कोहरे के कोहराम से गई 13 लोगों की जान, समूचे उत्तर भारत में ठंड का कहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समूचे उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कोहराम पूरे शबाब पर है। उत्तर प्रदेश और बिहार में भारी कोहरे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में 13 लोगों की जान चली गई। वहीं हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हुई ताजा बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट आई है। सुबह की धुंध के कारण दिल्ली से चलने वाले 16 ट्रेनें रद्द हो गईं जबकि 100 ट्रेनें यहां से देरी से चल रही हैं।
रेलवे यात्रियों के लिए सोमवार का दिन बेहद मुश्किल भरा रहा। एक दर्जन से अधिक ट्रेन निरस्त रहने के कारण यात्री बिना आरक्षित बर्थ के ही यात्रा करने को मजबूर दिखे। वहीं ट्रेनों की लेटलतीफी व परिवर्तित समय से चलने के कारण उन्हें घंटों स्टेशन पर ही वक्त गुजारना पड़ा। राजधानी में 100 से अधिक ट्रेन घंटों लेट पहुंची तो 51 से अधिक ट्रेन घंटों लेट से रवाना हुईं।
सोमवार को लखनऊ-नई दिल्ली एक्सप्रेस (12419) नई दिल्ली-लखनऊ एक्सप्रेस (12420), आगरा इंटरसिटी एक्सप्रेस (14212), अमृतसर-सहरसा जनसाधारण (15210), जयनगर-अमृतसर एक्सप्रेस (14673),लिच्छवी एक्सप्रेस (14005), कालका-हावड़ा-कालका (12312), अलीगढ़-देहरादून एक्सप्रेस (14113), देहरादून-अलीगढ़ एक्सप्रेस (14114), संगम एक्सप्रेस (14164), पदमावत एक्सप्रेस (14208), हावड़ा-जम्मू एक्सप्रेस (14605) समेत कई ट्रेन निरस्त रहीं।
दिल्ली का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शीतलहर की जकड़ में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्से आ चुके हैं और समूचा उत्तर भारत घने कोहरे की चादर से ढंक गया है। उत्तर प्रदेश के नोएडा, काकोरी और मलीहाबाद में घने कोहरे से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में आठ लोगों की जान चली गई। मौसम विभाग के मुताबिक, इन क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे के अंदर कोहरे की चादर और मोटी हुई है। हमीरपुर जिला सबसे ठंडा रहा जहां का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार के औरंगाबाद जिले में खराब विजिबिलिटी के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो पर ट्रक और कार की टक्कर में दो महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हरियाणा और पंजाब के कुछ क्षेत्रों में हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहा लेकिन कई जगहों पर घने कोहरे के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। धुंध और कोहरे के कारण कुरुक्षेत्र में जीटी रोड पर 15 वाहन आपस में टकरा गए। हालांकि इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
हिमाचल प्रदेश में शीतलहर बढ़ने से कई पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई। रोहतांग, कुंजुम और साच दर्रों तथा कुल्लू जिले में ताजा बर्फबारी से न्यूनतम तापमान भी गिरा है। कुछ पहाड़ी इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री और 10 नीचे दर्ज किया गया। कश्मीर के लेह सहित कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। लेह का तापमान शून्य से 11.4 डिग्री कम रहा।
कौन सी ट्रेन कितने घंटे लेट चली
. लिच्छवी एक्सप्रेस- 34 घंटे
. शहीद एक्सप्रेस 33 घंटे
. अमृतसर-नई दिल्ली 30 घंटे
. मगध एक्सप्रेस 24 घंटे
. गोमती एक्सप्रेस 17 घंटे
. नंदन कानन 26 घंटे
. महानंदा 9 घंटा
. नार्थ इस्ट 13 घंटे
. अवध असम-24 घंटे
. पंजाब मेल-11 घंटे
. जोगबनी-आनंद विहार-17 घंटे