फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Viksit Bharat Sankalp Yatra vehicle vandalised in Odisha Big News in hindi

Big News: ओडिशा में विकसित भारत संकल्प यात्रा के वाहन पर अज्ञात लोगों का हमला, भाजपा ने कहा- बीजेडी की साजिश

Thu, 04 Jan 2024 03:32 AM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भुवनेश्वर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भुवनेश्वर Published by: जलज मिश्रा Updated Thu, 04 Jan 2024 03:32 AM IST
सार

भाजपा विधायक ने घटना का विरोध किया और धामनगर पुलिस थाने के सामने धरने पर बैठ गए। विधायक ने ट्वीट कर कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी बीजद की साजिश है। केंद्र सरकार की पहल को निशाना बनाना राज्य सरकार की कमी को दर्शाता है। यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। यह निराशाजनक है।

विज्ञापन
Viksit Bharat Sankalp Yatra vehicle vandalised in Odisha Big News in hindi
National News - फोटो : Social Media

विस्तार

ओडिशा में दिन-दहाड़े मोदी सरकार की सफल योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने वाले वाहन को अज्ञात व्यक्तियों ने तोड़ दिया। घटना ओडिशा के भद्रक जिले की है। पुलिस का कहना है कि सुबह करीब 11 बजे धामनगर में भाजपा विधायक सूर्यबंशी सूरज के नेतृत्व में विकसित भारत संकल्प यात्रा का कार्यक्रम हो रहा था। कार्यक्रम में बड़ी मात्रा में भाजपा समर्थक शामिल हुए थे। इसी वक्त किसी अज्ञात ने गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। धामनगर थाना प्रभारी फणींद्र भूषण नायक ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

विज्ञापन

विधायक ने घटना का विरोध किया और धामनगर पुलिस थाने के सामने धरना प्रदर्शन किया। विधायक ने ट्वीट कर कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी बीजद की साजिश है। केंद्र सरकार की पहल को निशाना बनाना राज्य सरकार की कमी को दर्शाता है। यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। यह निराशाजनक है। वहीं, बीजद नेता अशोक नायक ने कहा हमारी पार्टी कभी भी किसी भी हिंसा में शामिल नहीं होती। हम प्रगति में विश्वास करते हैं।

विज्ञापन

मिजोरम सीएम ने विदेश मंत्री से की मुलाकात
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को नई दिल्ली में मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं पर इस बात पर चर्चा की कैसे मिजोरम सरकार और विदेश मंत्रालय एक साथ काम कर सकता है। जयशंकर ने ट्वीट कर मुलाकात की जानकारी दी। उन्होंने सीएम से मिलकर खुशी व्यक्त की। जयशंकर ने बताया कि हमने एक साथ ही सेवा शुरू की थी और एक साथ ही ट्रेनिंग ली थी। 

विज्ञापन
विज्ञापन
जयपुर में पांच जनवरी से पुलिस अधिकारियों की बैठक
गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राजस्थान की राजधानी जयपुर में पांच जनवरी से तीन दिवसीय डीजीपी-आईजीपी सम्मेलन आयोजित होने वाला है। सम्मेलन में जम्मू-कश्मीर में आतंक, साइबर अपराध और खालिस्तान समर्थक समूहों की गतिविधियों पर प्रमुख रूप से चर्चा की जाएगी। यह सम्मेलन के प्रमुख विषय हैं। इसी के साथ तीन आपराधिक कानूनों का कार्यान्वयन, माओवाद, अंतर-राज्य पुलिस समन्वय और आम चुनावों में पुलिस की भूमिका जैसे तमाम मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। 

आईएएस अधिकारी ने की दूरसंचार कंपनी के कर्मियों से मारपीट, केस
दूरसंचार क्षेत्र की एक प्रमुख सेवा प्रदाता कंपनी के दो कर्मचारियों से एक आईएएस अधिकारी और उनके भाई ने इंटरनेट राउटर के मुद्दे को लेकर मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में आईएएस अधिकारी अमन मित्तल और उनके भाई देवेश मित्तल के साथ ही चार सुरक्षा गार्ड के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। अमन मित्तल महाराष्ट्र जल आपूर्ति और स्वच्छता विभाग में उप सचिव हैं।

छेड़छाड़ से बचने के लिए छह छात्राएं तेज रफ्तार पिकअप से कूदीं
छेड़छाड़ से बचने के लिए राज्य के छोटाउदयपुर जिले में 15-17 साल की छह स्कूली छात्राओं ने तेज रफ्तार पिकअप से कूद गईं। पुलिस के अनुसार पिकअप चालक और पांच अन्य आरोपी छात्राओं से छेड़खानी कर रहे थे। जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) इम्तियाज शेख ने कहा कि मंगलवार शाम जब लड़कियां छेड़छाड़ करने वालों से खुद को बचाने की कोशिश में कूदने लगीं तो नियंत्रण खोने से वाहन पलट गया। घटना में लड़कियों को मामूली चोटें आईं, उन्होंने कहा कि वाहन में सवार लोगों ने पीड़ितों से नकदी और सामान भी छीन लिया। पुलिस ने यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो अधिनियम) की संबंधित धाराओं और आईपीसी के तहत ड्राइवर समेत छह लोगों के खिलाफ डकैती और छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है। एक आरोपी की पहचान अश्विन भील के रूप में हुई है, जिसे दुर्घटना के बाद मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि पांच अन्य फरार हैं।

