फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Two Myanmar Nationals arrested in Mizoram for possessing Drugs Meth tablets Big News in Hindi

Big News: मिजोरम में ड्रग्स के साथ म्यांमार के दो नागरिक गिरफ्तार; ग्वालियर में बस-ट्रैक्टर की टक्कर, 16 घायल

Thu, 22 Feb 2024 01:51 AM IST
गुलाम अहमद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आइजोल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आइजोल Published by: गुलाम अहमद Updated Thu, 22 Feb 2024 01:51 AM IST
सार

बयान में कहा गया है कि जब्त की गई नशीली दवा म्यांमार से तस्करी कर लाई गई थी। दोनों पर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट 1985 की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

विज्ञापन
Two Myanmar Nationals arrested in Mizoram for possessing Drugs Meth tablets Big News in Hindi
National News - फोटो : Social Media

विस्तार

मिजोरम के चम्फाई जिले में बुधवार को म्यांमार के दो नागरिकों को नशीली दवा रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के उत्पाद शुल्क और मादक द्रव्य विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को भारत-म्यांमार सीमा के पास त्लांगसम गांव में एक अभियान चलाया और म्यांमार के दो नागरिकों के कब्जे से पांच लाख मेथामफेटामाइन गोलियां जब्त कीं। बयान में कहा गया है कि दोनों आरोपी म्यांमार के चिन राज्य के रहने वाले हैं। जब्त की गई नशीली दवा म्यांमार से तस्करी कर लाई गई थी। दोनों पर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट 1985 की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

विज्ञापन


 
ग्वालियर में बस-ट्रैक्टर की टक्कर, 16 लोग घायल
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में बुधवार को एक बस और ट्रैक्टर में टक्कर हो गई। इस हादसे में 16 लोग घायल हुए हैं। बताया गया है कि यह हादसा जिले के हजीरा क्षेत्र में हुआ।
विज्ञापन

मिजोरम कांग्रेस के अध्यक्ष बने लल थंजारा
वरिष्ठ कांग्रेस नेता लल थंजारा को पार्टी की मिजोरम इकाई का नया अध्यक्ष चुना गया है। सूत्रों ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री लल थनहवला के भाई लल थंजारा ने मंगलवार को संगठन चुनाव में पूर्व मंत्री जोडिंटलुआंगा राल्टे को 112 वोटों के अंतर से हराया। पूर्व मंत्री थंजारा वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष ललसावता की जगह लेंगे।  

तेजस को भविष्य के हथियारों से लैस करने के लिए वायु सेना ने किया करार
एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी (एडीए) ने हल्के लड़ाकू विमान तेजस में भविष्य के हथियार और सेंसर को एक साथ लगाने के लिए भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। एडीए एक प्रमुख संगठन है, जो तेजस विमान कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के लिए रक्षा अनुसंधान और विकास (डीआरडीओ) के तहत काम करता है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि वर्तमान युद्ध परिदृश्य में, विमान के हथियारों और सेंसर सूट को अपग्रेड करने की निरंतर आवश्यकता है। इस दिशा में एडीए ने सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एसडीआई) को हथियारों और सेंसरों के एकीकरण के लिए तकनीकी हस्तांतरण शुरू कर दिया है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, इससे भारतीय वायुसेना को तेजस-एलसीए लड़ाकू विमान की परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए स्वतंत्र रूप से सेंसर, हथियार और उड़ान परीक्षण करने की सुविधा मिलेगी।

एअर इंडिया का इंजीनियरिंग कंपनी के साथ 12 साल का करार
एअर इंडिया ने एयरलाइन के ए-320 श्रेणी के विमानों के लिए एसआईए इंजीनियरिंग कंपनी लिमिटेड के साथ 12 साल का समझौता किया है। एयरबस ए-320 विमानों के रखरखाव, विशेषकर उपकरण में कोई खराबी अथवा दिक्कत होगी तो यह कंपनी बीमा की तरह काम करेगी। एयरलाइन ने बुधवार को कहा, एसआईए एयरफ्रेम और ऑन-विंग इंजन कलपुर्जे के लिए मरम्मत और ओवरहाल सेवाएं भी प्रदान करेगा। वर्तमान में एअर इंडिया के 123 विमानों के कुल बेड़े में ए-320 के लगभग 60 विमान हैं, जिनमें 320 और 321 शामिल हैं। इसने 210 ए-320 विमानों का ऑर्डर भी दिया है। एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने कहा कि समझौते से एयरबस ए-320 विमानों के लिए हमारी मरम्मत और रखरखाव क्षमताओं को और मजबूत करेगा।

