID -19 के खिलाफ लड़ाई में मदद करने के लिए 24 घंटे लगातार ड्यूटी का निर्णय लिया है। राजौरी शहर के खेवरा निवासी डॉ जावेद चौधरी जो कि जीएमसी राजौरी के कार्यकारी चिकित्सा अधीक्षक भी हैं और वो लगातार 24 घंटे उपचार प्रदान कर रहे है । उनके समर्पण का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपने दो बच्चों, पत्नी, माता और पिता सहित अपने पूरे परिवार को सुरक्षा उपाय के रूप में जम्मू शिफ्ट कर दिया, ताकि वह शारीरिक रूप से परिवार के संपर्क में न रहें। डॉ जावेद ने बात करते हुए कहा कि पूरा देश महामारी से जूझ रहा है और हर कोई इस कारण से अपनी सेवा दे रहा है। हमारा पेशा हमें मुश्किल समय में राष्ट्र की सेवा करना भी सिखाता है, यही कारण है कि मैंने स्वयं कोरोना वायरस के रोगियों के इलाज के लिए 24 घंटे यानि कि लगातार दिन रात ड्यूटी करने का फैसला लिया है । मैं COVID-19 रोगियों के साथ काम करते समय अपने परिवार को किसी भी तरह की परेशानी में नहीं डालना चाहता था, इसलिए मैंने अपने परिवार को जम्मू भेज दिया है , क्योंकि सामाजिक दूरी ही एकमात्र तरीका है जिससे हम अपने परिवार को इन मुश्किल समय में बचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मैं अपने परिवार के साथ टेलीफोन पर संपर्क करता हूं और हर दिन वीडियो कॉल के माध्यम से बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बातचीत भी करता हूं। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री उस देश के लिए COVID 19 महामारी से लड़ने में लगे डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों को प्रोत्साहित कर रहे हैं । इस परीक्षण के समय में पूरे दिल से निस्वार्थ और अथक परिश्रम करना हमारा कर्तव्य बन जाता है। वहीँ उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि हमें सुरक्षा निर्देशों का पालन करना चाहिए, सरकार द्वारा दिए गए दिशा-निर्देश का हर हाल मै पालन करना है, जिसमें हाथ ठीक से धोना, सामाजिक दूरी बनाए रखना और लॉकडाउन अवधि के दौरान बाहर नहीं आना है, तभी हम इस घातक वायरस पर जीत हासिल कर सकते हैं।