राजस्थान : आवास योजनाओं में 361 करोड़ का घपला
राजस्थान में आवास योजनाओं में 361 करोड़ का गड़बड़झाला सामने आया है। 2011 से अब तक विभिन्न आवास संबंधी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को आवास बनाने के लिए यह धनराशि जारी की गई। सूत्रों के मुताबिक, एक जांच में सामने आया कि लाभार्थी या तो इस पैसे को लेकर रफूचक्कर हो गए या फिर भूमि विवाद और अन्य कारण उन्होंने मकान ही नहीं बनाया। सूत्रों के अनुसार विधानसभा चुनाव पूर्व अक्तूबर माह में ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव उषा शर्मा के सामने यह मामला लाया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि ऐसे विवादित मामलों को राज्य के लक्ष्यों से हटा दिया जाना चाहिए। अब वित्त विभाग निर्णय करेगा कि इस राशि को बट्टे खाते में माना जाए या इसकी वसूली के रास्ते निकाले जाएं। ग्रामीण विकास विभाग की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में 2011 से 2016 तक चली इंदिरा आवास योजना, 2011 से 2013 तक राज्य प्रवर्तित योजना सीएम बीपीएल आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में ऐसे 60 हजार से अधिक लाभार्थी बताए हैं।
 
कच्चे तेल का रिसाव, बीमार पड़ रहे पेलिकन
एक रिफाइनिंग कंपनी से कच्चे तेल का रिसाव चेन्नई के उत्तर स्थित कोसस्थलैयार नदी, जैव विविधतापूर्ण एन्नोर क्रीक और बंगाल की खाड़ी में पहुंच गया। इससे पास्थितिकी तंत्र दूषित हो गया। पानी में तेल फैलने से पक्षी बीमार पड़ने लगे हैं। एन्नोर से तेल से लथपथ छह स्पॉट-बिल्ड पेलिकन (ये पक्षी अपनी लंबी चोंच और बड़ी गले की थैली से पहचाने जाते हैं) मिले। इनका गिंडी राष्ट्रीय उद्यान में उपचार चल रहा है। बाद में उन्हें टैग कर जंगल में वापस छोड़ा जाएगा। विशेषज्ञों की टीम रिसाव के प्रभाव का आकलन करने में जुटी है। 

रणधीर जायसवाल विदेश मंत्रालय के नए प्रवक्ता
साल 1998 बैच के भारतीय विदेश सेवा के वरिष्ठ अधिकारी और न्यूयाॅर्क में भारत के महावाणिज्य दूत रहे रणधीर जायसवाल विदेश मंत्रालय के नए प्रवक्ता बनाए गए हैं। निवर्तमान प्रवक्ता अरिंदम बागची ने उन्हें शास्त्री भवन स्थित बाह्य प्रचार विभाग में जायसवाल को कार्यभार सौंपा। बागची को संयुक्त राष्ट्र के जिनेवा कार्यालय में भारत का स्थाई प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है। जायसवाल महावाणिज्य दूत से पहले संयुक्त राष्ट्र के न्यूयाॅर्क मुख्यालय में स्थाई मिशन, पुर्तगाल, दक्षिण अफ्रीका और क्यूबा में तैनात रह चुके हैं। 

मुंबई : अवसाद में आकर 14वीं मंजिल से कूदी छात्रा, मौत
महाराष्ट्र की राजधानी में बुधवार सुबह एक छात्रा ने इमारत की 14वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने कहा, घटना अंधेरी के डीएन नगर थाना क्षेत्र की है। छात्रा एक सुसाइड नोट छोड़कर गई है, जिससे पता चलता है कि डिप्रेशन के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। एक अधिकारी ने कहा, विधि प्रमोद कुमार सिंह (19) यहां एसवी रोड पर स्थित मिलियनेयर हेरिटेज सोसाइटी में रहती थी।

देहाद्राई ने सीबीआई में दर्ज कराई शिकायत, कहा-पीछे नहीं हटूंगा
तृणमूल कांग्रेस नेता महुआ मोइत्रा पर अपनी निगरानी का आरोप लगाने वाले वकील जय अनंत देहाद्राई ने कहा कि मैंने अपनी शिकायत सीबीआई में दर्ज कराई दी है और अब मैं पीछे नहीं हटूंगा। देहाद्राई पैसे लेकर सवाल पूछने के मामले में भी शिकायतकर्ता थे। इस मामले में महुआ को लोकसभा से निलंबित कर दिया गया है। वकील देहाद्राई ने कहा कि यह बहुत ही गंभीर मुद्दा है और ओडिशा के कुछ लोग हैं जो उनकी वित्तीय मदद कर रहे हैं जिनके खिलाफ सीबीआई में शिकायत दर्ज कराई है। 