दिव्यांगजनों के पुनर्वास के लिए 100 करोड़ की परियोजनाएं शुरू
केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार कुमार ने दिव्यांगजनों (पीडब्ल्यूडी) के पुनर्वास के लिए बुधवार को देशभर में 100 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। कुमार ने वर्चुअल माध्यम से योजनाओं की शुरुआत करते हुए कहा कि दिव्यांगजन 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाने में बेहद अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि कटक में 4,563 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला नया व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र, दिव्यांग जनों को व्यापक व्यावसायिक प्रशिक्षण देने के लिए तैयार है। सेंटर में एलईडी रिपेयर से लेकर ब्यूटी थेरेपी, मोबाइल हार्डवेयर रिपेयर और सॉफ्ट स्किल्स जैसे कोर्स उपलब्ध कराए जाएंगे। 

कक्षा छह से 12 तक के आदिवासी छात्रों की होगी स्वास्थ्य जांच: सोनोवाल
देश में आदिवासी स्कूली छात्रों के स्वास्थ्य की जांच के लिए बुधवार को केंद्र सरकार ने एक अभियान की शुरुआत की। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और अर्जुन मुंडा ने संयुक्त रूप से अभियान शुरू किया। केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने कहा कि कक्षा छह से लेकर 12वीं तक के आदिवासी छात्रों की आयुर्वेद पद्धति के जरिये स्वास्थ्य जांच कराई जाएगी। इसके तहत देश के कुल 20 हजार छात्रों को शामिल किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि पारंपरिक दवाओं के महत्व के बारे में हमारी भावी पीढ़ी को जागरूक करने के लिए स्कूलों में अधिक से अधिक औषधीय पौध उद्यान भी विकसित करने चाहिए। इस दौरान एक ई-बुक का अनावरण भी किया गया। केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने कहा कि 14 राज्यों के 55 एकलव्य मॉडल आवासीय स्कूलों में अभियान चलाया जाएगा। आयुर्वेद चिकित्सक इन स्कूलों में जाकर एनीमिया, हीमोग्लोबिन पैथी, कुपोषण और तपेदिक की जांच करेंगे। साथ ही रोग प्रबंधन को लेकर जानकारियां भी साझा करेंगे। 

लोन एप धोखाधड़ी मामले में गुजरात के चार लोग गिरफ्तार
केरल पुलिस ने हाल ही में एक लोन एप के संचालकों की धमकी के बाद एक व्यक्ति की कथित आत्महत्या के मामले में गुजरात के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। केरल पुलिस की पांच सदस्यीय टीम साइबर विशेषज्ञों की मदद से आरोपियों का पता तलाश कर पिछले सप्ताह गुजरात पहुंची थी। पुलिस सूत्रों ने कहा कि आरोपियों के फोन नंबर, ईमेल पते और बैंक विवरण, लॉटरी विक्रेता अजय राज के मोबाइल फोन से एकत्र किए गए। लॉटरी विक्रेता ने पिछले सितंबर में आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकर, उसके परिवार के सदस्यों को भेजी थीं, जिसके बाद उसने आत्महत्या कर ली।

टीडीपी अध्यक्ष ने पत्रकारों पर हमले को लेकर डीजीपी को लिखा पत्र 
आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और टीडीपी अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू ने हाल के दिनों में कुछ पत्रकारों और मीडिया समूह पर हुए हमलों पर चिंता जताई है। नायडू ने बुधवार को आंध्र प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) केवी राजेंद्रनाथ रेड्डी को पत्र लिखकर पत्रकारों के खिलाफ हमले में शामिल आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पार्टी सुनियोजित तरीके से पत्रकारों के खिलाफ हमले कर रही है। 14 फरवरी को पलनाडु जिले में वाईएसआरसीपी नेताओं से जुड़े रेत माफिया के खिलाफ खबर लिखने पर एक पत्रकार पर हमला किया गया। नायडू ने कथित तौर पर नफरती और भड़काऊ बयान देने के लिए मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।

