राजस्थान: प्रेम प्रसंग के आरोप में दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या, भाजपा ने राहुल गांधी को घेरा
भाजपा ने कहा कि लखीमपुर खीरी जाने वाले कांग्रेस नेताओं को पार्टी शासित राज्य राजस्थान में अनुसूचित जाति के युवक की हत्या नहीं दिखती। उसके किसी नेता ने इस हत्याकांड पर संवेदना तक नहीं जताई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर सियासी हंगामे के बीच भाजपा ने कांग्रेस को निशाने पर लिया है। भाजपा ने राजस्थान के पीलीबंगा में अनुसूचित जाति के युवक की बेरहमी से हत्या करने वालों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर कांग्रेस पर सवाल दागे। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस ने अपने तमाम मुख्यमंत्रियों और नेताओं को उत्तर प्रदेश में उतार दिया है, लेकिन राजस्थान की इस घटना पर मौन हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कर दिया है कि लखीमपुर खीरी की घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी, पुलिस भी कानून के तहत काम कर रही है।
नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने लखीमपुर खीरी पहुंचने वाले कांग्रेस नेताओं के बयान का हवाला देते हुए कहा कि उनकी पीड़ित परिवारों से कोई सहानुभूति नहीं है। वे सिर्फ सियासी मौके का लाभ उठाने वहां जा रहे हैं। भाटिया ने कहा, हैरानी की बात है कि लखीमपुर खीरी जाने वाले कांग्रेस नेताओं को पार्टी शासित राज्य राजस्थान में दलित की हत्या नहीं दिखती। कांग्रेस के किसी नेता ने इस हत्याकांड पर संवेदना तक नहीं जताई। राजस्थान सरकार भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने राजस्थान सरकार से आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की।
भाटिया ने कांग्रेस के साथ-साथ सपा नेता अखिलेश यादव को भी आड़े हाथों लिया। अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने समाजवादी पार्टी के शासनकाल में असली जंगलराज देखा है, जब एक डीएसपी की हत्या कर दी गई थी। लखीमपुर खीरी में ही एक पत्रकार को जिंदा जला दिया गया था, पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। लेकिन योगी आदित्यनाथ की सरकार ने सभी मामलों में बिना भेदभाव के खिलाफ कार्रवाई की है।
क्या है पूरा मामला?
राजस्थान के हनुमानगढ़ के पीलीबंगा इलाके के प्रेमपुरा गांव में गुरुवार की शाम को कुछ दबंगों ने अनुसूचित जाति के युवक की पीट पीटकर हत्या कर दी। प्राथमिक तौर पर इसे प्रेम प्रसंग का मामला बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक वहीं की रहने वाली एक तलाकशुदा महिला को लगातार फोन कर रहा था। परिजनों ने कई बार इस पर आपत्ति जताई लेकिन शिकायत का उस पर कोई असर नहीं हुआ। इसी के चलते गुरुवार की शाम को खेत में ले जाकर निर्ममता पूर्वक कुछ लोगों ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी।