SC: ‘…जाने वाले तू हमें याद बहुत आएगा’, जस्टिस शाह के कार्यकाल के आखिरी दिन सीजेआई चंद्रचूड़ भी हुए भावुक
चंद्रचूड़ ने कहा कि सहयोग देखिए जिस दिन मेरी मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति हुई थी, उसी दिन 9 नंवबर 2022 को न्यायमूर्ति शाह का कॉलेजियम में प्रवेश हुआ था। वह कॉलेजियम में मेरे लिए व्यावहारिक ज्ञान से भरपूर एक ठोस सहयोगी रहे हैं।
विस्तार
सुप्रीम कोर्ट के चौथे वरिष्ठतम न्यायमूर्ति एमआर शाह सोमवार को अपने पद से सेवानिवृत्त हुए। उनके विदाई समारोह के दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) डीवाई चंद्रचूड़ भी भावुक नजर आए। उन्होंने शाह से कहा कि आप बहुत याद आएंगे।
प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति शाह को उनके साहस और जुझारूपन के लिए 'टाइगर शाह' कहकर बुलाते हैं। विदाई के समय सीजेआई ने पाकिस्तानी कवि ओबैदुल्ला अलीम की पंक्ति को याद किया। उन्होंने कहा कि ‘आंख से दूर सही दिल से कहां जाएगा, जाने वाले तू हमें याद बहुत आएगा’। साथ ही शाह की प्रशंसा करते हुए सीजेआई ने कहा कि उनके व्यावहारिक ज्ञान और उत्कृष्ट सलाह ने कॉलेजियम को निर्णय लेने में बहुत मदद की है।
चंद्रचूड़ ने कहा कि सहयोग देखिए जिस दिन मेरी मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति हुई थी, उसी दिन 9 नंवबर 2022 को न्यायमूर्ति शाह का कॉलेजियम में प्रवेश हुआ था। वह कॉलेजियम में मेरे लिए व्यावहारिक ज्ञान से भरपूर एक ठोस सहयोगी रहे हैं। वह उत्कृष्ट सलाह से भरे हुए थे, जिसने बहुत कम समय में पहली सात नियुक्तियां करने में हमारी मदद की।
गौरतलब है, महामारी के समय दोनों जज एक ही बेंच में थे। दोनों ने ऑक्सीजन और कोविड को लेकर अन्य तैयारियों को लेकर कई मामलों की सुनवाई की।
यह भी पढ़ें- SC: कार्यकाल के आखिरी दिन रो पड़े SC के न्यायाधीश एमआर शाह, कहा- मैं सेवानिवृत्त होने वाला व्यक्ति नहीं…
मुख्य न्यायाधीश ने 1998 में गुजरात उच्च न्यायालय में शाह से मुलाकात के समय को याद किया। उन्होंने कहा कि एक बार मुझे एक मामले में पेश होना था, लेकिन अपना कोट मुंबई में भूल गया था। लेकिन शाह ने मुझे बचा लिया। शाह ने अपने जूनियर से कोट की व्यवस्था कराई थी।
वहीं, न्यायमूर्ति शाह ने सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में सेवा करने में मदद करने के लिए बार के सदस्यों, अधिकारियों और उनके सहायक कर्मचारियों को धन्यवाद दिया। शाह ने कहा कि मुझे नहीं पता कि मैं इसके लायक हूं या नहीं, लेकिन मैं इसे विदाई उपहार के रूप में स्वीकार करता हूं।
बता दें, 2 नवंबर, 2018 को शीर्ष अदालत में नियुक्त किए गए न्यायमूर्ति शाह की सेवानिवृत्ति के साथ शीर्ष अदालत में न्यायाधीशों की संख्या अब सीजेआई सहित 32 हो जाएगी। एक दिन पहले ही जस्टिस दिनेश माहेश्वरी सेवानिवृत्त हुए थे।