फरार माल्या को भारत लाने की कोशिशें तेज, यूके में जारी हो सकता है वारंट
यूके में रह रहे शराब कारोबारी विजय माल्या को भारत लाने के लिए किए जा रहे प्रयासों में सफलता मिलती नजर आ रही है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने विजय माल्या को भारत लाने की कोशिशों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 'माल्या के प्रत्यर्पण को लेकर 17 फरवरी को यूके के गृहमंत्रालय ने बताया कि भारत के अनुरोध को आगे बढ़ा दिया गया है। वारंट जारी करने के मामले में इसे जिला न्यायाधीश के पास वेस्टमिंस्टर मैजिस्ट्रेट कोर्ट भेजा गया है।'
इससे पहले फरवरी में सरकार ने माल्या के संबंध में ब्रिटेन के उच्चायोग को प्रत्यर्पण के लिए एक औपचारिक अनुरोध सौंप था, इसमें कहा गया था कि उसके खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं और लोन डिफॉल्ट के आरोप में एक वैध मामला है।
माल्या के खिलाफ जारी हुआ था गैर जमानती वारंट
कई बार माल्या को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अधिनियम के तहत जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय के जांचकर्ताओं के सामने पेश होने के लिए कहा गया, लेकिन वह पेश नहीं हुआ।
इस साल जनवरी में भी सीबीआई अदालत ने 720 करोड़ के आईडीबीआई बैंक लोन डिफॉल्ट केस में माल्या के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था।
गौरतलब है कि माल्या की किंगफिशर एयरलाइंस पर बकाया 9,000 करोड़ रुपये वसूलने के लिए जब बैंकों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया तो वह मार्च 2016 में ब्रिटेन भाग गया।