अरहर दाल उत्पादकों के लिए शाह आज करेंगे पोर्टल का उद्घाटन
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह विज्ञान भवन में अरहर उत्पादक किसानों के पंजीकरण, खरीद और भुगतान के लिए बृहस्पतिवार को एक पोर्टल का लोकार्पण करेंगे। इस मौके पर वह दलहन के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने को लेकर संवाद भी करेंगे। इस पहल के माध्यम से नेफेड और एनसीसीएफ के खरीद करने पर सीधे खातें में भुगतान प्राप्त होगा। इससे स्थानीय स्तर पर उत्पादन बढ़ेगा और आयात पर निर्भरता कम होगी।

हिमाचल के डीजीपी संजय कुंडू के तबादले पर रोक
सुप्रीम कोर्ट ने हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के उस आदेश पर रोक लगा दी, जिसमें संजय कुंडू का पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पद से तबादला करने का निर्देश दिया गया था। शीर्ष अदालत ने साथ ही कुंडू को डीजीपी के पद से स्थानांतरित करने और उन्हें आयुष विभाग के प्रमुख सचिव के रूप में तैनात करने के राज्य सरकार के आदेश पर भी रोक लगा दी। सीजेआई जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने कुंडू को आदेश वापस लेने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने की भी छूट दी। पीठ 26 दिसंबर, 2023 को पारित हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ अधिकारी की ओर से दायर एक विशेष अनुमति याचिका पर सुनवाई कर रही थी।



चंदा कोचर की जमानत के खिलाफ सुनवाई 12 तक टली
उच्चतम न्यायालय ने लोन धोखाधड़ी मामले में आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व सीईओ और प्रबंध निदेशक चंदा कोचर और उनके पति दीपक कोचर को जमानत देने के बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली सीबीआई की याचिका पर सुनवाई 12 जनवरी तक के लिए टाल दी। न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी और न्यायमूर्ति पंकज मिथल की पीठ ने बुधवार को यह कहते हुए मामले को स्थगित कर दिया कि बंबई उच्च न्यायालय कोचर के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए आईसीआईसीआई बैंक की मंजूरी के खिलाफ 5 जनवरी को कोचर के मामले की सुनवाई करने वाला था।

पर्यावरणीय मंजूरी के बिना मंत्रालय की परियोजनाओं पर सुप्रीम कोर्ट की रोक
सुप्रीम कोर्ट ने पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से जारी एक ज्ञापन पर रोक लगा दी है, जिसमें पर्यावरणीय मंजूरी के बिना ही परियोजनाओं को शुरू करने की अनुमति दी गई थी। जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ ने एनजीओ वनशक्ति की याचिका पर पर्यावरण और वन मंत्रालय को नोटिस जारी किया। पीठ ने नोटिस के जवाब के लिए चार हफ्ते का समय देते हुए कहा कि अगले आदेश तक मंत्रालय के 20 जनवरी 2022 के ज्ञापन पर रोक रहेगी। एनजीओ के वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायणन ने कहा कि किसी भी गतिविधि की अनुमति देने से पहले पर्यावरणीय प्रभाव मूल्यांकन अनिवार्य है और मंत्रालय का 20 जनवरी 2022 का आदेश पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के खिलाफ है।

तीन करोड़ छात्रों ने एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट  में पंजीकरण कराया
तीन करोड़ छात्रों ने एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (एबीसी) में पंजीकरण करा लिया है। एकेडमिक बैंक क्रेडिट के माध्यम से छात्र अपने डिग्री प्रोग्राम के साथ-साथ मनपसंद विषयों और बहुविषयक प्रोग्राम की पढ़ाई कर सकते हैं। इन सभी के क्रेडिट छात्र की डिग्री में जुड़ते रहेंगे। नौकरी के समय छात्र को इन क्रेडिट का लाभ मिलेगा। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, एकेडमिक बैंक क्रेडिट पोर्टल पर देशभर के तीन करोड़ से अधिक छात्रों ने पंजीकरण करा लिया है। इसमें छात्र एक विश्वविद्यालय या कॉलेज में पढ़ाई के दौरान स्वयं पोर्टल या अन्य कॉलेज या विश्वविद्यालय से साथ में मनपसंद कोर्स की ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से पढ़ाई कर क्रेडिट अर्जित का लाभ पा सकता है। इसमें छात्रों के साथ-साथ विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों को भी एकेडमिक बैंक क्रेडिट (एबीसी) के तहत जुड़ना होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed