Coronavirus in Maharashtra: महाराष्ट्र में मृत महिला की कोरोना वायरस रिपोर्ट आई पॉजिटिव
महाराष्ट्र के वर्धा जिला में मृत्यु के बाद एक महिला की कोरोना वायरस रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अधिकारियों ने इसपर जानकारी देते हुए कहा कि शुक्रवार को महाराष्ट्र के वर्धा जिले में 35 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई और जांच के बाद उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है।
बता दें कि वर्धा जिला ग्रीन जोन में था, जहां अब तक कोरोनोवायरस संक्रमण का एक भी मामला नहीं पाया गया था। लेकिन महिला की मौत ने अरवी तहसील के हीवारा टांडा गांव के निवासियों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।
जानकारी के अनुसार अस्थमा से पीड़ित होने के बाद महिला को आठ मई की सुबह आरवी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां बाद में उसे आरवी के उप-जिला अस्पताल में रेफर किया गया था। लेकिन यहां भी डॉक्टर ने हाथ खड़े कर दिए और फिर विनोबा भावे ग्रामीण अस्पताल पहुंचने से पहले उनकी मृत्यु हो गई।
सिविल सर्जन ने बताया कि रविवार को मिली उसकी जांच रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि वह कोरोना वायरस पॉजिटिव है। यह जिले का पहला कोरोनो वायरस केस है। अधिकारी ने मृत महीला की रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त करने के बाद उसके परिवार के हर सदस्य को सूचित कर दिया है और क्वारंटीन होने को कह दिया गया है।
मुंबई की महिला जेल में भी कैदी संक्रमित
मुंबई में आर्थर रोड जेल के बाद भायखला महिला जेल में भी 54 वर्षीय महिला कैदी में संक्रमण की पुष्टि हुई है। एक जेल अधिकारी ने रविवार को बताया, कैदी को सांस में तकलीफ की शिकायत के बाद कुछ दिन पहले कैदी को सरकारी जेजे अस्पताल ले जाया गया था। 8 मई को महिला के शुक्रवार को आए नतीजे में संक्रमण नहीं पाया गया।
शनिवार को दोबारा की गई जांच में संक्रमित पाई गई। भायखला जेल से जुडे़ एक डॉक्टर में संक्रमण की पुष्टि के दो दिन बाद महिला कैदी संक्रमित पाई गई है। इससे पहले आर्थर रोड जेल में 103 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे, जिसमें 77 कैदी और 26 पुलिस कर्मचारी शामिल थे।