संदेशखाली मामला: शिबु के खिलाफ दुष्कर्म की एक और शिकायत
पश्चिम बंगाल के संदेशखाली मामले में गिरफ्तार तृणमूल नेता शिबु हाजरा के खिलाफ दुष्कर्म की एक और शिकायत दर्ज की गई है। बशीरहाट महकमा अदालत में बुधवार को शिकायतकर्ता का गुप्त बयान लिया गया। शिबु के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला पहले से ही दर्ज है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नई शिकायत शिबु समेत तीन के खिलाफ दर्ज की गई है। शिबु हाजरा संदेशखाली-2 ब्लॉक का तृणमूल अध्यक्ष था। उसे बीते शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। इसबीच, हालात का जायजा लेने डीजीपी राजीव कुमार बुधवार शाम संदेशखाली पहुंचे।

अभी गठबंधन में नहीं: कमल हासन
अभिनेता से नेता बने कमल हासन ने कहा कि उनकी पार्टी मक्कल निधि मय्यम विपक्षी गठबंधन में शामिल नहीं हुई है। अभी बातचीत चल रही है, लेकिन हम सामंती राजनीति का हिस्सा बनने से बचेंगे। यह वक्त दलगत राजनीति से ऊपर उठने और देश के बारे में सोचने का है। 

10वीं हिंदी के प्रश्न पत्र को किसी ने जटिल तो किसी ने आसान बताया
सीबीएसई के दसवीं कक्षा के हिंदी पेपर को लेकर छात्रों की मिली-जुली प्रतिक्रिया रही। किसी के लिए यह प्रश्न पत्र जटिल तो किसी के लिए काफी संतुलित व आसान रहा। प्रश्न पाठ्यक्रम से बाहर के नहीं थे, सभी एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों से ही पूछे गए। शिक्षकों के अनुसार जिन्होंने भी इस विषय का गहनता से अध्ययन किया होगा वह 80 अंक वाले इस प्रश्न में 70 से अधिक अंक ले आएगा। कुछ बच्चों ने पेपर के लंबा होने की भी शिकायत की। कुछ प्रश्न ऐसे थे कि जिन्हें बच्चों ने आसानी से हल कर दिया। जबकि कुछ को शब्दावली कठिन लगी। परीक्षा सेंटर से बाहर निकली एक छात्रा ने बताया कि पेपर आसान था समय प्रबंध सही नहीं होने के कारण थोड़ा लंबा लगा।

एलएसी पर भारत धमकाने वालों के खिलाफ दृढ़ होकर खड़ा : अरमाने
पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीन की सैन्य हठधर्मिता का जिक्र करते हुए रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने ने कहा कि भारत एक धमकाने वाले के खिलाफ बहुत दृढ़ संकल्प होकर खड़ा है।अरमाने इंडस-एक्स शिखर सम्मेलन में एक संवाद सत्र में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका हिंद-प्रशांत के भू-राजनीतिक परिदृश्य को आकार देने, क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

स्टरलाइट संयंत्र : सुप्रीम कोर्ट ने की पर्यावरण सुरक्षा उपायों की वकालत
सुप्रीम कोर्ट ने वेदांता समूह की कंपनी स्टरलाइट कॉपर से कहा कि वह तमिलनाडु के थूथुकुडी में स्थानीय समुदाय की व्यापक चिंताओं से अनभिज्ञ नहीं रह सकती है। उसे अपने संयंत्र को फिर से खोलने से पहले प्रस्तावित विशेषज्ञ पैनल के सुझाए पर्यावरणीय सुरक्षा उपायों को लागू करना होगा। शीर्ष अदालत ने बंद संयंत्र का निरीक्षण करने, हरित मानदंडों के अनुपालन और आगे का रास्ता सुझाने के लिए 14 फरवरी को डोमेन विशेषज्ञों का पैनल गठित करने का सुझाव दिया था। संयंत्र मई 2018 से बंद है, क्योंकि इसके कारण होने वाले प्रदूषण को लेकर विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस की गोलीबारी में 13 लोगों की मौत हो गई थी। 

गरीब कैदियों की रिहाई के लिएए 20 करोड़ आवंटित
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गरीब कैदियों को जमानत के लिए 20 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। ये वे कैदी हैं जो जेल में बंद हैं और आर्थिक तंगी की वजह से अपनी जमानत राशि का भुगतान नहीं कर सकते। सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को भेजे पत्र में गृह मंत्रालय ने कहा कि प्रत्येक राज्य को केंद्र सरकार से राज्य मुख्यालयों तक धन के निर्बाध प्रवाह के लिए एक समर्पित खाता खोलना चाहिए ताकि धन जरूरतमंदों को वितरित किया जा सके। इसमें कहा गया है कि मंत्रालय ने सालाना 20 करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान किया है। इसका उपयोग राज्य और केंद्रशासित प्रदेश गरीब कैदियों को जेल से रिहाई के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए कर सकते हैं। 

सीएपीएफ, असम राइफल्स के लिए 24 हजार प्रतिनियुक्ति रिजर्व पूल
केंद्र सरकार ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, असम राइफल्स में लगभग 24 हजार प्रतिनियुक्ति रिजर्व पूल बनाया है। इसका उद्देश्य बेहतर पदोन्नति की राह सुनिश्चित करने, कर्मियों की नई भर्ती और विभिन्न प्रकार के आंतरिक कार्यों में गुणवत्तापूर्ण जनशक्ति सुनिश्चित करना है। गृह मंत्रालय ने मंगलवार को सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एसएसबी और असम राइफल्स में 23,958 प्रतिनियुक्ति रिजर्व के निर्माण के लिए एक आदेश जारी किया। असम राइफल्स के अलावा इन पांच केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) को देशभर में आतंकवाद विरोधी अभियानों, सीमा की रखवाली और चुनावों के संचालन और कानून व्यवस्था के रखरखाव जैसे विभिन्न आंतरिक सुरक्षा कर्तव्यों को पूरा करने के लिए तैनात किया गया है। वे विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) जैसे विभिन्न विशिष्ट प्रतिनियुक्ति संगठनों के प्राथमिक जनशक्ति फीडर भी हैं। ये एजेंसियां गृह मंत्रालय के अधीन कार्य करती हैं जो भारत की आंतरिक सुरक्षा के लिए जिम्मेदार है।

केरल सरकार ने वायनाड में मानव-पशु संघर्ष की अनदेखी की : यादव
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बुधवार को केरल सरकार पर वायनाड जिले में बढ़ते मानव-पशु संघर्ष की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केरल के वायनाड में मानव-पशु संघर्ष की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर स्थिति बेहद गंभीर है। वायनाड कांग्रेस नेता राहुल गांधी का लोकसभा क्षेत्र है। यादव ने कहा कि वह भारतीय वन्यजीव संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिकों के साथ क्षेत्र के दौरे पर हैं।  

महाराष्ट्र विस अध्यक्ष व एनसीपी शरद गुट को हाईकोर्ट का नोटिस
मुंबई। बॉम्बे हाईकोर्ट ने अजित पवार के नेतृत्ववाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की ओर से दायर याचिका पर बुधवार को महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और शरद पवार गुट को नोटिस जारी किया है। अजित पवार की एनसीपी ने हाईकोर्ट में एनसीपी शरद पवार गुट के 10 विधायकों को अयोग्य नहीं ठहराने के विधानसभा अध्यक्ष के फैसले को चुनौती दी है।

परीक्षा के डर से छह मंजिला इमारत से कूदकर दी जान
कर्नाटक में मणिपाल विश्वविद्यालय में बीएससी-द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने परीक्षा के डर से जान दे दी। वह छह मंजिला इमारत से कूद गया। मृतक की पहचान बिहार निवासी सत्यम सुमन के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि बीते शनिवार जब उडुपी जिले के मणिपाल वििव में परीक्षाएं चल रही थीं, तब सत्यम छठी मंजिल पर चला गया। कुछ छात्रों ने उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह कूद गया। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। उसके माता-पिता विदेश में थे और सोमवार को लौटे।

मणिपुर के चुराचांदपुर में इंटरनेट सेवाओं पर रोक 26 तक बढ़ी
मणिपुर सरकार ने चुराचांदपुर जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति के मद्देनजर इंटरनेट सेवाओं पर रोक 26 फरवरी तक बढ़ा दी है। चुराचांदपुर में 15 फरवरी को हिंसा भड़कने के बाद 16 फरवरी को इंटरनेट सेवाओं पर अस्थाई तौर पर रोक लगाई गई थी। वहीं, हिंसा के चलते मणिपुर में 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में छात्रों की संख्या 5,000 घटकर 31,000 रह गई है। पिछले साल 36,000 से अधिक छात्र थे।

ओडिशा के पूर्व मंत्री प्रदीप कुमार भाजपा में शामिल
बीजू जनता दल (बीजद) से निष्कासित गोपालपुर विधायक और ओडिशा के पूर्व मंत्री प्रदीप कुमार पाणिग्रही चार साल बाद बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा प्रमुख मनमोहन सामल की उपस्थिति में पाणिग्रही पार्टी में शामिल हुए। नौकरशाह से नेता बने वीके पांडियन के आलोचक माने जाने वाली पाणिग्रही को जनविरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण 2020 में बीजू जनता दल से निष्कासित कर दिया गया था।

एनएचआरसी का प. बंगाल सरकार, डीजीपी को नोटिस
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने अशांत संदेशखाली में जारी हिंसा के कारण निरंतर मानवाधिकार उल्लंघन का आरोप लगाने वाली रिपोर्टों पर बंगाल सरकार और राज्य के पुलिस प्रमुख को नोटिस भेजा है। अधिकारियों ने कहा, मामले की गंभीरता को देखते हुए, आयोग ने संदेशखाली में मानवाधिकारों के उल्लंघन की घटनाओं की मौके पर जांच करके तथ्यों का पता लगाने के लिए अपनी टीम तैनात करने का भी फैसला किया है। कि टीम का नेतृत्व एनएचआरसी के एक सदस्य की ओर से किया जाएगा, जिनकी सहायता पैनल के अधिकारी करेंगे। एनएचआरसी ने प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रिपोर्टों का स्वत: संज्ञान लिया है। 

इस बार भी 14 विदेशी शहरों में होगी नीट-यूजी
पिछले साल की तरह ही मेडिकल स्नातक प्रवेश परीक्षा नीट यूजी-2024 12 देशों के 14 शहरों में करवाई जाएगी। नेशनल मेडिकल काउंसिल विदेशों में इस परीक्षा का आयोजन नहीं करवाना चाहती थी, लेकिन इन 12 देशों की सरकारों की मांग पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस बार भी भारत से बाहर परीक्षा केंद्र बनाने का फैसला किया है। वहीं, पूरे भारत में 554 केंद्रों पर यह प्रवेश परीक्षा होगी। एनटीए के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नीट यूजी 2024 का आयोजन पहले इस साल सिर्फ भारत में ही करवाने का फैसला लिया था। लेकिन विदेशों से लगातार मांग के बाद केंद्र की दखल पर स्वास्थ्य मंत्रालय ने बदलाव करने का फैसला लिया है। दरअसल विदेशों के इन 14 शहरों में भारतीय मूल के लोगों की संख्या अधिक है। देश के बाहर दुबई, अबू धाबी, शारजाह (यूएई), कुवैत, बैंकॉक (थाईलैंड), कोलंबो (श्रीलंका), दोहा (कतर), काठमांडो (नेपाल), कुआलालंपुर (मलयेशिया), लागोस (नाइजीरिया), मनामा (बहरीन), मस्कट (ओमान), रियाद (सऊदी अरब) और सिंगापुर में भी परीक्षा होगी। भारत में केंद्र चुनने वाले चाहें तो बदल सकते हैं विदेश का विकल्प : अधिकारी ने बताया कि ऐसे विद्यार्थी, जिन्होंने पहले ही भारत में परीक्षा केंद्र का चयन कर लिया हो और फीस भी जमा करा दी हो, लेकिन वह विदेश में परीक्षा देना चाहते हों तो उन्हें यह अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रेशन विंडो बंद होने के बाद जब सुधार विंडो खुलेगी तब छात्र भारत के बाहर परीक्षा केंद्र के चयन में बदलाव कर सकते हैं। ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed