Updates: गुजरात में ट्रक ने मारी ऑटो रिक्शा और कार को टक्कर, दोनों हादसों में 11 की मौत; ट्रक चालक फरार
गुजरात के दाहोद और सुरेंद्रनगर जिलों में मंगलवार सुबह दो सड़क हादसे हुए। दोनों हादसों में 11 लोगों की मौत। दाहोद में ट्रक ने ऑटो रिक्शा को मारी टक्कर। वहीं सुरेंद्रनगर में ट्रक की कार से भिड़ंत, ट्रक चालक फरार।
विस्तार
गुजरात के दाहोद और सुरेंद्रनगर जिलों में मंगलवार सुबह दो सड़क हादसे हुए। अलग-अलग जगहों पर हुए हादसों में एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत 11 लोगों की मौत हो गई। इन हादसों की जानकारी गुजरात पुलिस ने दी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक दाहोद जिले में सुबह करीब साढ़े छह बजे गरबाडा- अलीराजपुर राजमार्ग पर ट्रक और ऑटो रिक्शा की जोरदार टक्कर हुई। जिसमें छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गरबाडा पुलिस स्टेशन के पुलिस अधिकारी ने कहा कि कुछ स्थानीय लोग काम से राजकोट गए थे। वहां से वापस लौटते वक्त यह बड़ा हादसा हुआ। छह मृतकों में एक महिला शामिल है,वहीं ऑटो रिक्शा चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
ट्रक ने कार को मारी जोरदार टक्कर
वहीं गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में भी सुबह सड़क हादसा हुआ। लखतार शहर के पास एक ट्रक ने एक कार में जोरदार टक्कर मारी। हादसे में कार में सवार एक दंपति और उनकी दो बेटियों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी में बताया गया कि कि यह हादसा सुबह करीब साढ़े सात बजे जमर गांव के पास हुई। कार सवार लोग एक मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। मृतकों में एक दंपति, उनकी दो बेटियां और कार चालक शामिल है। वहीं एक बेटी और बेटे को गंभीर चोटें आई । जिनका राजकोट स्थित अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद ट्रक चालक अपना वाहन छोड़कर भाग गया। अधिकारी ने बताया कि उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
क्लोरीन गैस के लीक होने से 16 लोग बीमार
महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में क्लोरीन गैस लीक होने से 16 लोग बीमार हो गए। मंगलवार को नगर निगम द्वारा संचालित स्विमिंग पूल में क्लोरीन गैस लीक हो गई थी। इसकी जानकारी अग्निशमन अधिकारी द्वारा दी गई। जानकारी के अनुसार, सुबह तकरीबन नौ बजे कसारवाड़ी इलाके में नगर निगम के स्विमिंग पूल में एक सिलेंडर से गैस लीक हो गई थी। सभी प्रभावित लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शिंदे गुट ने दशहरा रैली के लिए दाखिल आवेदन वापस लिया
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने दशहरे पर यहां शिवाजी पार्क मैदान में रैली आयोजित करने की अनुमति मांगने के लिए बीएमसी में दाखिल अपना आवेदन वापस लेने का फैसला किया है। शिवसेना के विधायक सदा सरवनकर ने लिखा कि सत्तारूढ़ दल शिंदे के निर्देश पर आवेदन वापस ले रहा है। इससे पहले बीएमसी के एक अधिकारी ने कहा कि सत्तारूढ़ दल और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली विपक्षी शिवसेना (यूबीटी) ने बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) को अलग-अलग आवेदन देकर दादर के विशाल मैदान में अपनी दशहरा रैली आयोजित करने की अनुमति मांगी है।
डीआरआई ने नागपुर के पास ट्रक से 520 किलोग्राम गांजा जब्त किया
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने महाराष्ट्र के नागपुर शहर के पास एक ट्रक से 1.04 करोड़ रुपये मूल्य का 520 किलोग्राम गांजा जब्त किया। इस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। सोमवार सुबह ट्रक को बोरखेड़ी टोल नाके पर रोका गया था।
खिलौना बेचने वाले की बेटी का अपहरण
मुंबई के एक इलाके से कुछ लोगों ने सुबह तीन बजे के आसपास खिलौना बेचने वाले की बेटी का अपहरण कर लिया। 26 सितंबर को कुरार पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 363, 370 के तहत मामला दर्ज किया गया था। डीसीपी स्मिता पाटिल ने बताया कि हमारे पास लड़की की कोई तस्वीर नहीं थी। हमारी करीब 9-10 टीमें इसमें लगाई गईं। हर जगह रेलवे स्टेशन और बस स्टॉप पर जांच शुरू हुई। 12 घंटे के अंदर लड़की दादर रेलवे पुलिस स्टेशन के आसपास मिल गई। कोई उसे वहां छोड़ गया था। जब हमने बैकट्रेस किया तो हमारी टीम ने कुछ आरोपियों का पता लगाया और चार आरोपियों को गिरफ्त में ले लिया।
हैदराबाद में 3.35 करोड़ रुपये की हवाला नकदी जब्त
हैदराबाद में मंगलवार को चार लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 3.35 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी जब्त की गई। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) जोएल डेविस ने कहा कि बंजारा हिल्स में स्थानीय पुलिस के साथ आयुक्त के टास्क फोर्स उत्तरी क्षेत्र के अधिकारियों द्वारा वाहन जांच के दौरान अधिकारियों को एक कार से 3.35 करोड़ रुपये की नकदी मिली। पूछताछ करने पर कार में सवार चारों लोगों ने बताया कि वे हवाला राशि इकट्ठा करते थे और यहां विभिन्न स्थानों पर पहुंचाते थे। उन्होंने बताया कि एक करोड़ रुपये पहुंचाने के लिए वे 25,000 रुपये कमीशन लेते थे।