'नेहरू' सरनेम पर सियासत: कांग्रेस का पीएम मोदी पर पलटवार, कहा- उन्हें भारतीय संस्कृति की बुनियादी समझ नहीं
सुरजेवाला ने कहा, कोई व्यक्ति जो इस तरह के जिम्मेदार पद पर बैठा है, वह भारत की संस्कृति को नहीं जानता-समझता नही हैं। आप देश में किसी भी व्यक्ति से पूछ सकते हैं कि क्या वह अपने नाम में नाना के सरनेम का उपयोग करते हैं?
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को संसद में कहा था कि गांधी परिवार अपने नाम के पीछे नेहरू सरनेम का इस्तेमाल नहीं कर रहा है। एक दिन बाद कांग्रेस ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें भारतीय संस्कृति की बुनियादी समझ नहीं है।
कांग्रेस ने पूछा- क्या नाम के पीछे कोई नाना का सरनेम लगाता है?
राज्यसभा में मोदी के भाषण के बारे में जब कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला की प्रतिक्रिया पूछी गई, तो उन्होंने संवाददाताओं से कहा, केवल भगवान ही इस देश को बचा सकता है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदी में कांग्रेस मुख्यालय पर संवाददाता सम्मेलन में सुरजेवाला ने कहा, कोई व्यक्ति जो इस तरह के जिम्मेदार पद पर बैठा है, वह भारत की संस्कृति को नहीं जानता-समझता नही हैं। आप देश में किसी भी व्यक्ति से पूछ सकते हैं कि क्या वह अपने नाम में नाना के सरनेम का उपयोग करते हैं? सुरजेवाला ने कहा, अगर उन्हें (पीएम मोदी) भारत की संस्कृति की यह बुनियादी समझ नहीं है,तो केवल भगवान ही इस देश को बचा सकते हैं।
पीएम मोदी ने अपने भाषण में क्या कहा था?
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में अपने भाषण के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा था, अगर हमारे द्वारा नेहरू जी का नाम छोड़ दिया जाता है, तो हम अपनी गलती सुधार लेंगे, क्योंकि वह देश के पहले प्रधानमंत्री थे। लेकिन मुझे समझ नहीं आता कि उनके परिवार का कोई भी व्यक्ति नेहरू सरनेम रखने से क्यों डरता है? क्या नेहरू सरनेम होने में कोई शर्म है? शर्म की बात क्या है? जब एक परिवार ऐसे महान व्यक्तित्व को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है, तो आप हमसे क्यों सवाल करते रहते हैं।
मोदी ने गैर-कांग्रेसी दलों के नेतृत्व वाली राज्य सरकारों को गिराने के लिए संविधान के अनुच्छेद 356 का बार-बार इस्तेमाल करने के लिए नेहरू और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भी आलोचना की थी।