कंदील बलोच मर्डर केस: भाई समेत तीन लोगों पर आरोप तय
पाकिस्तान के मुल्तान में 15 जुलाई के दिन उस दौरान सनसनी फैल गई जब सोशल मीडिया स्टार कंदील बलोच की हत्या की खबर सामने आई। मॉडल और टीवी अभिनेत्री कंदील को उनके ही भाई ने कथित तौर पर मौत के घाट उतार दिया था। बर्बर हत्या के लिए भाई वसीम समेत तीन लोगों पर आरोप तय हुए हैं।
मीडिया खबरों के मुताबिक मुल्तान के एडिशनल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस कोर्ट ने कंदील के भाई वसीम, चचेरे भाई हक नवाज और टैक्सी ड्राइवर अब्दुल बासित के खिलाफ आरोप तय किए हैं। हालांकि, हत्या के आरोप में घिरो चौथा आरोपी जफर हुसैन अभी भी फरार है और उसे कोर्ट ने भगौड़ा भी घोषित कर दिया है। मामले को ऑनर किलिंग से जोड़ा गया, क्योंकि कंदील अपनी ऐसी तस्वीरों को सोशल मीडिया पर शेयर करती थीं जोकि उनके भाई को पसंद नहीं था।
भााई को अपने किए का पछतावा नहीं
जज सईद अहमद ने मामले की अगली सुनवाई 8 दिसंबर को रखी है। सूत्रों के मुताबिक वसीम ने हत्या के बाद अपना गुनाह कबूल लिया था और उसे अपने किए पर जरा भी पछतावा नहीं था। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वसीम ने कहा था कि कंदील अपनी अश्लील तस्वीरों को सोशल मीडिया पर डालती थीं और इसी वजह से उसने कत्ल किया।
उसने कहा कि कंदीन ने बलोच के नाम को बदनाम किया था इसलिए उसे ये सजा दी गई। वसीम ने यहां तक कह डाला कि उसे हत्या करने का जरा भी पछतावा नहीं है।
कौन है कंदील
दरअसल कंदील पाकिस्तान में एक मॉडल और टीवी अभिनेत्री थी और वह अक्सर अपने बोल्ड लूक की वजह से खबरों में बनी रहती थीं। कंदील ने पीएम मोदी का मजाक उड़ाया था। इतना ही नहीं कंदील ने इमरान खान और विराट कोहली के लिए सरेआम प्यार का इजहार किया था।
कंदील की हत्या के बाद परिवार पूरा टूट गया था, क्योंकि बताया जाता है कि वह अपने परिवार की मदद भी करती थी। बेटी की मौत के बाद पिता ने कहा था कि उनके बेटे को वही गोली मार दी जाए, जहां उसने इज्जत के नाम पर कंदील की हत्या की थी।