फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Nepal Bangladesh Politics Crime and Global events

World News: राष्ट्रपति ट्रंप टैरिफ से अर्जित राजस्व से लाभांश देंगे, व्हाइट हाउस बोला- 2000 डॉलर का चेक मिलेगा

Thu, 13 Nov 2025 11:03 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Thu, 13 Nov 2025 11:03 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Nepal Bangladesh Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकियों को 2,000 डॉलर का लाभांश देने का एलान किया है। इस पर व्हाइट हाउस की तरफ से जारी बयान में कहा गया, ट्रंप ऐसा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बुधवार को व्हाइट हाउस से जारी बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद लागू टैरिफ नीतियों के माध्यम से सरकारी खजाने में आई राशि से अमेरिकियों को 2,000 डॉलर का चेक देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने संवाददाताओं को बताया कि ट्रंप का स्टाफ इस योजना को साकार करने के तरीकों पर विचार कर रहा है।
विज्ञापन


ईरान के मिसाइल निर्माण में मदद का आरोप, अमेरिका ने भारत समेत 7 देशों की 32 कंपनियों पर लगाया प्रतिबंध
अमेरिका ने ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम से जुड़े नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारत सहित सात देशों की 32 कंपनियों और व्यक्तियों पर प्रतिबंध लगाए हैं। इन देशों में चीन, हांगकांग, संयुक्त अरब अमीरात, तुर्किये, ईरान और अन्य शामिल हैं। अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि ये संस्थान और व्यक्ति ईरान के मिसाइल और मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी) निर्माण में सहयोग करने वाले कई अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति नेटवर्क का हिस्सा हैं। यह कदम ईरान की ओर से अपनी परमाणु प्रतिबद्धताओं के गंभीर उल्लंघन के जवाब में संयुक्त राष्ट्र के पुनः लगाए गए प्रतिबंधों को समर्थन देने के तहत उठाया गया है। प्रतिबंधित संस्थानों में भारत की फार्मलेन प्राइवेट लिमिटेड भी शामिल है, जिस पर आरोप है कि उसने यूएई स्थित एक फर्म के साथ मिलकर सोडियम क्लोरेट और सोडियम परक्लोरेट जैसी सामग्रियों की आपूर्ति में मदद की। 
विज्ञापन


नेपाल के पूर्व पुलिस प्रमुख खापुंग पर यात्रा प्रतिबंध
नेपाल में सितंबर में हुए जेन-जी विरोध प्रदर्शनों की जांच एक उच्च स्तरीय आयोग कर रहा है। उच्च स्तरीय आयोग ने गुरुवार को देश के पूर्व पुलिस प्रमुख की विदेश यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया। गौरी बहादुर कार्की की अध्यक्षता में आयोग की एक बैठक में पूर्व पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) चंद्र कुबेर खापुंग पर यात्रा प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। आयोग की अनुमति के बिना उनके काठमांडू घाटी छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। आयोग के प्रवक्ता ज्ञान राज शर्मा द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, पूर्व आईजीपी चंद्र कुबेर खापुंग को 8 और 9 सितंबर की घटनाओं की जांच के सिलसिले में किसी भी समय आयोग के समक्ष पेश होना पड़ सकता है, इसलिए उनकी विदेश यात्रा और घाटी से बाहर आवाजाही पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिए गए हैं। खापुंग आयोग की पूर्व अनुमति के बिना यात्रा नहीं कर सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर तनाव बढ़ा, गोलीबारी के बाद गांव खाली कराए गए
कंबोडिया ने गुरुवार को अपने सैकड़ों नागरिकों को थाईलैंड की विवादित सीमा से सटे गांवों से निकाला, जहां एक दिन पहले हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। सीमा पर यह झड़प ऐसे समय हुई जब दो दिन पहले एक थाई सैनिक बारूदी सुरंग विस्फोट में घायल हो गया था। थाईलैंड ने इस धमाके के लिए कंबोडिया को जिम्मेदार ठहराते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप की मध्यस्थता से हुए संघर्षविराम समझौते को आंशिक रूप से निलंबित कर दिया। जुलाई में दोनों देशों के बीच पांच दिनों तक चली लड़ाई में कई सैनिक और नागरिक मारे गए थे, जिसके बाद तनाव लगातार बना हुआ है।

कंबोडिया के उत्तर-पश्चिमी प्रांत बांतेई मीनचे में प्रे चान गांव से लगभग 250 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। प्रधानमंत्री हुन मानेट ने गोलीबारी की स्वतंत्र जांच की मांग की है, जबकि थाई सेना ने दावा किया कि कंबोडियाई सैनिकों ने पहले गोली चलाई। थाईलैंड ने आरोप लगाया कि कंबोडिया ने नागरिक क्षेत्रों से फायरिंग कर मानव ढाल का इस्तेमाल किया, जो मानवीय सिद्धांतों का उल्लंघन है। वहीं, कंबोडिया ने कहा कि वह संघर्षविराम का पालन जारी रखेगा और किसी भी उकसावे की कार्रवाई से बचने की अपील की।

तुर्किये ने अस्थायी रूप से सभी C-130 विमान उड़ानें रोकीं
तुर्किये ने जॉर्जिया में हुए भीषण विमान हादसे के बाद एहतियातन अपने सभी C-130 सैन्य परिवहन विमानों की उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी हैं। मंगलवार को जॉर्जिया के सिघनाघी इलाके में हुए इस हादसे में विमान में सवार सभी 20 सैन्य कर्मियों की मौत हो गई थी। तुर्किये के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि सभी C-130 विमानों की तकनीकी जांच के लिए उड़ानें रोकी गई हैं। जिन विमानों को निरीक्षण के बाद सुरक्षित पाया जाएगा, केवल उन्हें ही उड़ान की अनुमति दी जाएगी। हादसे के कारणों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल गठित किया गया है।

 

थाईलैंड की अदालत ने साइबर अपराधी को दी प्रत्यर्पण की मंजूरी
थाईलैंड की अपीली अदालत ने चीन के अनुरोध पर ऑनलाइन जुआ किंगपिन शी झिजियांग को प्रत्यर्पित करने की मंजूरी दे दी है। झिजियांग पर 200 से अधिक अवैध ऑनलाइन जुआ वेबसाइटें चलाने और म्यांमार में साइबर अपराध नेटवर्क से जुड़ा होने का आरोप है। चीन की पुलिस ने 2014 में उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था, जिसके बाद 2022 में वह बैंकॉक से पकड़ा गया। अदालत ने आदेश दिया कि 90 दिनों के भीतर उसे चीन भेजा जाए।

खैबर पख्तूनख्वा में चार टीटीपी आतंकवादी ढेर
पाकिस्तान सेना ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में कार्रवाई कर प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के चार आतंकियों को मार गिराया। ये आतंकी वाना स्थित कैडेट कॉलेज पर हुए आत्मघाती हमले में शामिल थे। सोमवार को कॉलेज के मुख्य द्वार पर विस्फोट से छह लोग घायल हुए थे। एसएसजी कमांडो ने बुधवार सुबह कॉलेज में छिपे तीन आतंकियों को ढेर किया। सेना ने परिसर से बारूदी सुरंगों को भी खत्म कर दिया। वहीं, 550 छात्रों को सुरक्षित निकाला गया है।

ऑस्ट्रेलिया की अदालत ने खारिज की रूस की अपील
ऑस्ट्रेलिया की सर्वोच्च अदालत ने रूस की उस अपील को खारिज कर दिया, जिसमें उसने कैनबरा में नए दूतावास की जमीन खाली कराने के फैसले को चुनौती दी थी। अदालत ने कहा कि सरकार का कदम राष्ट्रीय सुरक्षा के अनुरूप था, हालांकि रूस को मुआवजा दिया जाएगा और कानूनी खर्च का आधा हिस्सा भी ऑस्ट्रेलिया वहन करेगा। यह जमीन 2008 में रूस को संसद भवन से करीब 300 मीटर दूर नई एंबेसी के लिए पट्टे पर दी गई थी, जिसे 2023 में सुरक्षा कारणों से रद्द कर दिया गया। रूस ने इस कार्रवाई को रुसोफोबिक हिस्टीरिया बताया था।

चीन की क्रिप्टो क्वीन को ब्रिटेन में 11 साल की कैद
ब्रिटेन की अदालत ने चीन की 47 वर्षीय झीमिन कियान को 11 साल 8 महीने की जेल की सजा सुनाई है। कियान पर 2014 से 2017 के बीच 1.28 लाख से ज्यादा लोगों से ठगी कर करीब 6.6 अरब डॉलर के बिटकॉइन जमा करने का आरोप था। पुलिस ने उसके पास से 61,000 बिटकॉइन बरामद किए, जो अब तक की सबसे बड़ी क्रिप्टो जब्ती है। क्रिप्टो क्वीन नाम से मशहूर कियान चीन से फरार होकर ब्रिटेन में आलीशान जीवन बिता रही थी।

अमोनिया गैस लीक से ओक्लाहोमा में हड़कंप
अमेरिका के ओक्लाहोमा राज्य के वेदरफोर्ड शहर में अमोनिया गैस लीक की घटना के बाद सैकड़ों लोगों को सुरक्षित निकाला गया और कई को अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह हादसा बुधवार रात एक होटल पार्किंग में खड़े टैंकर ट्रक से गैस रिसाव के कारण हुआ। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, करीब 36 लोगों को सांस लेने में तकलीफ के चलते अस्पताल में भर्ती किया गया, जबकि 500 से ज्यादा लोगों को अस्थायी शेल्टर में रखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि अब गैस का रिसाव रुक गया है और वायु गुणवत्ता की निगरानी जारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed